विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs NZ: फिलिप्स-निकल्स के शतकों से मजबूत न्यूजीलैंड को यशस्वी-राहुल का करारा जवाब, टीम इंडिया की दमदार शुरुआत

Published: Fri, 20 Nov 2026 11:26 AM (IST)

भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड के मजबूत स्कोर के सामने अच्छी शुरुआत की है। 

यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की शतकीय साझेदारी

यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की शतकीय साझेदारी

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। हेनरी निकल्स और ग्लेन फिलिप्स के शानदार शतकों के दम पर न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व मैदान पर खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को मजबूत स्कोर खड़ा किया, लेकिन यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की सलामी जोड़ी के दम पर भारत ने इसका करारा जवाब भी दिया है। इन दोनों की शतकीय साझेदारी से भारत ने मजबूत शुरुआत की है।

दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने एक विकेट के नुकसान पर 159 रन बना लिए हैं। राहुल 52 रन और देवदत्त पडिक्कल 16 रन बनाकर खेल रहे हैं। इससे पहले निकल्स ने 335 गेंदों पर 21 चौकों की मदद से नाबाद 175 रनों की पारी खेली। फिलिप्स ने 216 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 118 रन बनाए। इन दोनों के दम पर न्यूजीलैंड ने 368 रनों का स्कोर खड़ा किया। भारत अभी भी कीवी टीम से 209 रन पीछे हैं।

फिलिप्स और निकल्स ने किया परेशान

न्यूजीलैंड ने दूसरे दिन की शुरुआत पांच विकेट के नुकसान पर 243 रनों के साथ की। फिलिप्स ने 94 और निकल्स ने 113 रनों से अपनी पारी को आगे बढ़ाया। फिलिप्स ने अपना शतक पूरा किया और फिर वह ज्यादा देर टिक नहीं सके। आकाशदीप की इनस्विंगर पर वह आउट हो गए। यहां से फिर निकल्स ने स्कोरबोर्ड चलाने की लड़ाई अकेले ही लड़ी। दूसरे खिलाड़ियों ने उनका साथ तो दिया, लेकिन सिर्फ विकेट पर समय बिताने के लिहाज से। नाथन स्मिथ ने 44 गेंदों पर 14 रन, काइल जेमिसन ने 21 गेंदों पर 11 रनों की पारियां खेलीं। मैट हेनरी एक और जैकब डफी चार रन बनाकर आउट हुए।

भारत की मजबूत शुरुआत

भारत को इस स्कोर के सामने मजबूत शुरुआत की जरूरत थी जो यशस्वी और राहुल ने उसे दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 130 रनों की साझेदारी की। यशस्वी और राहुल सेट होने के बाद बिना किसी परेशानी के बल्लेबाजी कर रहे थे। यशस्वी ने तेजी से रन बनाए और अपना अर्धशतक पूरा किया। वह आज ही अपना शतक पूरा करते दिख रहे थे, लेकिन टॉम ब्लंडल और मैट हेनरी द्वारा लिए गए रिव्यू ने उनकी पारी का अंत कर दिया। यह न्यूजीलैंड में भारत की पहले विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।

28वां ओवर फेंकने आए हेनरी ने पांचवीं गेंद यशस्वी को ऑफ स्टम्प के हल्की बाहर दी। यशस्वी ने बैकफुट पर जाकर गेंद को रोकने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के पास से होकर विकेटकीपर ब्लंडल के दस्तानों में चली गई। हेनरी और न्यूजीलैंड की टीम ने अपील की जिसे मैदानी अंपायर ने नकार दिया। यहां, ब्लंडल और हेनरी की जिद पर रिव्यू लिया गया जो सफल रहा और यशस्वी को 85 रनों के निजी स्कोर पर आउट होना पड़ा। उन्होंने 89 गेंदों का सामना कर 16 चौके मारे। उनके जाने के बाद राहुल ने अपना अर्धशतक पूरा किया। 

यह भी पढ़ें- IND vs NZ: अपनी मर्जी के मालिक बन बैठे हैं शुभमन गिल, नहीं सुनते किसी की बात; 4 गलतियों ने दिखा दिया आईना

यह भी पढ़ें- IND vs NZ: ग्लेन फिलिप्स का करिश्माई शतक, ऐसा करने वाले बने पहले बल्लेबाज; रोहित शर्मा के बराबर भी पहुंचे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।