केकेआर ने नहीं दिया भाव, SMAT में गरजा तेजस्वी का बल्ला, 36 बॉल में ठोके 95 रन
तेजस्वी दाहिया आईपीएल 2026 में केकेआर का हिस्सा थे, मगर आईपीएल मिनी ऑक्शन से पहले केकेआर की टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया।

तेजस्वी दाहिया (P.C- X)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संक्षेप में पढ़ें
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में दिल्ली के बल्लेबाज तेजस्वी सिंह दाहिया ने हरियाणा के खिलाफ मैच में तूफानी पारी खेली। तेजस्वी ने 263.88 की स्ट्राइक रेट से 95 रन ठोके। उनकी इस पारी की बदौलत दिल्ली की टीम ने हरियाणा को 43 रन से हरा दिया। तेजस्वी सिंह दाहिया आईपीएल 2026 में केकेआर का हिस्सा थे, मगर आईपीएल मिनी ऑक्शन से पहले केकेआर की टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया।
तेजस्वी दाहिया को आईपीएल 2026 में केकेआर ने दो मैचों में मौका दिया था। तेजस्वी दो मैच में सिर्फ 12 रन बना सके थे। केकेआर ने आईपीएल 2027 से पहले उन्हें रिलीज करने का फैसला लिया। केकेआर से रिलीज होने के बाद सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने विस्फोटक पारी खेली है।
तेजस्वी दाहिया ने अपनी पारी में जड़े नौ छक्के
तेजस्वी दाहिया ने 36 बॉल में 95 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी में छह चौके और नौ छक्के शामिल थे। उन्होंने 20 बॉल में अर्धशतक लगाया। तेजस्वी दाहिया शतक के करीब पहुंच गए थे। आखिरी बॉल पर उन्हें शतक को पूरा करने के लिए पांच रन बनाने थे, मगर वह आखिरी गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में तेजस्वी दाहिया का प्रदर्शन
जम्मू कश्मीर के खिलाफ- 46 रन (24 बॉल)
पंजाब के खिलाफ- 20 रन (10 बॉल)
बिहार के खिलाफ- 51 रन (25 बॉल)
सौराष्ट्र के खिलाफ- 18 रन (08 बॉल)
हरियाणा के खिलाफ- 95 रन (36 बॉल)
दिल्ली ने हरियाणा को 43 रन से दी मात
तेजस्वी की पारी से दिल्ली की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 232 रन बनाए। दिल्ली के लिए नितीश राणा ने 20 बॉल में 37 रन और यश ढुल ने 12 बॉल में 26 रन की तेजतर्रार पारी खेली। प्रियांश आर्य ने भी अर्धशतक लगाया। प्रियांश आर्य ने 40 बॉल में 62 रन बनाए। प्रियांश आर्य की पारी में चार चौके और तीन छक्के शामिल थे। हरियाणा की टीम दिल्ली की पारी के जवाब में 20 ओवर में आठ विकेट पर 189 रन ही बना सकी और मुकाबले को 43 रन से गंवा दिया। दिल्ली के लिए सुयश शर्मा ने तीन विकेट लिए। मयंक यादव को दो सफलता मिली।