Cricket Round Up: ऑस्ट्रेलिया पर भारी भारत ए, महिला ए और अंडर-19 टीमें, लक्ष्य ने दोहरा शतक जड़कर लूटी महफिल
भारतीय अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम को एक पारी और 48 रन से मात दी। इसके अलावा भारत ए और भारतीय महिला ए टीमों ने भी दमदार प्रदर्शन किया।

लक्ष्य रायचंदानी (Pic Credit- X)
HighLights
भारत ए ने ऑस्ट्रेलिया ए को पहले दिन बैकफुट पर धकेला
भारत ए महिला टीम की बैटर्स ने दमदार प्रदर्शन किया
भारतीय अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया को पारी और 48 रन से रौंदा
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। पुडुचेरी में चल रहे भारत ए बनाम ऑस्ट्रेलिया ए दूसरे अनौपचारिक टेस्ट मैच के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट खोकर 287 रन बना लिए हैं। मेहमान टीम के लिए सैम हार्पर 101 रन बनाकर नाबाद हैं जबकि भारत के लिए शम्स मुलानी और नचिकेत भूटे ने तीन-तीन विकेट लिए।
दूसरी ओर मोहाली में चल रहे भारत महिला ए और ऑस्ट्रेलिया महिला ए टीमों के इकलौते अनौपचारिक टेस्ट के पहले दिन भारतीय टीम ने नौ विकेट गंवाकर 351 रन बना लिए हैं। तनीषा सिंह ने 92 रन की पारी खेली जबकि निकी प्रसाद 78 के निजी स्कोर पर नाबाद हैं।
शुभा सतीश ने भी 59 रन का योगदान दिया। प्रिया पुनिया ने 46 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए निकी नाट और लिली मिल्स ने तीन-तीन विकेट लिए।
राजकोट में खत्म हुए भारत अंडर-19 और ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 बहुदिवसीय मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पारी और 48 रन से रौंद दिया। इससे पहले भारतीय युवाओं ने यूथ वनडे सीरीज भी 3-0 से जीती थी।
बहुदिवसीय मैच में भारतीय टीम ने 277 रन की बढ़त लेकर पहले ही मैच का नतीजा अपने पक्ष में कर लिया था। लक्ष्य रायचंदानी की 240 रन की पारी की बदौलत भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 494 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 217 और 229 रन ही बना पाई।
