न्यूजीलैंड के खंडाला में मिलते हैं गावस्कर और कपिल, वेलिंगटन में भारत के महान क्रिकेटरों के नाम पर हैं रोड के नाम
न्यूजीलैंड की राजधानी वेलिंगटन के पास 'खंडाला' नामक स्थान पर भारतीय क्रिकेट दिग्गजों सुनील गावस्कर और कपिल देव के नाम पर सड़कें हैं।

कपिल देव-सुनील गावस्कर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अभिषेक त्रिपाठी, वेलिंगटन। अगर आमिर खान वेलिंगटन में आती क्या खंडाला गाते तो उनको रानी मुखर्जी को गावस्कर प्लेस और कपिल ग्रोव में जरूर घुमाने ले जाना पड़ता। अब आप सोच रहे होंगे कि न्यूजीलैंड में भारत के खंडाला और सुनील गावस्कर व कपिल देव जैसे लीजेंड्स का क्या लेना देना तो आपको बता देते हैं भारत से करीब 12500 किलोमीटर दूर भी एक खंडाला है जिसमें गावस्कर और कपिल के नाम चमक रहे हैं।
दक्षिणी गोलार्ध में स्थित न्यूजीलैंड की राजधानी वेलिंगटन के पास इलाके खंडाला में भारत के दो दिग्गज क्रिकेटरों के नाम सड़कें हैं। ये एक-दूसरे से 50 मीटर की दूरी पर हैं। शनिवार को बेसिन रिजर्व में जब मैं साथी पत्रकारों के साथ मीडिया बॉक्स की जगह दर्शक दीर्घा में भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट देख रहा था तो यहां कमेंट्री कर रहे महान बल्लेबाज गावस्कर वहां आए और बैठकर मैच देखने गए।
वेलिंगटन में स्थित है खंडाला
उन्होंने पूछा आप लोग गावस्कर प्लेस घूमने गए कि नहीं? उन्होंने वहां की कई यादों के बारे में बताया। वेलिंगटन में खंडाला एक ऐसी पहाड़ी के पास स्थित है जिसे कभी 'माउंट मिजरी' कहा जाता था। यहां एक सड़क पर गावस्कर प्लेस और एक में कपिल ग्रोव का साइनबोर्ड लगा है। हालांकि गावस्कर प्लेस साइनबोर्ड में सिर्फ एक तरफ लिखा है जबकि कपिल ग्रोव दोनों तरफ लिखा है। हालांकि यहां किसी को पता नहीं कि ये नाम क्यों रखे गए। यहां की काउंसिल को भी इस बारे में पता नहीं है।
कैसे रखे गए ये नाम?
वेलिंगटन म्यूजियम के अभिलेखागार में 1992 में सबसे पहले इन नामों का जिक्र है। हालांकि वहां भी नहीं पता चलता कि इसका नामकरण कब हुआ था। गावस्कर भी यहां कई बार जा चुके हैं लेकिन उन्हें भी नहीं पता कि यह नाम कब और कैसे रखे गए थे। खंडाला की सभी सड़कों के नाम भारत से लिए गए हैं। यहां अंडमान, शिमला क्रेसेंट, सतारा, रामफल, दिल्ली, मद्रास, पूना, अमृतसर, बनारस, गया, वसंत, अमापुर, बड़ौदा, आगरा, लखनऊ टेरेस, मैसूर और बॉम्बे नाम की सड़कें हैं।
न्यूजीलैंड के दूसरे शहर ऑकलैंड के बाहरी इलाकों में भी बॉम्बे और कोरोमंडल जैसी जगहें हैं, जो उन ब्रिटिश शासकों ने रखे थे जो न्यूजीलैंड में रहते थे और जिन्हें भारत की वे जगहें बहुत पसंद थीं। वेलिंगटन के रेलवे स्टेशन के बाहर महात्मा गांधी की मूर्ति भी लगी है।
दुनिया भर में भारतीय क्रिकेटरों के नाम पर जगहें
भारत में कई मैदान और जगहें हैं जहां भारतीय क्रिकेटरों के नाम अंकित हैं। बेंगलुरु में अनिल कुंबले सर्कल है और केरल के कुंबले टाउन में अनिल कुंबले रोड है। यहीं इस महान खिलाड़ी के पूर्वज रहते थे। मुंबई में दिलीप सरदेसाई चौक भी है। दिल्ली की तिहाड़ जेल में एक ब्लॉक का नाम स्थानीय क्रिकेट हीरो मनोज प्रभाकर के नाम पर रखा गया था।
मनोज प्रभाकर के नाम पर ब्लॉक
2000 में मैच-फिक्सिंग कांड में प्रभाकर का नाम आने के बाद 2001 में जेल प्रशासन ने इस ब्लॉक का नाम बदल दिया। उत्तर प्रदेश के मलिहाबाद के बागवानी विशेषज्ञ हाजी कलीमुल्लाह खान ने आम की एक नई किस्म तैयार की और उसका नाम सचिन तेंदुलकर पर रखा।
देश के बाहर भी भारतीय क्रिकेटरों का जलवा
भारत के बाहर भी यह सूची लंबी है। ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न के पश्चिमी ग्रामीण-शहरी इलाके में स्थित मेल्टन शहर में तेंदुलकर ड्राइव, कोहली क्रेसेंट और 'देव टेरेस' मौजूद हैं। केंटकी के लुइसविले में सुनील गावस्कर क्रिकेट फील्ड, तंजानिया के जंजीबार में सुनील गावस्कर क्रिकेट स्टेडियम और इंग्लैंड के लीसेस्टर में सुनील गावस्कर ग्राउंड मौजूद हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।