IND U19 vs AUS U19: तन्मय के 10 विकेट के दम पर भारतीय टीम ने दूसरे टेस्ट मैच पर कसा शिकंजा, मुश्किल में ऑस्ट्रेलिया
भारतीय अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे दिन ही मैच पर शिकंजा कस लिया है।

तन्मय बलोदा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को 174 रनों पर समेटने के बाद टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन दिखाया। भारत ने 315 रन बना लिए और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली पारी में ही 141 रनों की बड़ी बढ़त हासिल कर ली। दो दिन का खेल समाप्त हो चुका है और टीम इंडिया ने दोनों दिन कंगारुओं को मुश्किल में डाला। पहले गेंदबाजी में तन्मय बलोदा ने छह विकेट लिए फिर बल्लेबाजों ने अपना दम दिखाया।
पहले दिन भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और पहले दिन की समाप्ति तक 38 रनों पर दो विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, दूसरे दिन भारतीय बल्लेबाजों ने वापसी की और टीम को 300 के पार पहुंचाया। इसी वजह से भारतीय टीम ने मुकाबले पर दूसरे दिन ही शिकंजा कस दिया है।
भारतीय बल्लेबाजों ने किया कमाल
ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हालांकि, बल्लेबाजों के छोटे-छोटे प्रयास से भारतीय टीम 315 रन बनाने में कामयाब रही। यशबर्धन चौहान ने कप्तानी पारी खेली और अर्धशतक लगाया। उन्होंने 52 रन बनाए और भारतीय टीम को शुरुआती झटके से बाहर निकाला। मनल चौहान (34) और आर्यन यादव (30) को शुरुआत मिली लेकिन बड़ा स्कोर नहीं बना सके।
विकेटकीपर बल्लेबाज अभिप्राय बिस्वास ने निचले क्रम में शानदार बैटिंग की और 62 गेंदों पर तेज तर्रार 73 रनों की पारी खेली। उन्हें स्पेंसर जॉनसन ने मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया। 10वें नंबर पर बैटिंग करने आए प्रियांशु सिंह ने भी बल्ले से अच्छा योगदान दिया। उन्होंने नाबाद 30 रन बनाए, जबकि 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले तन्मय बलोदा ने भी 28 रनों की अहम पारी खेली। उनकी बदौलत भारत ने 315 रन बना लिए।
ऑस्ट्रेलियाई टीम मुश्किल में
भारत ने पहली पारी में ही 141 रनों की बड़ी बढ़त हासिल कर ली थी। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को अच्छी शुरुआत की जरूरत थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। भारतीय गेंदबजों ने शुरुआत से शिकंजा कस दिया। तन्मय बलोदा ने चार विकेट हासिल किए। इसी के साथ उनके इस मैच में 10 विकेट भी पूरे हो चुके हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक चार विकेट के नुकसान पर 86 रन बना लिए हैं और अभी भी वे भारत से 55 रनों से पीछे हैं।
