IND A vs AUS A: कुमार कुशाग्र के शतक के बाद शम्स मुलानी ने बरपाया कहर, ऑस्ट्रेलिया ए पर भारत ए ने कसा शिकंजा
IND A vs AUS A Day-2 Highlights: भारत ए ने ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ पहले अनाधिकृत टेस्ट के दूसरे दिन ...और पढ़ें

शम्स मुलानी और कुमार कुशाग्र

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। कुमार कुशाग्र (113) के शतक के बाद शम्स मुलानी (4 विकेट) की उम्दा गेंदबाजी की बदौलत भारत ए ने बुधवार को ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ पहले अनाधिकृत टेस्ट के दूसरे दिन अपना शिकंजा कस लिया है।
पुडुचेरी में खेले जा रहे मुकाबले में भारत ए की पहली पारी 117.3 ओवर में 334 रन पर सिमटी। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ए की पारी 55.3 ओवर में 171 रन पर ढेर हो गई। भारत ए को पहली पारी के आधार 163 रन की बढ़त हासिल है।
कुशाग्र ने जड़ा शतक
भारत ए ने दूसरे दिन अपनी पारी 257/5 के स्कोर से आगे बढ़ाई। डोगेट ने ऑस्ट्रेलिया को तनुष कोटियान (69) के रूप में दिन की पहली सफलता दिलाई। इसके बाद कुमार कुशाग्र वापस लौटे, जो कल 82 रन बनाने के बाद रिटायर्ड हुए थे।
कुशाग्र ने एक छोर से खेलते हुए अपना शतक पूरा किया और भारत ए को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। कुशाग्र ने 240 गेंदों में 12 चौके की मदद से 113 रन बनाए। उन्हें रोचिकसियोली ने बोल्ड किया। इसके अलावा शम्स मुलानी (18), अंशुल कंबोज (23) और तुषार देशपांडे (14) ने उपयोगी योगदान दिया।
ऑस्ट्रेलिया ए की तरफ से कोरी रोचिकसियोली ने सबसे ज्यादा चार विकेट चटकाए। टॉड मर्फी को तीन विकेट मिले। ब्रेंडन डोगेट, फर्गस ओ नील और लियाम स्कॉट को एक-एक सफलता मिली।
भारतीय गेंदबाजों का हल्ला बोल
ऑस्ट्रेलिया ए की शुरुआत अंशुल कंबोज ने बिगाड़ी। उन्होंने पारी के 9वें ओवर में ओपनर कैंबल केलावे (2) को एलबीडब्ल्यू आउट किया। जल्द ही हिंगे ने नाथन मैक्स्वीनी को बोल्ड करके भारत ए को दूसरी सफलता दिलाई। नाथन खाता खोले बिना पवेलियन लौटे।
ऑस्ट्रेलिया ए के कप्तान पीटर हैंड्सकोंब (8) को शम्स मुलानी ने क्लीन बोल्ड करके मेहमान टीम को तगड़ा झटका दिया। स्कोर 40 पर पहुंचा था कि तुषार देशपांडे ने ओपनर सैम कोंसटास (25) को एलबीडब्ल्यू आउट करके भारत को बड़ी सफलता दिलाई।
मुलानी ने बरपाया कहर
ऑस्ट्रेलियाई पारी शुरुआती झटकों से उबर नहीं सकी। ऑफ स्पिनर तनुष कोटियान ने जोश फिलिप (14) को देशपांडे के हाथों कैच आउट कराकर मेहमान टीम को पांचवां झटका दिया। बाएं हाथ के स्पिनर मुलानी ने लियाम स्कॉट (26) को विकेटकीपर कुमार कुशाग्र के हाथों की शोभा बनाया।
एक छोर पर डटे जेसन सांघा (46) को मुलानी ने कोटियान के हाथों कैच आउट कराकर अपना तीसरा शिकार बनाया। फिर फर्गस ओ नील (13) को देशपांडे ने क्लीन बोल्ड किया। टॉड मर्फी (12) को मुलानी ने पडिक्कल के हाथों कैच आउट कराया। ब्रेंडन डोगेट (13) को कोटियान ने बोल्ड करके ऑस्ट्रेलियाई पारी का अंत किया।
भारत ए की तरफ से शम्स मुलानी ने सबसे ज्यादा चार विकेट चटकाए। तुषार देशपांडे और तनुष कोटियान को दो-दो विकेट मिले। अंशुल कंबोज और प्रफुल हिंगे के खाते में एक-एक विकेट आया।
