RCB Vs GT Highlights: आरसीबी अपने होमग्राउंड पर हुआ शर्मसार, बटलर के तूफान से गुजरात की शाही जीत
RCB vs GT Highlights: जोस बटलर (73*) की तूफानी पारी की बदौलत गुजरात टाइटंस ने बुधवार को आईपीएल 2025 के 14वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 13 गेंदें शेष रहते 8 विकेट से मात दी। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करके 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 169 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 17.5 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। जोस बटलर (73*) की तूफानी पारी की बदौलत गुजरात टाइटंस ने बुधवार को आईपीएल 2025 के 14वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 13 गेंदें शेष रहते 8 विकेट से मात दी।
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करके 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 169 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 17.5 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। गुजरात की यह तीन मैचों में दूसरी जीत रही जबकि आरसीबी की आईपीएल 2025 में पहली हार रही।
बटलर का तूफानी अर्धशतक
170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात को कप्तान शुभमन गिल (14) के रूप में लगा। भुवनेश्वर कुमार ने गिल को लिविंगस्टन के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद साई सुदर्शन (49) और जोस बटलर (73*) ने दूसरे विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी करके आरसीबी से मैच दूर कर दिया।
सुदर्शन अनलकी रहे कि अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर सके और हेजलवुड की गेंद पर जितेश शर्मा को कैच थमाकर पवेलियन लौट गए। बटलर ने 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और तूफानी बल्लेबाजी करते हुए गुजरात को जीत दिलाकर दम लिया।
रदरफोर्ड ने खेला विनिंग शॉट
बटलर को रदरफोर्ड (30*) का साथ मिला। बटलर ने 39 गेंदों में 5 चौके और 6 छक्के की मदद से नाबाद 73 रन बनाए। वहीं रदरफोर्ड ने 18 गेंदों में एक चौके और तीन छक्के की मदद से नाबाद 30 रन बनाए। रदरफोर्ड ने ही लांग लेग की दिशा में छक्का जड़कर गुजरात की जीत पर मुहर लगाई। आरसीबी की तरफ से जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार को एक-एक विकेट मिला।
मियां मैजिक ने आरसीबी का किया खस्ता हाल
पहले बल्लेबाजी करने वाली आरसीबी की शुरूआत खराब रही। अर्शद खान ने विराट कोहली (7) को लांग लेग पर प्रसिद्ध कृष्णा के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद मोहम्मद सिराज ने फिल सॉल्ट (14) और देवदत्त पडिक्कल (4) को बोल्ड करके आरसीबी को दबाव में डाल दिया। कप्तान रजत पाटीदार (12) भी कुछ खास नहीं कर सके और ईशांत शर्मा की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए।
लिविंगस्टन ने जड़ा अर्धशतक
इसके बाद लियाम लिविंगस्टन (54), जितेश शर्मा (33) और टिम डेविड (32) ने उपयोगी पारियां खेलकर आरसीबी को 169/8 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। लिविंगस्टन ने 40 गेंदों में एक चौके और पांच छक्के की मदद से 54 रन बनाए। लिविंगस्टन ने सभी छक्के राशिद खान की गेंदों में जमाए। जितेश ने 21 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 33 रन बनाए।
टिम डेविड ने 18 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 32 रन बनाए। उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा ने पारी की आखिरी गेंद पर बोल्ड किया। गुजरात टाइटंस की तरफ से मोहम्मद सिराज ने सबसे ज्यादा तीन विकेट झटके। साई किशोर को दो विकेट मिले। अर्शद खान, प्रसिद्ध कृष्णा और ईशांत शर्मा के खाते में एक-एक विकेट आया।
