MI vs DC IPL 2022: मुंबई ने दिल्ली को 5 विकेट से हराकर किया IPL से बाहर, बैंगलोर बनी प्लेआफ में पहुंचने वाली चौथी टीम
MI vs DC IPL 2022 इंडियन प्रीमियर लीग के 69वें मैच में मुंबई ने दिल्ली को हराकर आइपीएल से बाहर कर दिया है। जीत के लिए मुंबई के सामने 160 रनों का लक्ष् ...और पढ़ें

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। Mumbai Indian vs Delhi Capitals IPL 2022: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर आइपीएल 2022 के 69वें मैच में मुंबई ने दिल्ली को 5 विकेट से हराकर आइपीएल से बाहर कर दिया है। इसके साथ ही आरसीबी की टीम प्लेआफ में पहुंच गई है। मुंबई के सामने जीत के लिए 160 रनों का लक्ष्य था जिसे उसने 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। मुंबई की तरफ से इशान किशन ने 48, डेवाल्ड ब्रेविस ने 37 और टिम डेविड ने 34 रन की विस्फोटक पारी खेली।
इससे पहले मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने इस मैच में टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दिल्ली की टीम ने पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 159 रन बनाए। दिल्ली की तरफ से रोवमैन पावेल ने 43 और रिषभ पंत ने 39 रनों की पारी खेली।
मुंबई की पारी, रोहित सस्ते में आउट
160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की तरफ से पारी की शुरुआत कप्तान रोहित शर्मा और इशान किशन ने की लेकिन जल्द ही टीम ने 25 रन के स्कोर पर रोहित शर्मा का विकेट खो दिया। उन्हें 2 रन के निजी स्कोर पर नार्खिया ने शार्दूल ठाकुर के हाथों कैच करवाया। दूसरे विकेट के लिए ब्रेविस और किशन ने 51 रन जोड़े लेकिन 48 के निजी स्कोर पर किशन को कुलदीप यादव ने वार्नर के हाथों कैच करा दिया। तीसरा झटका डेवाल्ड ब्रेविस के रूप में लगा जिन्हें 37 के निजी स्कोर पर शार्दूल ठाकुर ने क्लीन बोल्ड कर दिया। चौथा झटका टिम डेविड के रूप में लगा, उन्हें 34 के निजी स्कोर पर शार्दूल ने पृथ्वी के हाथों कैच कराया। मुंबई को 5वां झटका तिलक वर्मा के रूप में लगा जिन्हें नार्खिया ने पंत के हाथों कैच कराया।
दिल्ली की पारी, रिषभ पंत ने बनाए 39 रन
मुंबई के खिलाफ इस अहम मैच में दिल्ली के ओपनर डेविड वार्नर ने बेहद निराश किया और सिर्फ 5 रन के स्कोर पर डेनियल सैम्स की गेंद पर बुमराह के हाथों कैच आउट हुए। इसके बाद मिचेल मार्श को बुमराह ने गोल्डन डक पर आउट करके दिल्ली को दूसरा झटका दे दिया। पृथ्वी शा ने 23 गेंदों पर 24 रन की पारी खेली और बुमराह की गेंद पर ईशान किशन को कैच थमा बैठे। सरफराज खान मयंक मार्कंडे की गेंद पर 10 रन बनाकर कैच आउट हो गए। रिषभ पंत ने 33 गेंदों पर 39 रन की पारी खेली और रमनदीप सिंह की गेंद पर आउट हुए। रोवमैन पावेल ने 43 रन की पारी खेली और बुमराह ने उन्हें बोल्ड कर दिया। शार्दुल ठाकुर ने 4 रन बनाए और रमनदीप सिंह की गेंद पर आउट हो गए।
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), डेनियल सैम्स, तिलक वर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, टिम डेविड, रमनदीप सिंह, ऋतिक शौकीन, जसप्रीत बुमराह, रिले मेरेडिथ, मयंक मार्कंडे।
दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन
पृथ्वी शा, डेविड वार्नर, मिशेल मार्श, रिषभ पंत (कप्तान व विकेटकीपर), सरफराज खान, रोवमैन पावेल, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, एनरिक नार्त्जे, खलील अहमद।
मुंबई ने दो जबकि दिल्ली ने किया एक बदलाव
दिल्ली के खिलाफ इस मैच के लिए मुंबई ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव करते हुए डेवाल्ड ब्रेविस और ऋतिक शौकीन को टीम में शामिल किया। वहीं दिल्ली की टीम ने ललित यादव की जगह पृथ्वी शा को टीम में जगह दी। मुंबई ने अपने आखिरी लीग मैच में भी अर्जुन तेंदुलकर को जगह नहीं दी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।