'नजफगढ़ के नवाब' की राह पर जूनियर सहवाग, आर्यवीर को मिली दिल्ली अंडर-19 टीम की कप्तानी
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग को दिल्ली अंडर-19 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया ...और पढ़ें

आर्यवीर सहवाग

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग को पहली बार टीम की अगुवाई करने की भूमिका दी गई है। दिल्ली एंड जिला क्रिकेट संघ (DDCA) ने उन्हें कप्तान बनाया है। वे हाल ही में भारत अंडर-19 के लिए खेलते हुए दिखे थे और अब दिल्ली की कप्तानी करते नजर आएंगे। डीडीसीए ने उन्हें वीनू मांकड ट्रॉफी के लिए कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है।
आर्यवीर ने पिछले कुछ समय से अपने शानदार प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है। हाल ही में राजकोट में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ उन्होंने यूथ वनडे में अच्छी बैटिंग की लेकिन दुर्भाग्यवश वे बड़ा स्कोर नहीं बना सके। हालांकि, डीडीसीए ने उनके ऊपर भरोसा जताते हुए अब कप्तानी की जिम्मेदारी दी है। ऐसे में वे बेहतर प्रदर्शन कर सभी का ध्यान खींचना चाहेंगे।
आर्यवीर सहवाग करेंगे कप्तानी
आर्यवीर वीनू मांकड ट्रॉफी में दिल्ली अंडर-19 टीम की कप्तानी करते हुए दिखाई देंगे। डीडीसीए ने इसके लिए 16 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टूर्नामेंट की शुरुआत 8 अक्टूबर से होगी, जो विशाखापट्टनम में खेला जाएगा। अब उनके ऊपर कप्तानी और बेहतर बैटिंग करने का भी दबाव होगा।
ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ प्रदर्शन
राजकोट में हाल ही में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 और इंडिया अंडर-19 के बीच तीन यूथ वनडे मैच खेले गए थे। इस दौरान 18 वर्षीय खिलाड़ी को अच्छी शुरुआत मिली लेकिन वे इसे बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके। सहवाग ने पहले मुकाबले में 26 गेंदों पर 28 रन बनाए, जो उनका अंडर-19 टीम के लिए डेब्यू मैच था। इसके बाद दूसरे मुकाबले में उन्होंने संयम के साथ बैटिंग की और 47 रन बनाए। वे मैच में अच्छी लय में लग रहे थे लेकिन फिर रन आउट हो गए। तीसरे मैच में भी उन्हें शुरुआत मिली और 34 रन पर आउट हुए। आर्यवीर ने कुल 109 रन बनाए थे।
वीनू मांकड ट्रॉफी के लिए दिल्ली अंडर-19 टीम
आर्यवीर सहवाग (कप्तान), तन्मय चौधरी, अर्नव बुग्गा (उपकप्तान), धन्या नाकरा, उदय चावला, गर्व कुमार, अभिराज गगन सिंह (विकेटकीपर), तरुण सिंह (विकेटकीपर), आर्यन शर्मा, ओजसदीप सिंह, किरीट कौशिक, वरुण वंजानी, रुद्र देव यादव, प्रद्युम्न सनन, पार्थ राज, शांतनु यादव।