जोश हेजलवुड पारी का 18वां ओवर करने आए। रदरफोर्ड ने पहली गेंद पर सिंगल लिया। दूसरी गेंद पर बटलर ने रिवर्स स्कूप के सहारे विकेटकीपर के ऊपर से छक्का जमाया। तीसरी गेंद पर बटलर ने खेला बेहतरीन शॉट। इसकी जितनी तारीफ की जाए, उतनी कम। हेजलवुड की शॉर्ट गेंद पर बटलर ने मिडविकेट के ऊपर से छक्का जमाया। रदरफोर्ड ने पांचवीं गेंद पर छक्का जमाकर गुजरात की जीत पर मुहर लगाई। गुजरात टाइटंस ने 13 गेंदें शेष रहते 8 विकेट से मात दी।
भुवनेश्वर कुमार पारी का 17वां ओवर करने आए। भुवी ने शुरुआती चार गेंदों में केवल 2 रन दिए, लेकिन पांचवीं गेंद पर रदरफोर्ड ने लांग लेग के ऊपर से छक्का जमाया। आखिरी गेंद पर तेजी से बल्लेबाज ने सिंगल लिया। इस ओवर में 9 रन बने।
17 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस का स्कोर 150/2। जोस बटलर 60* और शेरफेन रदरफोर्ड 23* रन बनाकर खेल रहे हैं।
रसिख दार पारी का 16वां ओवर करने आए। रदरफोर्ड ने पहली गेंद पर सिंगल लेकर स्ट्राइक बटलर को दी। तीसरी गेंद पर बटलर ने आगे बढ़कर शॉट खेला, लेकिन भाग्यशाली रहे कि मिडविकेट के फील्डर तक गेंद नहीं पहुंची। बल्लेबाज को एक रन मिला। बटलर ने फाइन लेग की दिशा में चौका जमाकर ओवर का अंत किया। इस ओवर में 7 रन बने।
16 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस का स्कोर 141/2। जोस बटलर 59* और शेरफेन रदरफोर्ड 15* रन बनाकर खेल रहे हैं।
लियाम लिविंगस्टन पारी का 15वां ओवर करने आए। जोस बटलर ने पांचवीं गेंद पर चौका जमाया। इसके बाद आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया। बटलर ने 31 गेंदों में चार चौके और चार छक्के की मदद से पचासा पूरा किया। इस ओवर में 12 रन बने।
15 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस का स्कोर 134/2। जोस बटलर 54* और शेरफेन रदरफोर्ड 13* रन बनाकर खेल रहे हैं।
जोश हेजलवुड पारी का 13वां ओवर करने आए। तीसरी गेंद पर हेजलवुड ने आरसीबी को बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने साई सुदर्शन को विकेटकीपर जितेश के हाथों कैच आउट कराया। दरअसल, हेजलवुड की लेंथ बॉल पर सुदर्शन स्कूप शॉट खेलने गए, लेकिन उनकी टाइमिंग अच्छी नहीं रही। जितेश शर्मा ने आसान कैच लपका। सुदर्शन ने 36 गेंदों में सात चौके और एक छक्के की मदद से 49 रन बनाए। शेरफेन रदरफोर्ड इंपैक्ट प्लेयर के रूप में क्रीज पर आए। उन्हें ईशांत शर्मा की जगह मौका मिला। रदरफोर्ड ने आखिरी गेंद पर चौका जमाकर ओवर का अंत किया। इस ओवर में 6 रन बने और एक विकेट आया।
13 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस का स्कोर 111/2। जोस बटलर 40* और शेरफेन रदरफोर्ड 4* रन बनाकर खेल रहे हैं।
क्रुणाल पांड्या पारी का 12वां ओवर करने आए। जोस बटलर ने दूसरी गेंद पर मिडविकेट के स्टैंड्स में गेंद को भेजा। चौथी गेंद पर सुदर्शन ने मिडविकेट की दिशा में चौका जमाया। पांचवीं गेंद पर सुदर्शन ने मिडविकेट की दिशा में चौका जमाया, लेकिन इसे रोकने के प्रयास में विराट कोहली चोटिल हो गए। उनकी अंगुली में तगड़ी चोट लगी। इस ओवर में 17 रन बने।
12 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस का स्कोर 105/1। साई सुदर्शन 48* और जोस बटलर 39* रन बनाकर खेल रहे हैं।
यश दयाल पारी का 11वां ओवर करने आए। बटलर ने तीसरी गेंद पर प्वाइंट के पास से शानदार चौका जमाया। इस ओवर में 5 रन बने।
11 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस का स्कोर 88/1। साई सुदर्शन 38* और जोस बटलर 32* रन बनाकर खेल रहे हैं।
