विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs NZ: भारतीय गेंदबाजों की आठ अच्छी गेंदें खोले रख सकती हैं WTC फाइनल का रास्ता, 5वें दिन मौसम भी रहेगा मेहरबान

By Abhishek TripathiEdited By: Praveen Kumar Mishra
Published: Sun, 22 Nov 2026 08:31 PM (GMT+05:30)

भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 720/9 पर पारी घोषित की, जिसके जवाब में न्यूजीलैंड ने 119/2 रन बनाए हैं और पारी की हार से बचने के लिए 233 रन चाहिए। 

भारतीय क्रिकेट टीम

भारतीय क्रिकेट टीम

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

अभिषेक त्रिपाठी, वेलिंगटन। चार दिन बीत चुके हैं, अब सिर्फ आठ अच्छी गेंदों का इंतजार है...चार दिन तक विंडी वेलिंगटन नहीं दिखा है, लेकिन सोमवार को यहां 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है और आसमान में बादल भी रह सकते हैं।

ऐसे में बेसिन रिजर्व के पाटा विकेट पर सोमवार को भारतीय गेंदबाजों को मदद मिल सकती है और अगर उन्होंने आठ अच्छी गेंदें फेंकी तो न्यूजीलैंड को ऑलआउट करके दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त तो मिल ही जाएगी साथ ही विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में पहुंचने की राह खुली रहेगी।

न्यूजीलैंड मुकाबले में बहुत पीछे

भारत ने रविवार को मैच के चौथे दिन ऋषभ पंत के रिकॉर्ड नौवें शतक की मदद से न्यूजीलैंड के विरुद्ध नौ विकेट पर 720 रन पर पारी घोषित की, जिसके जवाब में मेजबानों ने दो विकेट पर 119 रन बना लिए हैं। न्यूजीलैंड को पारी की हार से बचने के लिए 233 रन चाहिए।

न्यूजीलैंड इस मैच को जीत नहीं सकता लेकिन भारतीय टीम आठ विकेट लेकर इस सीरीज में 1-0 की बढ़त ले सकती है। दिलचस्प बात यह है कि भारत ने इस एक पारी में ही जितने रन बनाए हैं उससे सिर्फ दो रन कम न्यूजीलैंड के पिछले दौरे पर पूरी टेस्ट सीरीज में बनाए थे।

धैर्य की परीक्षा

वेलिंगटन में भारत ने बल्लेबाजी में कई रिकॉर्ड तोड़ते हुए 352 रनों की बढ़त के साथ अपनी पारी घोषित की। न्यूजीलैंड भी दूसरी पारी में 35 ओवर बल्लेबाजी कर चुका है। उसे 90 ओवर और बल्लेबाजी करनी है। भारतीय गेंदबाजों और कीवी बल्लेबाजों में जो ज्यादा धैर्य दिखाएगा वही इस जंग को जीतेगा। न्यूजीलैंड इस मैच को ड्रॉ कराकर भी डब्ल्यूटीसी अंक तालिका के शीर्ष दो में बना रहेगा, जबकि भारतीय टीम को यह मैच हर हाल में जीतना है।

कमाल की बल्लेबाजी

रविवार को धूप खिली थी और भारतीय बल्लेबाज दर्शकों से भरे स्टेडियम में आतिशबाजी करने को तैयार थे। 118 रनों की बढ़त के साथ उतरे नाइट वॉचमैन अंशुल कंबोज और विकेटकीपर ऋषभ पंत ने इसका बीड़ा उठाया। दिन के दूसरे ही ओवर में कंबोज ने न्यूजीलैंड के सबसे खतरनाक गेंदबाज काइल जैमीसन को लगातार दो चौके जड़े। पिच से गेंदबाजों को कोई मदद नहीं मिल रही थी और कीवी गेंदबाजों को पता चल गया कि उन्हें तब तक अपने पैरों को चलाना है जब तक भारतीय कप्तान उन पर कृपा करके पहली पारी घोषित न कर दें।

कंबोज ने पंत के साथ 68 रन की साझेदारी की। पंत ने अपने नौवें शतक के दौरान छह छक्के लगाए जिसमें चार रविवार को जड़े। उन्होंने एक घुटने को मोड़कर जैमीसन को लॉन्ग ऑन पर ऐसा छक्का जड़ा जिसमें गेंद, कार पार्किंग के पास जाकर गिरी। ध्रुव जुरैल ने पंत का बखूबी साथ दिया जिससे भारत ने चौथे दिन में 41 ओवरों में 234 रन जोड़े। यानी भारत ने चौथे दिन 5.5 से ज्यादा के रन रेट से रन बनाए।

