IND A vs AUS A: भारत ने कंगारुओं की घर बुलाकर की फजीहत, कुमार कुशाग्र और शम्स मुलानी ने लूटी महफिल
भारत ए ने शुक्रवार को पहले अनाधिकृत टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ए को 162 रन से हरा दिया। भारत की जीत में कुमार कुशाग्र और शम्स मुलानी चमके।

शम्स मुलानी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। कुमार कुशाग्र (113 और 46*) व गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ए ने शुक्रवार को पहले अनाधिकृत टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ए को 162 रन से हरा दिया। पुडुचेरी में खेले गए मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया को 200 रन पर समेटकर जीत अपने नाम की। भारत ने दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।
भारत की जीत में कुमार कुशाग्र और शम्स मुलानी चमके। कुशाग्र को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। याद दिला दें कि भारत ए ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करके पहली पारी में 334 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ए की पहली पारी 171 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
इस तरह मेजबान टीम को पहली पारी के आधार पर 163 रन की बढ़त मिली थी। भारत की दूसरी पारी 199 रन पर सिमटी और इस तरह कंगारू टीम के सामने जीत के लिए 363 रन का लक्ष्य रहा।
बता दें कि चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पारी 55/2 के स्कोर से आगे बढ़ाई। मुलानी और देशपांडे ने कहर बरपाते हुए महज 145 रन में शेष ऑस्ट्रेलियाई पारी समेट दी।
भारतीय गेंदबाजों का लाजवाब प्रदर्शन
ध्यान हो कि ऑस्ट्रेलियाई टीम 363 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी। चौथे दिन अंशुल कंबोज ने नाथन मैक्स्वीनी (35) को मोखड़े के हाथों कैच आउट कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई। जल्द ही कंबोज ने कंगारू कप्तान पीटर हैंड्सकोंब (16) को बोल्ड करके ऑस्ट्रेलिया ए को बैकफुट पर धकेल दिया।
फिर तुषार देशपांडे ने 37वें ओवर में मेहमान टीम को लगातार दो गेंदों पर दो झटके दिए। देशपांडे ने तीसरी गेंद पर जोश फिलिप (7) को बोल्ड किया। अगली ही गेंद पर उन्होंने लियाम स्कॉट को क्लीन बोल्ड करके भारत को ड्राइविंग सीट पर ला खड़ा किया। स्कॉट खाता नहीं खोल पाए।
मुलानी ने घेरा
ऑस्ट्रेलिया ए के पुछल्ले बल्लेबाजों को समेटने का काम शम्स मुलानी ने किया। बाएं हाथ के स्पिनर ने फर्गस ओ नील (47) को मोखड़े के हाथों कैच आउट कराया। अपने अगले ओवर में उन्होंने टॉड मर्फी (17) को साई सुदर्शन के हाथों कैच आउट कराया। फिर ब्रेंडन डॉगेट (3) को शेख राशिद के हाथों कैच आउट कराकर भारत की जीत पर मुहर लगाई।
भारत ए की तरफ से तुषार देशपांडे और शम्स मुलानी ने तीन-तीन विकेट झटके। अंशुल कंबोज और तनुष कोटियान को दो-दो सफलता मिली। प्लेयर ऑफ द मैच कुमार कुशाग्र ने मैच में कुल 159 रन बनाए। दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा व अंतिम टेस्ट 29 सितंबर से शुरू होगा।
