IND vs NZ: ग्लेन फिलिप्स का करिश्माई शतक, ऐसा करने वाले बने पहले बल्लेबाज; रोहित शर्मा के बराबर भी पहुंचे
न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने भारत के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में शानदार शतक जमाते हुए इतिहास रच दिया है।

ग्लेन फिलिप्स ने जमाया शतक

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन शानदार शतक जमाया। उनके इस शतक के दम पर मेजबान टीम ने मजबूत स्कोर खड़ा किया। इस पारी के दौरान फिलिप्स ने वो काम कर दिया है जो अभी तक कोई भी बल्लेबाज नहीं कर पाया था।
फिलिप्स ने इस मैच में 216 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 118 रनों की पारी खेली। उन्होंने हेनरी निकल्स के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 216 रनों की साझेदारी की। निकल्स अंत तक आउट नहीं हुए और उन्होंने 175 रन बनाए। अपनी पारी में निकल्स ने 335 गेंदों का सामना कर 21 चौके मारे। इन दोनों की पारियों के दम पर कीवी टीम 368 रन बनाने में सफल रही।
फिलिप्स का करिश्मा
इस पारी में शतक जमाने के बाद फिलिप्स ने वो काम कर दिया जो भारत के खिलाफ अभी तक कोई भी बल्लेबाज नहीं कर पाया था। वह भारत के खिलाफ एक कैलेंडर ईयर में तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इससे पहले टी20 सीरीज में ऑकलैंड में खेले गए मैच में 49 गेंदों पर 107 रनों की पारी खेली थी। इससे पहले इसी साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के भारत दौरे पर खेली गई वनडे सीरीज में इंदौर में फिलिप्स के बल्ले से 106 रनों की पारी निकली थी।
रोहित शर्मा के बराबर पहुंचे
इसी करिश्मे के साथ वह भारत के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के बराबर पहुंच गए हैं। उनसे पहले रोहित ने किसी एक टीम के खिलाफ एक कैलेंडर ईयर में तीनों फॉर्मेट में शतक जमाया था। उन्होंने यह काम साल 2017 में श्रीलंका के खिलाफ किया था। इसके अलावा फिलिप्स न्यूजीलैंड के पहले बल्लेबाज बन गए हैं जिसने एक ही टीम के खिलाफ तीनों फॉर्मेट में शतक ठोका है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।