विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs NZ: मिचेल और फिलिप्स ने जमाए अंगद की तरह पैर, न्यूजीलैंड ने टाली हार; मैच ड्रॉ

Published: Mon, 23 Nov 2026 10:27 AM (IST)Updated: Mon, 23 Nov 2026 10:49 AM (IST)

भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने ऑलराउंड खेल के दम पर वेलिंग्टन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में जीत की तरफ कदम बढ़ाए थे, लेकिन डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने मैच ड्रॉ करा दिया। 

मिचेल और फिलिप्स ने बचाया मैच

मिचेल और फिलिप्स ने बचाया मैच

HighLights

  1. भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला मैच ड्रॉ

  2. मिचेल और फिलिप्स ने पलटी बाजी 

  3. टीम इंडिया ने गंवाया जीत का मौका 

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने भारतीय क्रिकेट टीम के वेलिंग्टन टेस्ट मैच को जीतने के सपने को अपने बल्ले से चकनाचूर कर दिया। मैच के आखिरी दिन सोमवार को भारत को जीत के लिए न्यूजीलैंड के आठ विकेट 233 रनों से पहले गिराने थे, लेकिन टीम इंडिया सिर्फ तीन ही विकेट ले पाई और फिर मिचेल-फिलिप्स की पार्टरनशिप ने मैच को ड्रॉ कर दिया।

न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 368 रन बनाए थे। भारत ने अपनी पहली पारी नौ विकेट के नुकसान पर 720 रनों पर घोषित की और कीवी टीम पर 352 रनों की बढ़त ले ली। चौथे दिन का अंत न्यूजीलैंड ने दो विकेट के नुकसान पर 119 रनों के साथ किया। आखिरी दिन वह भारत के स्कोर से 233 रन पीछे थी। भारत को इससे पहले ही न्यूजीलैंड को ऑलआउट करना था जो वह कर नहीं पाई और मैच ड्रॉ हो गया। न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में पांच विकेट खोकर 239 रन बनाए। मिचेल 49 और फिलिप्स 26 रन बनाकर नाबाद रहे।

 

जगी थी उम्मीद

भारत ने पांचवें दिन शुरुआत में कुछ विकेट लेकर जीत की उम्मीद जगाई। न्यूजीलैंड टीम के खाते में 13 रन ही जुड़े थे कि वॉशिंगटन सुंदर ने डेवन कॉन्वे को पवेलियन भेज दिया। यहां ऋषभ पंत ने उनका शानदार कैच लपका। कॉन्वे ने 165 गेंदों का सामना कर सात चौकों की मदद से 65 रन बनाए। 139 के कुल स्कोर पर प्रसिद्ध कृष्णा ने रचिन रवींद्र की पारी का भी अंत कर दिया। यहां केएल राहुल ने गली में उनका बेहतरीन कैच लपका। रवींद्र ने 129 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 37 रन बनाए।

अंशुल कंबोज ने भारत को पांचवीं सफलता दिलाई। पैर जमाते दिख रहे टॉम ब्लंडल को उन्होंने 176 के कुल स्कोर पर आउट किया। यहां गेंद ने उनके बल्ले का बहारी किनारा लिया था और विकेटकीपर पंत ने कैच लपका था, लेकिन पंत बहुत ज्यादा आश्वस्त नहीं थे और कंबोज के कहने पर शुभमन गिल ने रिव्यू लिया जो सफल रहा। ब्लंडल 54 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हो गए।

फिलिप्स और मिचेल की साझेदारी

भारत को जीत के लिए पांच और विकेट चाहिए थे और सामने थी फिलिप्स-मिचेल की जोड़ी। इस जोड़ी ने भारतीय टीम की कड़ी परीक्षा ली। टीम इंडिया ने अपना हर हथियार अपना लिया। न जसप्रीत बुमराह चले और न ही कोई और गेंदबाज। दोनों अंत तक नाबाद रहे और टीम को हार से बचा ले गए। दोनों के बीच 43 ओवरों में 63 रनों की साझेदारी हुई। मिचेल ने 186 गेंदें खेलीं और चार चौकों के अलावा एक छक्का मारा। वहीं फिलिप्स ने 126 गेंदों का सामना किया और दो चौके ही मारे।

यह भी पढ़ें- IND vs NZ: भारतीय गेंदबाजों की आठ अच्छी गेंदें खोले रख सकती हैं WTC फाइनल का रास्ता, 5वें दिन मौसम भी रहेगा मेहरबान

यह भी पढ़ें- 'बैट लगा है या नहीं', DRS को लेकर शुभमन गिल और आकाश दीप के बीच हुई मजेदार बातचीत; वीडियो हुआ वायरल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।