विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs WI: शाई होप के शतक और पॉल के पंजे में फंसी टीम इंडिया, वेस्टइंडीज ने जीत हासिल कर सीरीज में की वापसी

Published: Wed, 14 Oct 2026 11:03 PM (IST)

शाई होप के शतक और कीमो पॉल के 5 विकेट के दम पर वेस्टइंडीज ने भारत को चौथे टी20 मैच ...और पढ़ें

इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज

इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। शाई होप और शेरफेन रदरफोर्ड की जोड़ी ने दूसरे टी20 मैच की तरह ही चौथे टी20 मैच में वेस्टइंडीज को जीत दिलाई है। गेंदबाजी में मेहमान टीम के लिए कीमो पॉल हीरो रहे, जिन्होंने पंजा खोला। विंडीज ने इसी के साथ सीरीज में 2-2 से बराबरी कर ली है। कप्तान होप (102*) ने सीरीज का दूसरा शतक लगाया और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। 

रदरफोर्ड ने भी नाबाद 49 रनों की पारी खेली। इसी जोड़ी ने रांची में खेले गए दूसरे मैच में भी विंडीज को जीत दिलाई थी। होप ने शतक लगाया था, जबकि रदरफोर्ड ने फिफ्टी जड़ी थी। सीरीज में भारत की खराब गेंदबाजी देखने को मिली, जहां टीम इंडिया के गेंदबाजों ने जमकर रन लुटाए। वेस्टइंडीज ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 247 रन बनाए थे। भारतीय टीम 223 रनों पर सिमट गई और मैच में 24 रनों से हार का सामना करना पड़ा।

शाई होप की तूफानी बल्लेबाजी

टॉस जीतकर भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय किया और हैदराबाद की पाटा पिच पर होप का बल्ला जमकर गरजा। पारी की शुरुआत से लेकर अंत तक होप ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर पिटाई की। पहले 28 गेंद में अर्धशतक और फिर अगली 22 गेंदों में करियर तीसरा टी-20 शतक लगाकर इतिहास रच दिया। रांची में खेले गए दूसरे टी-20 में होप के शतक के दम पर ही वेस्टइंडीज ने 250 से ज्यादा का स्कोर हासिल किया था और अब उनके शतक से दम पर 250 के करीब रन कूटे।

नया बल्ला और जड़ डाले दो छक्के

विंडीज की पारी में दो गेंद शेष थीं और होप को शतक के लिए 10 रन की जरूरत थी। उन्होंने डगआउट से नया बल्ला मंगवाया और फिर लगातार दो छक्के लगाकर अपना शतक पूरा कर लिया। उनके इस अंदाज ने वेस्टइंडीज के खेमे में जश्न का माहौल बना दिया। होप ने अपनी पारी में नौ छक्के और चार चौके जड़े। साथी खिलाड़ी शेरफेन रदरफोर्ड ने उन्हें गले लगाया, जबकि ड्रेसिंग रूम में मौजूद खिलाड़ियों ने खड़े होकर तालियां बजाईं।

हालांकि होप को एक जीवनदान भी मिला। लॉन्गऑन पर तिलक वर्मा उनकी गेंद को पकड़ सकते थे, लेकिन फ्लडलाइट में गेंद को ठीक से नहीं देख पाए। गेंद उनके हाथों से निकलकर सीधे बाउंड्री के कुशन पर जा गिरी। तिलक ने तुरंत इशारा किया कि रोशनी के कारण उन्हें गेंद दिखाई नहीं दी। यह कैच छूटना वेस्टइंडीज के लिए वरदान साबित हुआ और होप ने इसका पूरा फायदा उठाया।

रदरफोर्ड ने निभाया खूब साथ

दूसरे छोर पर शेरफन रदरफोर्ड ने भी होप का खूब साथ निभाया। रांची में टीम को जीत दिलाने वाली इस जोड़ी ने चौथे विकेट के लिए 43 गेंदों पर 91 रन की साझेदारी की। रदरफोर्ड केवल एक रन से अपना अर्धशतक चूक गए, लेकिन उन्होंने अपनी पारी में तीन छक्के जड़े। होप ने टी-20 सीरीज में अब तक 20 छक्के जड़े हैं और रदरफोर्ड 15 छक्के लगाकर दूसरे स्थान पर हैं।

