नई दिल्ली, स्पोर्ट्स डेस्क। 7 चौके, 10 गगनचुंबी छक्के, 60 गेंदों में 129 रन और 215 का स्ट्राइक। यह आंकड़े शुभमन गिल द्वारा बल्ले से मचाई गई तबाही के हैं। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में गिल ने बल्ला थामकर ऐसा धमाल मचाया कि जिसने भी गुजरात के सलामी बैटर की तूफानी बैटिंग को देखा वो उनका मुरीद हो गया है। अपनी इस विस्फोटक इनिंग के बूते गिल ने आईपीएल की रिकॉर्ड बुक को भी तितर-बितर कर डाला है।

गिल का तूफानी शतक

शुभमन गिल शुरुआत से ही बेहतरीन फॉर्म में नजर आए और उन्होंने मुंबई के गेंदबाजों की धुनाई की। गिल ने अपनी इस तूफानी पारी के दौरान चौके से ज्यादा छक्के जमाए और अहमदाबाद में फैन्स का जमकर मनोरंजन किया। गुजरात के ओपनिंग बैटर ने महज 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, फिफ्टी पूरी होने के बाद गिल ने अपना विकराल रूप धारण किया और अगले 50 रन सिर्फ 17 गेंदों पर बना डाले। गिल ने 60 गेंदों का सामना करते हुए 129 रन की यादगार पारी खेली।

सबसे कम उम्र में ठोका शतक

शुभमन गिल ने आईपीएल प्लेऑफ के इतिहास में सबसे कम उम्र में सेंचुरी जमाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। गिल ने 23 साल और 260 दिन की उम्र में शतक जमाया है। एक सीजन में तीन सेंचुरी जमाने वाले शुभमन गिल महज तीसरे बल्लेबाज बने हैं। इससे पहले यह कारनामा सिर्फ विराट कोहली और जोस बटलर ही कर सके हैं।

टूटा पंत का रिकॉर्ड

शुभमन गिल ने ऋषभ पंत के पांच साल पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर डाला है। गिल आईपीएल में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं। पंत ने साल 2018 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलते हुए 128 रन की नाबाद पारी खेली थी। गिल ने आज रात मुंबई के खिलाफ खेलते हुए 60 गेंदों पर 129 रन बनाते हुए पंत को पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही गिल ने आईपीएल प्लेऑफ के इतिहास की सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। गिल ने सहवाग को इस मामले में पीछे छोड़ दिया है।

सबसे तेज सेंचुरी

शुभमन गिल ने आईपीएल प्लेऑफ में सबसे तेज सेंचुरी जमाने के मामले में साहा और रजत पाटीदार के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है। गिल ने 49 गेंदों में इस सीजन का अपना तीसरा शतक पूरा किया। इससे पहले साहा ने साल 2014 और रजत ने 2022 में 49 गेंदों पर ही प्लेऑफ में शतक जमाया था।

Edited By: Shubham Mishra