'जान बची तो लाखों पाए', जब बिशन सिंह बेदी ने विंडीज के 'खून-खराबे' के डर से डिक्लेयर कर दी थी पारी
1976 के भारत-वेस्टइंडीज टेस्ट में बिशन सिंह बेदी ने खतरनाक गेंदबाजी से खिलाड़ियों को बचाने के लिए दो बार पारी ...और पढ़ें

बिशन सिंह बेदी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वेस्टइंडीज की टीम आज भले ही क्रिकेट में संघर्ष कर रही है और बड़ी टीमों को टक्कर नहीं दे पाती लेकिन हमेशा ऐसा नहीं था। ये वो टीम है, जिसकी पूरी दुनिया में तूती बोलती थी। विंडीज टीम ने 1975 और 1979 का विश्व कप जीता था और उनके गेंदबाज टेस्ट क्रिकेट में कहर बरपाते थे। इसमें माइकल होल्डिंग और मैलकम मार्शल जैसे खतरनाक गेंदबाज थे।
वेस्टइंडीज की टीम कितनी खतरनाक थी, इसका उदाहरण भारत के 1976 दौरे ले सकते हैं। भारतीय टीम के कप्तान बिशन सिंह बेदी को टीम इंडिया के खिलाड़ियों की जान बचाने के लिए दोनों पारियों में पारी घोषित करनी पड़ी थी। इसको लेकर उनकी टीम मैनेजमेंट से अनबन भी हो गई थी। उस मैच में भारतीय टीम की इतनी बुरी हालत हो गई थी कि कई बल्लेबाजों को मैदान से सीधा अस्पताल जाना पड़ा था।
भारत का वेस्टइंडीज दौरा
भारतीय टीम 1976 में वेस्टइंडीज के दौरे पर गई थी। दोनों टीमों के बीच चौथा टेस्ट मैच खेला जा रहा था। टीम इंडिया ने शानदार बल्लेबाजी की और 6 विकेट के नुकसान पर 306 रन बना लिए। टीम इंडिया के लिए अंशुमान गायकवाड़ (81) और सुनील गावस्कर (66) रनों की पारी खेली। मोहिंदर अमरनाथ ने भी 39 रनों की पारी खेली। टीम इंडिया को बड़े स्कोर की तरफ बढ़ते हुए देखकर विंडीज ने अपना प्लान बदल दिया।
उनके गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों के शरीर की लाइन पर बाउंसर करना शुरू कर दिया। टीम इंडिया के बल्लेबाज इससे असहज हो गए। अंशुमान गायकवाड़ को माइकल होल्डिंग की एक बाउंसर कान पर लगी, जिससे खून निकलने लगा। बृजेश पटेल के साथ भी यही हुआ और बल्लेबाजों को चोटिल होते हुए देख बेदी ने पारी घोषित कर दी। जवाब में वेस्टइंडीज 351 रनों पर सिमट गई।
दूसरी पारी में भी वही हाल
दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजों को डराने के लिए वेस्टइंडीज के गेंदबाज उसी तरह की बॉलिंग करने लगे। गावस्कर, मदन लाल और वेंकटराघवन आउट हुए, तो बेदी ने दूसरी पारी में भी इनिंग घोषित कर दी। भारत के कई खिलाड़ी बल्लेबाजी करने के लायक नहीं थे। दूसरी पारी में भारत के पांच विकेट गिरे थे और टीम इंडिया ने अपनी पारी घोषित कर दी थी। भारत को उस मुकाबले में 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।