न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़े चुनौती होंगे भुवनेश्वर कुमार, 'RO-Ko' के कारण बढ़ेगा रोमांच; कीवी कप्तान ने खोले राज
भारतीय टीम का न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर से शुरू होगा। कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि भारत के खिलाफ ...और पढ़ें

भारत-न्यूजीलैंड सीरीज में वर्कलोड मैनेजमेंट बड़ी चुनौती: सैंटनर
HighLights
भारत-न्यूजीलैंड सीरीज में वर्कलोड मैनेजमेंट बड़ी चुनौती
लंबे दौरे पर खिलाड़ियों को फिट रखना होगा महत्वपूर्ण
22 अक्टूबर से शुरू होगा भारत का न्यूजीलैंड दौरा
नितिन नागर, जागरण नई दिल्ली। भारतीय टीम न्यूजीलैंड दौरे की शुरुआत 22 अक्टूबर से करेगी, जिसकी शुरुआत पांच मैचों की टी-20 सीरीज से होगी। उसके बाद पांच वनडे मैच और दो टेस्ट मैच भी खेले जाने हैं।
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने माना कि इतने लंबे दौरे पर न सिर्फ भारत बल्कि न्यूजीलैंड के लिए भी खिलाड़ियों का वर्कलोड मैनेजमेंट बड़ी चुनौती होगा, ऐसे में खिलाड़ियों को फिट रखना महत्वपूर्ण होगा।
सैंटनर ने माना कि भारत अपनी घरेलू परिस्थितियों में बेहद मजबूत है, लेकिन न्यूजीलैंड भी अपने मैदानों और परिस्थितियों को अच्छी तरह समझता है। हम इसका लाभ उठाकर मेजबान टीम को कड़ी चुनौती पेश करेंगे।
सैंटनर ने क्या कहा
सैंटनर ने बुधवार को 'दैनिक जागरण' से बात करते हुए कहा, 'भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीमित ओवरों के 10 मुकाबले 20 दिन के भीतर होंगे, इसलिए खिलाड़ियों को तरोताजा रखना और जरूरत के अनुसार बदलाव करना जरूरी होगा। हम सीरीज की शुरुआत दमदार तरीके से करना चाहते हैं, लेकिन खिलाड़ियों की स्थिति पर नजर रखनी होगी।'
उन्होंने आगे कहा, 'अगर थकान महसूस होती है तो आराम के दिन अहम हो जाएंगे। वनडे में यात्रा और अभ्यास के कारण भी थकान बढ़ सकती है।'
सैंटनर ने बताया कि न्यूजीलैंड ने आखिरी दो वनडे के लिए टीम में बदलाव किया है ताकि खिलाड़ियों को दो टेस्ट मैचों की तैयारी का पर्याप्त समय मिल सके। उन्होंने कहा कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के अंक दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण हैं।
भुवनेश्वर को खेलना आसान नहीं होगा
चार साल बाद टी-20 में वापसी कर रहे भुवनेश्वर कुमार को लेकर सैंटनर ने कहा, 'यह भारतीय टीम के लिए अच्छा चयन है। मैंने उन्हें पिछले कुछ वर्षों में आईपीएल में शानदार गेंदबाजी करते देखा है। उनकी गेंद स्विंग करती है और सीम मूवमेंट भी हासिल करती है। अगर शुरुआत में गेंद मूव करती है तो वह हमारे बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकते हैं।'
सैंटनर ने कहा, 'न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को तय करना होगा कि भुवनेश्वर की गेंदों को संभलकर खेलना है या आक्रामक होकर उन पर दबाव बनाना है।'
सैंटनर के मुताबिक, क्राइस्टचर्च में गेंद को मूवमेंट मिल सकता है, जबकि ऑकलैंड के ईडन पार्क में उछाल और सीम की भूमिका अहम हो सकती है। बाकी मैदानों पर भी परिस्थितियों के अनुसार रणनीति बनानी होगी।
रोहित-कोहली के लिए उत्साहित होंगे प्रशंसक
यह पूछे जाने पर कि क्या रोहित शर्मा और विराट कोहली के संभावित आखिरी न्यूजीलैंड दौरे को लेकर प्रशंसकों में खास उत्साह है, सैंटनर ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट में शानदार योगदान दिया है। ऐसे में प्रशंसकों के लिए उन्हें न्यूजीलैंड में खेलते देखना खास होगा।
उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ खेलना हमेशा अच्छा अनुभव रहा है। प्रशंसक इन मुकाबलों का आनंद लेते हैं। हर खिलाड़ी सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ खुद को परखना चाहता है। भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ तीनों प्रारूपों में खेलना हमारे लिए शानदार अवसर है।
नोट : भारत और न्यूजीलैंड सीरीज का प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा।
यह भी पढ़ें- भारत ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए T20I स्क्वाड का किया एलान, भुवनेश्वर कुमार की हुई वापसी