भारतीय गेंदबाजों की घटिया गेंदबाजी

पिछले मैच में भले ही भारतीय गेंदबाजों ने लक्ष्य का बचाव किया था, लेकिन हैदराबाद में वह लगातार लाइन लेंथ से जूझते रहे। मयंक यादव, अर्शदीप सिंह बचने के लिए वाइड फेंकते दिखे। भारतीय गेंदबाजों ने पारी में कुल 13 वाइड गेंदें फेंकी। पारी का तीसरा ओवर फेंकने आए मयंक यादव ने पहली गेंद वाइड फेंकी, जो चार रन के लिए बाउंड्री पार चली गई।

वेस्टइंडीज के खाते में पांच रन जुड़े। अगली गेंद मयंक ने नो-बॉल फेंकी और विंडीज को फ्री हिट मिला। होप ने फ्री हिट पर मिडविकेट के ऊपर से जबरदस्त छक्का लगाया। पावरप्ले में ही भारतीय गेंदबाजों ने 79 रन लुटा दिए थे। यह पावरप्ले में वेस्टइंडीज का भारत के विरुद्ध सबसे ज्यादा स्कोर है। इससे पहले उसने 2016 में लॉडरहिल में एक विकेट पर 78 रन बनाए थे।

संजू सैमसन का तूफानी अर्धशतक

248 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को सलामी जोड़ी अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन से बहुत उम्मीदें थीं। संजू ने टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दिलाई लेकिन अभिषेक पारी के दौरान संघर्ष करते हुए दिखे। संजू ने 20 गेंदों पर अर्धशतक ठोक दिया। वे 56 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, अभिषेक बड़ी पारी नहीं खेल सके और 29 रन बनाकर आउट हो गए।

भारत ने गंवाए लगातार विकेट

संजू के आउट होने के बाद भारतीय टीम कोई बड़ी साझेदारी नहीं बना सकी। संजू के बाद ईशान किशन भी उसी ओवर में आउट हो गए। कप्तान श्रेयस अय्यर भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और 16 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन अभिषेक लय हासिल नहीं कर सके और 29 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बाद नमन धीर का बल्ला नहीं चला और अगली ही गेंद पर गुडाकेश मोती ने उन्हें गोल्डन डक पर आउट किया।

तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी की साझेदारी

भारतीय टीम ने 130 रनों पर पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी ने मोर्चा संभाला। दोनों ने 70 रनों की साझेदारी की लेकिन तिलक 43 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद रेड्डी भी 41 रन बनाकर आउट हो गए और टीम इंडिया की सारी उम्मीदें खत्म हो गईं।

वेस्टइंडीज ने सीरीज में की वापसी

वेस्टइंडीज के 248 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य के सामने टीम इंडिया 223 रनों पर सिमट गई। विंडीज के लिए कीमो पॉल ने कमाल की बॉलिंग की और पांच विकेट लेकर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की। भारतीय टीम 19.3 ओवरों में 223 रन ही बना सकी। चोट की वजह से अर्शदीप सिंह बैटिंग नहीं कर सके और रिटायर्ड आउट होकर मैदान के बाहर चले गए। इसी के साथ भारतीय टीम को 24 रनों से हार का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें- 'मैं यहां दिल-जान लगा दूंगा', दिल्ली कैपिटल्स को हर हाल में चैंपियन बनाना चाहते हैं युवराज सिंह; IPL 2027 के लिए बनाया धांसू प्लान

यह भी पढ़ें- न्‍यूजीलैंड के बल्‍लेबाजों के लिए सबसे बड़े चुनौती होंगे भुवनेश्‍वर कुमार, 'RO-Ko' के कारण बढ़ेगा रोमांच; कीवी कप्‍तान ने खोले राज