विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

केएल राहुल ने बताई न्यूजीलैंड में सफल होने की वजह, यशस्वी जायसवाल की तारीफ में पढ़े कसीदे

Published: Sun, 22 Nov 2026 03:01 PM (IST)

केएल राहुल ने न्यूजीलैंड में अपनी सफलता का श्रेय सही दृष्टिकोण अपनाने और हर गेंद पर खेलने के प्रलोभन से बचने को दिया। उन्होंने यशस्वी जायसवाल की कड़ी मेहनत और मैदान के बाहर अच्छे संबंधों की भी तारीफ की है। 

केएल राहुल ने खेली शतकीय पारी

केएल राहुल ने खेली शतकीय पारी

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

विशेष संवाददाता, जागरण, वेलिंगटन: भारत के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल का मानना है कि उनके करियर के मुश्किल दौर में तकनीक कभी समस्या नहीं थी और उन्हें सही दृष्टिकोण अपनाने और हर गेंद पर खेलने के प्रलोभन से बचने के कारण हाल में सफलता मिली।

राहुल का बल्लेबाजी क्रम में कोई स्थान पक्का नहीं रहा। कभी उन्हें मध्यक्रम में खेलना पड़ा तो कभी पारी की शुरुआत करनी पड़ी। उन्होंने स्वीकार किया कि मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते समय उन्हें लगभग हर गेंद पर बल्ला अड़ाने की आदत पड़ गई थी, जो तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल परिस्थितियों में नुकसानदायक साबित हो सकती है।

तकनीक नहीं रही मुद्दा

राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि तकनीक कभी कोई मुद्दा नहीं रही। 15 महीने तक मध्यक्रम में खेलते हुए मुझे प्रत्येक गेंद पर बल्ला अड़ाने की आदत पड़ गई थी। तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल परिस्थितियों में बल्ले और गेंद के बीच कम संपर्क रखना सबसे अच्छा तरीका हो सकता है।

यह शतक राहुल के लिए विशेष महत्व रखता था, क्योंकि वह उन कुछ भारतीय बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने चारों ‘सेना’ देशों में टेस्ट शतक बनाए हैं। राहुल ने कहा कि इस तरह की उपलब्धि हासिल करके बहुत अच्छा लगता है। मैं करीब तीन सप्ताह से यहां हूं और भारत-ए की तरफ से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया था लेकिन मैंने नेट पर काफी समय बिताया। जब आप कड़ी मेहनत करते हैं, तो उसका परिणाम प्रदर्शन में दिखाई देता है।

न्यूजीलैंड में पहला शतक

दिलचस्प बात यह है कि राहुल का अपने 71 मैचों के करियर में न्यूजीलैंड में यह पहला टेस्ट मैच था लेकिन उन्होंने कहा कि वह इस मौके को लेकर बहुत ज्यादा उत्तेजित या उत्साहित नहीं थे। उन्होंने कहा कि मैं कभी उत्तेजित नहीं होता। यह एक ऐसा अवसर था जिसे मैं खोना नहीं चाहता था। जब आप इतने लंबे समय तक टेस्ट मैच खेलते हैं तो आपको सर्वश्रेष्ठ आक्रमण के सामने खुद को परखने का मौका मिलता है।

राहुल ने परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने पर ध्यान दिया और न्यूजीलैंड में सफल होने वाले खिलाड़ियों के वीडियो भी देखे। उन्होंने कहा कि जब मैं नेट पर अभ्यास के लिए गया तो मेरा ध्यान किसी खास चीज पर नहीं था। मैंने बस बहुत सारी गेंदें खेलीं ताकि यह समझ सकूं कि सफल होने के लिए मुझे किस तरह का गार्ड लेना है और कैसी पोजीशन अपनानी चाहिए। मैंने उन खिलाड़ियों के वीडियो भी देखे जिन्होंने पहले न्यूजीलैंड में रन बनाए थे।

बदल रही है पिच

राहुल ने कहा कि वेलिंगटन की पिच स्पिनरों को मदद पहुंचा रही है। गेंदें नीची रहने लगी हैं और पिच खुरदुरी बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि गेंद नीची रहेगी और पिच पर कुछ खुरदुरे पैच बन रहे हैं। खेल आगे बढ़ने के साथ यह बड़े हो सकते हैं। हम उम्मीद करेंगे कि पिच और खराब हो, लेकिन तब नहीं जब हम बल्लेबाजी कर रहे हों।

राहुल ने अपने प्रारंभिक जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल की विशेष रूप से प्रशंसा की, जिनके साथ उन्होंने 130 रन की साझेदारी की। उन्होंने कहा कि जायसवाल काफी मेहनत करता है। आक्रामक बल्लेबाज बनने के लिए उसने बहुत मेहनत की है। यह संयोग से नहीं होता। मैदान के बाहर भी हमारे बीच अच्छे संबंध है जिससे हमें खेलते समय मदद मिलती है।

यह भी पढ़ें- IND vs NZ: टीम इंडिया के हाथ से चला न जाए बड़ा मौका, आखिरी दिन पर पहुंचा मामला

यह भी पढ़ें- IND vs NZ: ऋषभ पंत की स्टम्प माइक पर मस्ती ने खोला वॉशिंगटन सुंदर के भविष्य का राज! ऑलराउंडर का रिएक्शन वायरल- Video

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।