बुमराह का कमाल

जब भारतीय टीम बल्लेबाजी कर रही थी तो वेलिंगटन की भूरी हो चुकी पिच रावलपिंडी की पाटा पिच की तरह लग रही थी। बुमराह ने नई गेंद संभाली और आते ही न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लाथम को विकेट के पीछे कैच आउट कराया। इससे पता चलता है कि हालात कैसे भी हों लेकिन बुमराह तो बुमराह ही हैं। लाथम पहली पारी में गेंद को छोड़ने के चक्कर में बोल्ड हो गए थे और दूसरी पारी में एक ऐसी गेंद पर आउट हुए जो बाहर की तरफ निकल रही थी।

बुमराह ने पिछली पारी के शतकवीर हेनरी निकोल्स को शुरुआत में ही एलबीडब्ल्यू कर ही लिया था लेकिन अंपायर काल में वह बच गए। इसके बाद कॉन्वे और निकोल्स ने लगभग 22 ओवर निकाले। पिच पर न तो ज्यादा सीम मूवमेंट था और न ही तेज गेंदबाजों की मदद के लिए कोई खास गति। भारत ने विकेट के पास कैच लेने के लिए क्षेत्ररक्षक लगाए।

डेवोन कॉन्वे और रचिन रवींद्र ने संभाला मोर्चा

प्रसिद्ध कृष्णा जब गेंदबाजी कर रहे थे तो गिल ने स्लिप की जगह क्षेत्ररक्षकों को बाउंसर और गुड लेंथ गेंदों पर कैच लेने के लिए तैनात किया। जुरैल ने शॉर्ट लेग पर निकोल्स का शानदार कैच लिया। इस मैच में निकोल्स ने कुल 206 रन बनाए। इसके बाद भारतीय तेज गेंदबाज बाहरी किनारे की तलाश करने के बजाय स्टंप पर हमला करने लगे।

वे राउंड द विकेट गेंदबाजी कर रहे थे। गेंद कुछ नीचे रह रही थी और कई बार आह-ऊह की आवाजें निकली लेकिन दोनों लोकल ब्वॉय कॉन्वे और रचिन रवींद्र ने इसके बाद कोई विकेट नहीं गिरने दिया। कान्वे और रवींद्र अब तक 22.5 ओवर बल्लेबाजी कर चुके हैं। अब नई गेंद आने में 35 ओवर बाकी हैं जो आखिरी दिन के खेल में बहुत अहम भूमिका निभाएगी।

टेस्ट मैच में रिकॉर्ड्स की झड़ी

720 रन बनाकर भारत ने पारी घोषित की। यह उसका तीसरा सर्वोच्च टेस्ट स्कोर है । इससे पहले भारत ने चेन्नई में 2016 में इंग्लैंड के विरुद्ध सात विकेट पर 759 और 2009 में मुंबई में श्रीलंका के विरुद्ध नौ विकेट पर 726 रन बनाए थे। यह विदेशी धरती पर भारत का सर्वोच्च टेस्ट स्कोर है। इससे पहले आस्ट्रेलिया के विरुद्ध 2004 में सिडनी टेस्ट में भारत ने सात विकेट पर 705 रन बनाए थे।

7 अर्धशतकीय साझेदारियां टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में एक पारी में पहली बार बनीं। भारत की पहली पारी में पहले विकेट के लिए 130, दूसरे के लिए 165, तीसरे के लिए 91, चौथे के लिए 100, पांचवें के लिए 68, छठे और सातवें विकेट के लिए क्रमश: 75 और 54 रन की साझेदारियां हुईं।

यह भी पढ़ें- AUS vs ENG: इंग्लैंड को दोहरा झटका, पहले ऑस्ट्रेलिया से मिली हार; अब स्टार ऑलराउंडर चोटिल होकर टी20 सीरीज से बाहर

यह भी पढ़ें- 'बैट लगा है या नहीं', DRS को लेकर शुभमन गिल और आकाश दीप के बीच हुई मजेदार बातचीत; वीडियो हुआ वायरल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।