क्रुणाल पांड्या पारी का 10वां ओवर करने आए। साई सुदर्शन ने तीसरी गेंद पर मिडविकेट की दिशा में शानदार बाउंड्री जमाई। इसके बाद अगली दो गेंदों में सुदर्शन-बटलर ने सिंगल लेकर स्ट्राइक रोटेट की। इस ओवर में 7 रन बने।
10 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस का स्कोर 82/1। साई सुदर्शन 37* और जोस बटलर 27* रन बनाकर खेल रहे हैं।
रसिख दार पारी का 9वां ओवर करने आए। जोस बटलर ने दूसरी गेंद पर आगे बढ़कर मिडविकेट की दिशा में शॉट खेलकर बाउंड्री जमाई। तीसरी गेंद पर बटलर भाग्यशाली रहे और छह रन पा लिए। बटलर आगे बढ़े और गेंद उनके बल्ले के ऊपरी हिस्से पर लगकर थर्ड मैन की दिशा में छक्के के लिए गई। दार को छोटी गेंद डालना महंगा पड़ गया। बटलर ने पांचवीं गेंद पर स्क्वायर लेग की दिशा में छक्का जड़ा। आखिरी गेंद पर बटलर ने सिंगल लेकर स्ट्राइक अपने पास रखी। इस ओवर में 18 रन बने।
9 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस का स्कोर 75/1। जोस बटलर 26* और साई सुदर्शन 32* रन बनाकर खेल रहे हैं।
यश दयाल पारी का आठवां ओवर करने आए। सुदर्शन ने दूसरी गेंद पर प्वाइंट के पास से दमदार चौका जमाया। पांचवीं गेंद पर सुदर्शन ने सिंगल लिया। इस ओवर में 5 रन बने।
8 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस का स्कोर 57/1। साई सुदर्शन 31* और जोस बटलर 9* रन बनाकर खेल रहे हैं।
रसिख दार पारी का सातवां ओवर करने आए। जोस बटलर ने दो गेंदें डॉट खेली और फिर तीसरी गेंद पर सिंगल लिया। सुदर्शन ने चौथी गेंद पर लांग ऑन और मिडविकेट के बीच में चौका जमाया। पांचवीं गेंद पर सुदर्शन ने थर्ड मैन की दिशा में शॉट खेलकर सिंगल लिया। आखिरी गेंद पर बटलर ने फाइन लेग की दिशा में चौका जमाया। इस ओवर में 10 रन बने।
7 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस का स्कोर 52/1। साई सुदर्शन 26* और जोस बटलर 9* रन बनाकर खेल रहे हैं।
शुभमन गिल पांचवें ओवर की चौथी गेंद पर आउट हो गए हैं। भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में गिल को लिविंगस्टन ने लपक लिया और इसी के साथ गुजरात का पहला विकेट गिरा दिया।
लिविंगस्टन- 14 रन, 14 गेंद 1x4 1x6
गुजरात टाइटंस की पारी के 4 ओवर पूरे हो चुके हैं। शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने विकेट नहीं गिरने दिया, लेकिन दोनों ने धीमी शुरूआत की। सुदर्शन ने जोश हेजलवुड द्वारा किए पारी के चौथे ओवर में एक छक्का और एक चौका जमाकर गुजरात की रनगति को बढ़ाया।
4 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस का स्कोर 26/0। साई सुदर्शन 15* और शुभमन गिल 8* रन बनाकर खेल रहे हैं।
भुवनेश्वर कुमार पारी का पहला ओवर करने आए। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने शानदार गेंदें डाली और गुजराती बल्लेबाजों को बाउंड्री जमाने का कोई मौका नहीं दिया। हालांकि, इस ओवर में बल्लेबाज 5 रन निकालने में कामयाब रहे।
1 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस का स्कोर 5/0। शुभमन गिल 1* और साई सुदर्शन 2* रन बनाकर खेल रहे हैं।
आरसीबी की पारी खत्म हो गई है। 20 ओवरों में इस टीम ने आठ विकेट खोकर 169 रन बनाए हैं। टिम डेविड ने आखिरी ओवरों में दमदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को यहां तक पहुंचाया।
आरसीबी का एक और विकेट गिर गया है। 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर सिराज ने उन्हें विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच कराया।
