वैभव सूर्यवंशी के कंधों पर डाला जा रहा जरूरत से ज्यादा भार, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में कप्तानी सौंपना बेहद खराब फैसला
सिर्फ 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी को कप्तानी देना एक बेहद खराब निर्णय है। उन्हें अभी सिर्फ खुद को बेहतर करने को ही छोड़ देना चाहिए।

वैभव सूर्यवंशी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण, नई दिल्ली। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में पहचान बना चुके 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार टीम का कप्तान बनाने का निर्णय बेहद बचकाना और जल्दबाजी में लिया गया फैसला है।
वह भले ही पुरुष टी-20 इतिहास के सबसे युवा कप्तान बन गए हों लेकिन उन्हें पहले मैच में ही हार मिली। बिहार की टीम उतनी मजबूत भी नहीं है जिस कारण लगातार हार को झेलना भी इस बालक के लिए टेढ़ी खीर साबित होगा।
अदालत से आए एक निर्णय के कारण बीसीसीआई ने बिहार क्रिकेट संघ (बीसीए) के लिए एक तदर्थ चयनसमिति बनाई है और उसने वैभव को बिहार टीम का कप्तान नियुक्त कर दिया। इस फैसले को वैभव की लोकप्रियता भुनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। इतनी कम उम्र में कप्तानी सौंपना जोखिम भरा हो सकता है।
इस तरह के स्टारडम को पांच साल तक बरकरार रखना भी बहुत मुश्किल काम है। क्रिकेट की राजनीति और असफलताओं को झेलने के लिए उनकी उम्र काफी कम है। फिलहाल वैभव को बल्लेबाज के रूप में और निखरने वह अधिक अनुभव हासिल करने का मौका देना ज्यादा बेहतर होता।
जिम्मेदारी देने के लिए करना चाहिए था इंतजार
प्रशासकों को उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी देने के लिए कुछ साल का इंतजार करना चाहिए था। वैभव के सामने कप्तानी की राह आसान नहीं है। 15 साल की उम्र में उन्हें अपने से कहीं अधिक अनुभवी और उम्रदराज खिलाड़ियों की अगुआई करनी पड़ रही है।
टीम के सीनियर खिलाड़ियों के साथ तालमेल बैठाना, मैदान पर सही फैसले लेना, गेंदबाजों का बेहतर इस्तेमाल करना और मुश्किल परिस्थितियों में खिलाड़ियों का मनोबल बनाए रखना उनके लिए बड़ी चुनौती होगी।
पहले ही मैच में बिहार को पांच विकेट से हार मिली। बिहार की टीम इसी साल प्लेट से एलीट ग्रुप में आई है और उसे इस बार काफी मजबूत टीमों से भिड़ना है। ऐसे में वैभव को हार को पचाना सीखना होगा।
इसके अलावा मैच के दबाव में रणनीति बनाना और हार की स्थिति में उसकी जिम्मेदारी लेना भी आसान नहीं है। कप्तानी की अतिरिक्त जिम्मेदारी का असर उनकी बल्लेबाजी पर भी पड़ सकता है।
ऐसे में उनके स्वाभाविक आक्रामक खेल और आत्मविश्वास को बनाए रखना अहम होगा। हालांकि वह केवल दो मुकाबलों में ही बिहार की कप्तानी करेंगे। इसके बाद उन्हें 19 नवंबर से 29 नवंबर तक दोहा में होने वाले राइजिंग एशिया कप के लिए भारतीय ए टीम के साथ रवाना होना है।
ऐसे में बीसीए को बाकी मुकाबलों के लिए किसी दूसरे खिलाड़ी को कप्तान बनाना होगा। सवाल है कि जब वह पूरे टूर्नामेंट में टीम की अगुआई नहीं कर पाएंगे तो उन्हें कप्तान बनाने की जल्दबाजी क्यों की गई?
सचिन भी नहीं पक्ष में
भारत के दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर भी इतनी कम उम्र में वैभव को नेतृत्व की जिम्मेदारी देने के पक्ष में नहीं हैं। उनका मानना है कि अभी उन्हें अपने खेल पर ध्यान देने के साथ अधिक से अधिक प्रथम श्रेणी मुकाबले खेलने चाहिए, ताकि घरेलू क्रिकेट की चुनौतियों को समझने का अनुभव मिल सके।
वैभव ने आईपीएल में आक्रामक बल्लेबाजी से खास पहचान बनाई और भारतीय टीम के लिए भी पदार्पण किया। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्हें नियमित मौके नहीं मिले हैं। वह दलीप ट्राफी 2026 में ईस्ट जोन के उपकप्तान भी रह चुके हैं, लेकिन कुछ समय के लिए कप्तानी संभालना और पूरे टूर्नामेंट में टीम का नेतृत्व करना अलग चुनौती है। बीसीए का यह फैसला उनके लिए खुद को साबित करने का मौका जरूर है, लेकिन इसके साथ अनावश्यक दबाव भी बढ़ा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।