IND vs NZ: सैमसन और नमन धीर के दम पर भारत ने किया ऐतिहासिक रन चेज, न्यूजीलैंड को रौंदकर स्थापित किया नया कीर्तिमान
संजू सैमसन के अर्धशतक और बाद में नमन धीर की तूफानी पारी की वजह से भारत ने 226 रनों का ...और पढ़ें
-1792667203633_m.webp)
भारत बनाम न्यूजीलैंड

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। प्लेयर ऑफ द मैच संजू सैमसन के दमदार अर्धशतक, बाद में कप्तान श्रेयस अय्यर और नमन धीर की बेहतरीन पारी की वजह से भारत ने न्यूजीलैंड को पहले टी20 में चार विकेटों से हरा दिया है। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 226 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे टीम इंडिया ने 19.4 ओवर में हासिल कर लिया।
226 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को सैमसन और अभिषेक शर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 36 गेंदों में 93 रनों की साझेदारी की।
अभिषेक ने 12 गेंदों में 29 रन बनाए। वहीं, सैमसन ने 33 गेंदों में आठ चौकों और चार छक्कों की मदद से 67 रनों की शानदार पारी खेली। हालांकि, अभिषेक के आउट होते ही भारतीय टीम मुश्किल में फंस गई। उसने 29 रन के भीतर अभिषेक सहित चार विकेट गंवा दिए।
अय्यर-पटेल ने टीम को संभाला, नमन ने दिलाई जीत
लगातार विकेट खोने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल ने भारत की पारी को संभाला। अय्यर और अक्षर ने पांचवें विकेट के लिए 24 गेंदों में 45 रन जोड़े।
इसके बाद अय्यर ने नमन के साथ छठे विकेट के लिए 22 गेंदों में 43 रन जोड़े। अय्यर 28 गेंदों में 42 रन बनाकर आउट हो गए। मगर नमन आखिरी तक क्रीज पर डटे रहे। उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों में 42 रन ठोके और छक्का लगाकर मैच भारत की झोली में डाल दिया।
बता दें कि भारत की ये टी20 इंटरनेशनल इतिहास की सबसे बड़ी रन चेज है। इससे पहले भारत का सबसे बड़ा रन चेज 209 का था, जो उसने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विशाखापटनम में किया था।
ग्लेन फिलिप्स की पारी गई बेकार
इससे पहले न्यूजीलैंड ने ग्लेन फिलिप्स के तूफानी अर्धशतक की मदद से भारत को 226 रनों का लक्ष्य दिया था। भारत ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया था। फिन एलन और टिम साइफर्ट ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई थी।
एलन और साइफर्ट ने पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े। एलन ने 24 गेंदों में 45 रनों की पारी खेली। वहीं साइफर्ट ने 24 रनों का योगदान दिया। इसके अलावा, डेरिल मिचेल ने 19 गेंदों में 28 रन बनाए।
चार नंबर पर बल्लेबाजी करने आए फिलिप्स ने टीम के लिए शानदार पारी खेली। फिलिप्स ने सिर्फ 27 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने चौथे विकेट के लिए बेवन जैकब्स के साथ 32 गेंदों में 73 रनों की साझेदारी की।
जैकब्स ने तीन छक्कों की मदद से 16 गेंदों में 31 रन बनाए। फिलिप्स ने 40 गेंदों में आठ चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 82 रन ठोके, जिसकी वजह से न्यूजीलैंड ने 20 ओवर के बाद चार विकेट के नुकसान पर 225 रन बनाए। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, मयंक यादव और अक्षर पटेल को एक-एक सफलता मिली।
हालांकि, फिलिप्स और न्यूजीलैंड का शानदार प्रदर्शन भारतीय बल्लेबाजों के आगे फीका पड़ गया। भारत ने इस जीत के साथ सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
यह भी पढ़ें- IND vs NZ: टीम इंडिया के गेंदबाजों के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड, भारतीय T20I इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा
यह भी पढ़ें- Abhishek Sharma ने T20I में रिकॉर्ड्स बुक में मचाया कोहराम, 'सिक्स' की दुनिया के बने बेताज बादशाह
