विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्रिकेट में होने जा रहा सबसे बड़ा बदलाव, जहीर खान ला रहे अनोखी T20 लीग; एक ही टीम में खेलेंगे महिला और पुरुष खिलाड़ी

Published: Wed, 25 Nov 2026 05:56 PM (IST)

भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने 'इक्वल' नामक एक नई मिक्स्ड महिला-पुरुष टी-20 क्रिकेट लीग की घोषणा की है, जिसका उद्देश्य पुरुष और महिला क्रिकेटरों को एक ही टीम में शामिल करना है।

जहीर खान

जहीर खान

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज और 2011 विश्व कप विजेता जहीर खान नई मिक्स्ड महिला-पुरुष टी-20 क्रिकेट पहल ‘इक्वल’ की संभावनाओं को लेकर काफी आश्वस्त हैं। इस महत्वाकांक्षी पहल का उद्देश्य पुरुष और महिला क्रिकेटरों को एक ही प्लेइंग इलेवन में शामिल कर क्रिकेट के पारंपरिक प्रारूप को नई दिशा देना है। इस पहल की परिकल्पना एंकर स्पोर्ट्स ने की है, जिसके सह-मालिक जहीर खान और आईटी क्षेत्र के उद्यमी नागेंद्र सिद्दौतम हैं। इसे जर्मन क्रिकेट महासंघ (डॉयचर क्रिकेट बंड) के साथ साझेदारी में विकसित किया जा रहा है।

फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग के एक बिल्कुल नए प्रारूप की शुरुआत करने जा रही ‘इक्वल’ में पेशेवर पुरुष और महिला क्रिकेटर एक साथ मैदान पर उतरेंगे। यह टी-20 क्रिकेट को एक नया और समावेशी स्वरूप देगा। पुरुषों और महिलाओं के अलग-अलग टूर्नामेंट आयोजित करने की परंपरा से हटकर इसमें सभी खिलाड़ी एक ही प्रतियोगिता का हिस्सा होंगे। इसमें एक ही स्कोरबोर्ड होगा और विजेता भी एक ही टीम बनेगी।

कैसी होगी टीमों की प्लेइंग-11

शुरुआती प्रारूप के तहत पांच टीमें 12 टी-20 मैच खेलेंगी। प्रत्येक टीम में 18 खिलाड़ी होंगे। हर प्लेइंग इलेवन में छह महिला और पांच पुरुष खिलाड़ी शामिल होंगे। टी-20 क्रिकेट के मौजूदा नियमों और खेल के स्वरूप को बरकरार रखते हुए इस प्रारूप में खेलने के स्पष्ट नियम, खिलाड़ियों की सुरक्षा के उपाय और स्थानापन्न खिलाड़ियों से जुड़े प्रावधान भी शामिल किए जाएंगे, ताकि मुकाबले व्यवस्थित और प्रतिस्पर्धात्मक बने रहें।

जहीर खान ने बताया लीग का उद्देश्य

एंकर स्पोर्ट्स के सह-मालिक जहीर खान ने कहा, "क्रिकेट में लोगों को एक साथ जोड़ने की ताकत है। खासकर यूरोप जैसे उभरते बाजारों में इस खेल की आगे की वृद्धि इस बात पर निर्भर करेगी कि हम इसे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक कितनी आसानी से पहुंचा पाते हैं। ‘इक्वल’ जैसी पहल इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "इनके जरिये सभी लिंग के लोगों को खेल में हिस्सा लेने, योगदान देने और इसकी विकास यात्रा का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा। वर्ष 2028 में क्रिकेट की ओलंपिक खेलों में वापसी होने जा रही है। ऐसे में इस खेल को नए समुदायों तक पहुंचाने और वैश्विक स्तर पर इसका दायरा बढ़ाने का अच्छा अवसर है। ‘इक्वल’ को खास बनाने वाली बात यह है कि इसमें एक पुरुष और एक महिला क्रिकेटर एक ही मैदान पर आमने-सामने मुकाबला करेंगे।"

सेवेरिन वाइस ने जताई बड़ी उम्मीद

जर्मन क्रिकेट महासंघ के अध्यक्ष सेवेरिन वाइस ने कहा, "जर्मनी में पहले से ही पुरुषों और महिलाओं का एक बड़ा क्रिकेट समुदाय मौजूद है। हमें ऐसे मंच तैयार करने में अपार संभावनाएं दिखाई देती हैं, जो इन समुदायों को अधिक व्यवस्थित और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में एक साथ ला सकें। ‘इक्वल’ हमें मौजूदा आधार को और मजबूत करने, अधिक लोगों को खेल से जोड़ने, स्थानीय समुदायों तक क्रिकेट पहुंचाने और इस खेल को व्यापक दर्शकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर देता है।"

यह भी पढ़ें- IND-A vs SL-A Semifinal: फाइनल का टिकट कटाने के लिए अजेय श्रीलंका से भिड़ेगी टीम इंडिया, कब और कहां देखें मैच?

यह भी पढ़ें- 'उन्होंने मेरे ऊपर पर्सनल अटैक किया', पैट कमिंस की सफाई पर छलका उस्मान ख्वाजा का दर्द

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।