एसोसिएट देशों में प्रतिभा की कमी नहीं, जरूरत है सुविधाओं और पेशेवर माहौल की : अंशुमन रथ
हांगकांग के बल्लेबाज अंशुमन रथ का मानना है कि एसोसिएट देशों में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें बड़े क्रिकेटिंग देशों को चुनौती देने के लिए बेहतर सुविधाओं और पेशेवर माहौल की आवश्यकता है।

अंशुमन रथ

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
नितिन नागर, जागरण, नई दिल्ली। हांगकांग के अनुभवी बल्लेबाज अंशुमन रथ का मानना है कि एसोसिएट देशों में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन बड़े क्रिकेटिंग देशों को चुनौती देने के लिए बेहतर सुविधाओं, आर्थिक सुरक्षा और पेशेवर माहौल की जरूरत है। भारत में तीन-चार साल क्रिकेट खेलने के बाद हांगकांग लौटे अंशुमन रथ ने राइजिंग स्टार एशिया कप में बांग्लादेश ए के विरुद्ध 77 रन की पारी खेली थी। सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क द्वारा आयोजित विशेष बातचीत में अंशुमन ने कहा कि हमें नेपाल से सीखने की जरूरत है, जिसने बीते कुछ वर्षों में बहुत तरक्की की है। अंशुमन रथ के साथ नितिन नागर ने विशेष बात की।
पेश हैं प्रमुख अंश :-
सवाल- भारत और हांगकांग के बीच आपका क्रिकेट सफर कैसा रहा?
अंशुमन रथ- मेरा जन्म हांगकांग में हुआ और मैंने वहीं क्रिकेट सीखा। इसके बाद ब्रिटेन के बोर्डिंग स्कूल में छात्रवृत्ति मिली, जहां काउंटी क्रिकेट खेला। फिर एक साल न्यूजीलैंड में रहा। चूंकि मेरे पास भारतीय पासपोर्ट था, इसलिए भारत आने का फैसला किया। मैं भारत को क्रिकेट का मक्का मानता हूं। यहां तीन-चार साल क्रिकेट खेलने के बाद हांगकांग लौट आया।
सवाल- बांग्लादेश ए के विरुद्ध 77 रन बनाने के बावजूद टीम हार गई। कहां कमी रह गई?
अंशुमन रथ- बांग्लादेश की टीम काफी मजबूत थी। हमने टॉस गंवाया और सुबह पिच थोड़ी नरम थी। उनके गेंदबाजों ने अच्छी शुरुआत की और हम जल्दी तीन विकेट गंवा बैठे। बाद में हमारे पास 270-280 रन तक पहुंचने का मौका था, लेकिन हम ऐसा नहीं कर सके। इस स्तर पर जितना ज्यादा खेलेंगे, उतना बेहतर होंगे।
सवाल- श्रीलंका ए के विरुद्ध आज होने वाले मुकाबले को किस रूप में देखते हैं?
अंशुमन रथ- श्रीलंका अनुभवी टीम है और उसमें कुछ टेस्ट खिलाड़ी भी हैं। मुकाबला मुश्किल होगा, लेकिन हमारे लिए यह खुद को परखने का अवसर है। हम देखना चाहते हैं कि दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के सामने कहां खड़े हैं। यह टूर्नामेंट सिर्फ जीत-हार के बारे में नहीं, बल्कि अनुभव हासिल करने और अपना स्तर सुधारने के बारे में है।
सवाल- राइजिंग स्टार एशिया कप जैसा टूर्नामेंट हांगकांग के लिए कितना महत्वपूर्ण है?
अंशुमन रथ- बहुत महत्वपूर्ण। युवा खिलाड़ियों को पता चलता है कि इस स्तर पर खेलने के लिए कितनी मेहनत और तैयारी चाहिए। एसोसिएट क्रिकेट में अक्सर हम उन्हीं टीमों के खिलाफ खेलते हैं। ऐसे टूर्नामेंट खिलाड़ियों को नया अनुभव और आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
सवाल- हांगकांग क्रिकेट को अगले स्तर पर पहुंचाने के लिए क्या जरूरी है?
अंशुमन रथ- एसोसिएट देशों की आर्थिक चुनौतियां अलग हैं। हांगकांग महंगी जगह है और सुविधाएं सीमित हैं। कई खिलाड़ियों को परिवार चलाने के लिए दूसरी नौकरी भी करनी पड़ती है। नेपाल इसका उदाहरण है। पारस खड़का के नेतृत्व में वहां क्रिकेट में निवेश हुआ और अब टीम बड़ी अंतरराष्ट्रीय टीमों से मुकाबला कर रही है। हमने भी अफगानिस्तान को हराया है और 2018 में भारत को कड़ी टक्कर दी थी। लेकिन निरंतरता के लिए निवेश और पेशेवर ढांचा जरूरी है।
सवाल- आईसीसी और एसीसी की बढ़ती प्रतियोगिताओं से एसोसिएट क्रिकेट को कितना फायदा हुआ है?
अंशुमन रथ- 10 साल पहले तीन साल में करीब 20 मैच मिलते थे, अब साल में 36-40 मैच खेलने के अवसर हैं। एसोसिएट क्रिकेट में प्रतिस्पर्धा भी बढ़ी है। नेपाल, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स जैसी टीमें बड़ी टीमों को चुनौती दे रही हैं। अब हमें भी अधिक पेशेवर बनकर आगे बढ़ना होगा। राइजिंग स्टार जैसे टूर्नामेंट दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के सामने अपनी क्षमता परखने का शानदार अवसर देते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।