विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND -A vs Nepal: तिलक-कुशाग्र ने बल्‍ले से उगली आग, राणा-प्रिंस ने गेंद से बरपाया कहर, भारत की नेपाल पर रिकॉर्ड जीत

Published: Fri, 20 Nov 2026 09:15 PM (GMT+05:30)

तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र की बल्लेबाजी और बाद में प्रिंस यादव और हर्षित राणा की दमदार गेंदबाजी की वजह से इंडिया ए ने नेपाल को 306 रनों से हरा दिया है।

भारत की शानदार जीत (फोटो-BCCI)

भारत की शानदार जीत (फोटो-BCCI)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पहले कुमार कुशाग्र और कप्तान तिलक वर्मा की शतकीय पारियों और बाद में प्रिंस यादव और हर्षित राणा की दमदार गेंदबाजी की वजह से भारत ने एसीसी मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के मुकाबले में शुक्रवार को नेपाल को 306 रनों से मात दे दी है।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल के सामने 333 रन का लक्ष्य रखा था। पहाड़ से लक्ष्य का पीछा करने उतरा नेपाल पहले ही ओवर से मैच से बाहर रहा। प्रिंस और राणा ने मिलकर नेपाल को सिर्फ 26 रन पर समेट दिया। भारत ने इसी के साथ मुकाबला अपने नाम किया और जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत की है।

प्रिंस-राणा के आगे नतमस्तक नेपाल

333 रनों के विशालकाय लक्ष्य का पीछा करने उतरे नेपाल ने प्रिंस और हर्षित के आगे घुटने टेक दिए। वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में प्रिंस ने सिर्फ छह रन देकर पांच विकेट झटके। वहीं हर्षित ने 16 रन देकर चार विकेट लिए।

नेपाल सिर्फ 11.3 ओवर में ही सिमट गया। राणा ने पहले ही ओवर में नेपाल को झटका दिया। इसके बाद अगले ओवर में प्रिंस ने दो विकेट चटकाए। फिर तीसरे ओवर में हर्षित ने एक और विकेट चटकाया।

दोनों ही गेंदबाजों ने नेपाल को सांस लेने का मौका नहीं दिया और पूरी टीम को सिर्फ 26 रनों पर ही समेट दिया। भारत ने ये मुकाबला आसानी से जीत लिया।

तिलक-कुशाग्र का शतक

इससे पहले कप्तान तिलक वर्मा और विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र के शानदार शतकों की मदद से भारत-ए ने नेपाल के सामने 333 रन का लक्ष्य रखा था। भारत-ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में नौ विकेट पर 332 रन बनाए।

नेपाल ने टॉस जीतकर भारत-ए को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी ने पारी की शुरुआत की। दोनों बल्लेबाजों ने संभलकर खेलते हुए पारी को आगे बढ़ाया।

नेपाल को पहली सफलता छठे ओवर में नंदन यादव ने दिलाई। उन्होंने अभिषेक शर्मा को पवेलियन भेजा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए आयुष बडोनी भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और सिर्फ दो रन बनाकर आउट हो गए।

वैभव ने 32 गेंदों में 26 रन बनाए। उन्हें 11वें ओवर में पवन सर्राफ ने आउट किया। इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने पारी को संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 206 रन की शानदार साझेदारी कर भारत-ए को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

कुशाग्र ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 102 गेंदों में 117 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और पांच छक्के शामिल रहे। उन्हें ललित राजबंशी ने आउट किया। वहीं, तिलक वर्मा ने भी शानदार शतक लगाया। वह 46वें ओवर में आउट हुए।

उन्होंने 113 गेंदों में 107 रन बनाए, जिसमें छह चौके और चार छक्के शामिल थे। आखिरी ओवरों में रिंकू सिंह (9) और शाहबाज अहमद (8) तेजी से रन बनाने में नाकाम रहे।

हालांकि, सूर्यांश शेडगे ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए भारत-ए को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने सिर्फ 14 गेंदों में नाबाद 36 रन बनाए। उनकी पारी में चार चौके और चार छक्के शामिल रहे। नेपाल की ओर से ललित राजबंशी और कप्तान संदीप लामिछाने ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।

यह भी पढ़ें- IND-A vs NEP: वैभव-अभिषेक हुए फेल, फिर संकटमोचक बनकर उभरे कप्तान तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र; जमाया शानदार शतक

यह भी पढ़ें- सैंडपेपरगेट का भूत भारत दौरे पर भी पैट कमिंस को करेगा परेशान, मैथ्यू हेडन ने की ऑस्ट्रेलिया को डराने वाली भविष्यवाणी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।