लिविंगस्टन ने 18वां ओवर लेकर आए राशिद खान की जमकर कुटाई कर दी। इस ओवर में उन्होंने तीन छक्के मारे। इस ओवर में कुल 20 रन आए। 18 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर छह विकेट के नुकसान पर 149 रन है।
आर साई किशोर पारी का 15वां ओवर करने आए। उन्होंने दूसरी गेंद पर क्रुणाल पांड्या को पवेलियन की राह दिखाते हुए आरसीबी को छठा झटका दिया। किशोर ने शॉर्ट लेंथ की गेंद डाली, जिस पर क्रुणाल क्रॉस शॉट खेलने गए। मगर गेंद उनके बल्ले के ऊपरी हिस्से पर लगकर गेंदबाज के हाथों में गई। बेहद आसान विकेट। क्रुणाल पांड्या ने 5 गेंदों में एक चौके की मदद से 5 रन बनाए। इस ओवर में 2 रन बने और एक विकेट आया।
15 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 105/6। लियाम लिविंगस्टन 24* और टिम डेविड 1* रन बनाकर खेल रहे हैं।
आर साई किशोर पारी का 13वां ओवर करने आए। उन्होंने चौथी गेंद पर जितेश शर्मा को लांग ऑन पर राहुल तेवतिया के हाथों कैच आउट कराया। क्रुणाल पांड्या क्रीज पर आए। इस ओवर में 3 रन बने और एक विकेट आया।
13 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 94/5। क्रुणाल पांड्या 0* और लियाम लिविंगस्टन 18* रन बनाकर खेल रहे हैं।
राशिद खान पारी का 12वां ओवर करने आए। लिविंगस्टन ने ओवर की तीसरी गेंद पर डीप स्क्वायर लेग की दिशा में शानदार छक्का जमाया। आखिरी गेंद पर जितेश ने शॉर्ट फाइन लेग की दिशा में चौका जमाया। इस ओवर में 11 रन बने।
12 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 91/4। जितेश शर्मा 32* और लियाम लिविंगस्टन 17* रन बनाकर खेल रहे हैं।
राहुल तेवतिया ने 11वें ओवर की पांचवीं गेंद पर लियम लिविंगस्टन को जीवनदान दे दिया। साई किशोर की गेंद पर आरसीबी के बल्लेबाज ने बहुत लंबा शॉट मारा और गेंद गई लॉन्ग ऑन पर खड़े तेवतिया के हाथों में जो कैच पकड़ने में असफल रहे। 11 ओवरों के बाद आरसीबी का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 80 रन।
ईशांत शर्मा पारी का 9वां ओवर करने आए। जितेश शर्मा ने दूसरी गेंद पर लांग ऑन के ऊपर से छक्का जमाया। फिर चौथी गेंद पर जितेश शर्मा ने बैकवर्ड प्वाइंट के पास से चौका जमाया। आखिरी गेंद पर थर्ड मैन की दिशा में जितेश शर्मा ने चौका जमाया। इस ओवर में 17 रन बने।
9 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 66/4। जितेश शर्मा 22* और लियाम लिविंगस्टन 2* रन बनाकर खेल रहे हैं।
प्रसिद्ध कृष्णा पारी का आठवां ओवर करने आए। पहली गेंद पर लिविंगस्टन ने सिंगल लिया। इसके बाद प्रसिद्ध ने जितेश शर्मा को हाथ खोलने का कोई मौका नहीं दिया और सभी गेंदें डॉट डाली। इस ओवर में 1 रन बना।
8 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 49/4। जितेश शर्मा 6* और लियाम लिविंगस्टन 1* रन बनाकर खेल रहे हैं।
ईशांत शर्मा पारी का सातवां ओवर करने आए। रजत पाटीदार ने पहली गेंद पर मिड ऑफ के ऊपर से शानदार चौका जमाया। शर्मा ने शानदार कमबैक किया और अगली गेंद पर रजत पाटीदार को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। शर्मा ने इनस्विंग गेंद डाली, जिसमें स्टंप्स के सामने फंसे हुए पाए गए रजत पाटीदार। आरसीबी के कप्तान ने 12 गेंदों में दो चौके की मदद से 12 रन बनाए। जितेश शर्मा क्रीज पर आए। पांचवीं गेंद पर जितेश ने पुल शॉट खेलकर फाइन लेग की दिशा में बाउंड्री हासिल की। आखिरी गेंद पर जितेश ने थर्ड मैन की दिशा में शॉट खेलकर दो रन लिए। इस ओवर में 10 रन बने और एक विकेट आया।
7 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 48/4। जितेश शर्मा 6* और लियाम लिविंगस्टन 0* रन बनाकर खेल रहे हैं।
प्रसिद्ध कृष्णा पावरप्ले का आखिरी ओवर करने आए। बेहतरीन गेंदबाजी। आरसीबी पर दबाव साफ झलकता हुआ। पावरप्ले के आखिरी ओवर में केवल 3 रन हासिल कर सके।
