विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खामोश हो गया था जब पूरा स्टेडियम, टूट गए थे 140 करोड़ दिल; 3 साल बाद भी नहीं भूला है भारत वो दर्द

Published: Thu, 19 Nov 2026 05:37 PM (GMT+05:30)

19 नवंबर 2023 को भारतीय टीम को वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना ...और पढ़ें

भारतीय क्रिकेट टीम

भारतीय क्रिकेट टीम

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। 19 नवंबर 2023 यह वो तारीख है, जो भारतीय क्रिकेट फैंस शायद ही कभी भूल पाएंगे। क्रिकेट वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीम आमने- सामने थीं। भारतीय टीम इस पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारी थी और टीम इंडिया खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही थी, मगर फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया ने 140 करोड़ भारतीयों का दिल तोड़कर वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। भारतीय फैंस इस हार का दर्द तीन साल बाद भी नहीं भूले हैं।

वनडे वर्ल्ड कप 2023 में टीम इंडिया में शानदार प्रदर्शन किया था। भारत की मेजबानी में खेले गए आईसीसी के इस मेगा टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने लगातार नौ मुकाबले जीते। भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका के खिलाफ शुरुआती मुकाबलों में बड़ी जीत दर्ज की। लगातार नौ मैच जीतने के बाद सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय टीम के सामने न्यूजीलैंड की चुनौती थी, जहां भारतीय टीम ने आसानी से जीत हासिल की।

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया फाइनल

अब भारतीय टीम का फाइनल में मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से था, जिसे लीग स्टेज में भारत के अलावा साउथ अफ्रीका के हाथों हार मिली थी, वहीं अफगानिस्तान के खिलाफ भी टीम हारते-हारते बची थी। फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। फाइनल में भारतीय टीम का पलड़ा ज्यादा मजबूत माना जा रहा था। फैंस 2011 के बाद एक और वर्ल्ड कप घर आने की उम्मीदें लगाए बैठे थे, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने भारत को घरेलू सरजमीं पर मात देकर भारतीय फैंस का सपना चकनाचूर कर दिया।

240 रन पर ढेर हुई थी टीम इंडिया

ऑस्ट्रेलिया की टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया था। भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सिर्फ 240 रन पर ढेर हो गई। रोहित शर्मा 47 रन (31 बॉल) ने भारतीय टीम को तेज शुरुआत दिलाई, मगर उनका विकेट गिरने के बाद रनों की रफ्तार कम हो गई। विराट कोहली (55) और केएल राहुल (66) को छोड़कर भारत का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।

ट्रेविस हेड ने दिया टीम इंडिया को बड़ा दर्द

241 रन के टारगेट का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे ही ओवर में डेविड वॉर्नर का विकेट गंवा दिया। मिचेल मार्श (15) और स्टीव स्मिथ (04) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। लेकिन इसके बाद ट्रैविस हेड ने मोर्चा संभाला और धमाकेदार पारी खेली। ट्रैविस हेड ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली। हेड ने 120 गेंद में 137 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी में 15 चौके और चार छक्के शामिल थे। हेड की इस पारी से ऑस्ट्रेलिया टीम ने इस टारगेट को 43 ओवर में ही हासिल कर लिया। हेड के अलावा मार्नस लाबुशेन (58) ने भी नाबाद अर्धशतक जड़ा।

भारतीय टीम की इस हार के बाद अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सन्नाटा पसर गया। वहीं टीवी पर मैच देख रहे करोड़ों फैंस मायूस हो गए। घटना को तीन साल बीत चुके हैं, मगर भारतीय फैंस को आज भी यह हार सबसे ज्यादा दर्द देती है।

यह भी पढ़ें- बॉल टेंपरिंग विवाद ने फिर पकड़ा तूल, कैमरन बैनक्रॉफ्ट के दावों पर पैट कमिंस ने किया पलटवार

यह भी पढ़ें- युजवेंद्र चहल ने भारतीय क्रिकेट में लिखा नया इतिहास, टी20 में ऐसा करने वाले टीम इंडिया के बने पहले गेंदबाज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।