23 साल के ऑलराउंडर की लग सकती है लॉटरी, न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में पहली बार सेलेक्शन पक्का!
भारतीय टीम नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। इस सीरीज में 23 साल के ऑलराउंडर को पहली बार मौका मिल सकता है।

सूर्यांश शेडगे
HighLights
न्यूजीलैंड के विरुद्ध वनडे टीम में चुने जा सकते हैं सूर्यांश
सूर्यांश ने ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ किया प्रभावी प्रदर्शन
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी
प्रेट्र, नई दिल्ली। मुंबई के तेज गेंदबाजी हरफनमौला सूर्यांश शेडगे को न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की वनडे टीम में चुना जा सकता है, जिन्होंने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया-ए के विरुद्ध लिस्ट-ए टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
23 वर्ष के शेडगे ने इंग्लैंड के विरुद्ध तीन टी-20 मैच खेले थे और हाल ही में हैमस्ट्रिंग चोट से उबरने के बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में लौटे हैं। उन्होंने पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया-ए के विरुद्ध अनौपचारिक वनडे सीरीज में बल्ले और गेंद से प्रभावित किया।
शेडगे ही क्यों?
बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया कि वनडे टीम में शेडगे के चुने जाने की प्रबल संभावना है क्योंकि टेस्ट सीरीज में चौथे तेज गेंदबाज और निचले क्रम के बल्लेबाज के तौर पर नीतीश कुमार रेड्डी की अहम भूमिका होगी।
रेड्डी सारे वनडे नहीं खेलेंगे, क्योंकि उन्हें टेस्ट सीरीज की तैयारी करनी है। पांच मैचों की सीरीज के बाद पांच टी-20 खेले जाएंगे जो 22 अक्टूबर से शुरू होंगे। वनडे सीरीज चार नवंबर को आकलैंड में शुरू होगी।
भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज का कार्यक्रम
- 4 नवंबर 2026 - पहला वनडे - ऑकलैंड
- 7 नवंबर 2026 - दूसरा वनडे - वेलिंगटन
- 10 नवंबर 2026 - तीसरा वनडे - हैमिल्टन
- 13 नवंबर 2026 - चौथा वनडे - माउंट मॉनगनुई
- 15 नवंबर 2026 - पांचवां वनडे - माउंट मॉनगनुई