6 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 38/3। रजत पाटीदार 8* और लियाम लिविंगस्टन 0* रन बनाकर खेल रहे हैं।
गुजरात टाइटंस तो आरसीबी के घर में हल्ला बोल रही है। मोहम्मद सिराज ने पारी के पांचवें ओवर में फिल सॉल्ट को आउट करके आरसीबी को बैकफुट पर धकेल दिया है। सिराज ने फुल लेंथ की गेंद डाली, जिस पर सॉल्ट ने शॉट खेलना चाहा, लेकिन पूरी तरह चूक गए। फिल सॉल्ट ने 13 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से 14 रन बनाए। लियाम लिविंगस्टन क्रीज पर आए। इस ओवर में 8 रन बने और एक विकेट आया।
5 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 35/3। रजत पाटीदार 6* और लियाम लिविंगस्टन 0* रन बनाकर खेल रहे हैं।
मोहम्मद सिराज पारी का तीसरा ओवर करने आए। उन्होंने दूसरी गेंद पर आरसीबी को तगड़ा झटका दिया। सिराज ने मिडिल लेग लाइन पर गेंद डाली, जो पिच पर लगने के बाद हल्की सी स्विंग हुई और पडिक्कल के ऑफ साइड के स्टंप को ले उड़ी। देवदत्त पडिक्कल ने 3 गेंदों में एक चौके की मदद से 4 रन बनाए। पडिक्कल के बाद कप्तान रजत पाटीदार क्रीज पर आए। इस ओवर में 3 रन बने और एक विकेट आया।
3 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 15/2। फिल सॉल्ट 2* और रजत पाटीदार 0* रन बनाकर खेल रहे हैं।
अर्शद खान पारी का दूसरा ओवर करने आए। उन्होंने चौथी गेंद पर आरसीबी को तगड़ा झटका दिया। अर्शद ने शॉर्ट लेंथ बॉल पर विराट कोहली को लांग लेग पर प्रसिद्ध कृष्णा के हाथों कैच आउट कराया। विराट कोहली ने 6 गेंदों में एक चौके की मदद से 7 रन बनाए। उनके आउट होने पर देवदत्त पडिक्कल आए, जिन्होंने पहली गेंद पर कवर ड्राइव के सहारे बाउंड्री जमाई। इस ओवर में 6 रन बने और एक विकेट आया।
2 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 12/1। देवदत्त पडिक्कल 4* और फिल सॉल्ट 1* रन बनाकर खेल रहे हैं।
मोहम्मद सिराज ने पारी का पहला ओवर डाला। सिराज की दूसरी गेंद पर कोहली ने एक्स्ट्रा कवर्स की दिशा में चौका जमाया। इसी ओवर में पांचवीं गेंद पर जोस बटलर ने फिल सॉल्ट का आसान कैच टपका दिया। इस ओवर में 6 रन बने।
1 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 6/0। विराट कोहली 5* और फिल सॉल्ट 1* रन बनाकर खेल रहे हैं।
फिल सॉल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टन, जितेश शर्मा, टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, यश दयाल।
बेंच - सुयष शर्मा, रसिख दार, मनोज भानडागे, जैकब बेथेल और स्वप्निल सिंह।
शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, अर्शद खान, राशिद खान, आर साई किशोर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और ईशांत शर्मा।
बेंच - शेरफेन रदरफोर्ड, ग्लेन फिलिप्स, अनुज रावत, महिपाल लोमरोर, वॉशिंगटन सुंदर।
गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीता है और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। गुजरात ने एक बदलाव किया है। कगिसो रबाडा बाहर गए हैं और अरशद खान की टीम में एंट्री हुई है। आरसीबी बिना बदलाव के साथ उतरी है।
बेंगलुरू के एम. चिन्नस्वामी स्टेडियम में आज मेजबान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू का सामना गुजरात टाइटंस से होना है। इस मैच को किंग बनाम प्रिंस के मुकाबले के तौर पर देखा जा रहा है। मौजूदा समय में भारतीय क्रिकेट के किंग कहे जाने वाले विराट कोहली प्रिंस कहे जाने वाले शुभमन गिल के सामने होंगे। इस मैच में किसका बल्ला ज्यादा रन उगलता है और किस टीम को जीत मिलती है, इस पर सभी की नजरें हैं।