ऐसी गेंद कभी नहीं देखी! गेंदबाज ने ही सीधे बाउंड्री पार पहुंचा दी बॉल, फिर भी टीम के हिस्से नहीं आया छक्का- Video
कनाडा सुपर60 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में मिसिसॉगा के गेंदबाज अली खान ने एक ऐसी वाइड गेंद फेंकी जो सीधे बाउंड्री के पार चली गई, जिससे सभी हैरान रह गए।

अली खान ने फेंकी अजीब गेंद

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। क्रिकेट के मैदान पर कई बार ऐसी चीजें सामने आ जाती हैं जिनपर यकीन करना मुश्किल हो जाता है। ऐसा ही कुछ कनाडा सुपर60 टूर्नामेंट में देखने को मिला है जहां अमेरिका के एक गेंदबाज ने अपनी गेंद को सीधा बाउंड्री के पार पहुंचा दिया।
मामला टोरंटो सिक्सर्स और मिसिसॉगा मास्टर्स के बीच खेले गए सेमीफाइनल मैच का है जहां अली खान ने एक ऐसी गेंद फेंकी जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। कमेंटेटरों से लेकर बल्लेबाज और अली की टीम के खिलाड़ियों को भी इस बात का यकीन नहीं हुआ कि उन्होंने ऐसी गेंद फेंकी है।
सीधे दे दिया छक्का
टोरंटो की पारी के दौरान मिसिसॉगा के गेंदबाज अली नौवां ओवर फेंक रहे थे। उनके सामने थे वेस्टइंडीज के तूफानी बल्लेबाज कायरन पोलार्ड। अली ने पोलार्ड के खिलाफ बाउंसर फेंकने की कोशिश की। गेंद तो बाउंसर थी, लेकिन ये कुछ ज्यादा ही बाउंस हो गई। टप्पा खाने के बाद इसे जाना चाहिए था पोलार्ड के पास, लेकिन गेंद उनके पास से गुजरते हुए सीधे बाउंड्री लाइन के बाहर चली गई। ठीक उसी तरह जैसे किसी बल्लेबाज के बल्ले से गेंद सीधा छह रनों के लिए जाती है। गेंद ने इतना उछाल लिया कि विकेटकीपर तक उसे पकड़ नहीं पाया।
सभी इस गेंद को देख हैरान रह गए। अंपायर ने इसे वाइड करार दिया और टोरंटो को पांच रन दिए। एमसीसी के नियम 19.7 के तहत बाउंड्री का छक्का तभी माना जा सकता है जब गेंद बल्लेबाज के बल्ले या शरीर से टकराने के बाद बिना टप्पा खाए सीधे सीमा रेखा के पार चली जाए। इसी कारण इसे वाइड दिया गया और टोरंटो के हिस्से में पांच रन आए क्योंकि अंपायर ने इसे बाउंड्री पार जाने पर चौके के चार रन और वाइट का एक अतिरिक्त रन मिलाकर कुल पांच रन दिए।
First in my bloodline to see wide ball go for Six (6wd) https://t.co/3NWky1KtpT
— Dinda Academy (@academy_dinda) October 5, 2026
ऐसा रहा मैच
जहां तक मैच की बात है तो टोरंटो ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवरों में चार विकेट खोकर 130 रन बनाए। पोलार्ड ने 16 गेंदों पर 40 रन बनाए। जवाब में मिसिसॉगा की टीम नौ रनों से पीछे रह गई और मैच हार गई और टोरंटो ने फाइनल में जगह बनाई।
