सौरव गांगुली की 2002 नेटवेस्ट फाइनल में लहराई जर्सी मुंबई में बनेगी आकर्षण का केंद्र, सचिन-द्रविड़ की निशानी भी आएगी नजर
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की 2002 में लॉर्ड्स की बालकनी में लहराई मशहूर जर्सी मुंबई के क्रिकेट संग्रहालय में प्रदर्शित की जाएगी।

सौरव गांगुली
HighLights
गांगुली की जर्सी एमसीए संग्रहालय में सजेगी
भारत ने नेटवेस्ट फाइनल 2 विकेट से जीता था
सचिन तेंदुलकर का वनडे स्वेटर भी प्रदर्शित किया जाएगा
प्रेट्र, मुंबई। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की 2002 में लॉर्ड्स की बालकनी से लहराई गई मशहूर जर्सी 14, 15 और 17 नवंबर को मुंबई के शरद पवार क्रिकेट संग्रहालय में प्रदर्शित की जाएगी।
क्रिकेट से जुड़ी इन ऐतिहासिक और यादगार वस्तुओं की प्रदर्शनी मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) और मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के संयुक्त सहयोग से आयोजित की जा रही है। इसमें गांगुली की यह जर्सी क्रिकेट प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बनेगी।
नेटवेस्ट सीरीज 2002 के फाइनल में लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान पर भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को दो विकेट से हराया था। इस जीत के बाद गांगुली ने इस ऐतिहासिक स्टेडियम की बालकनी से अपनी जर्सी लहराई थी।
संग्रहालय में गांगुली की जर्सी के अलावा भारतीय टीम के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले की वनडे कैप, 1982 में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए जुबली टेस्ट मैच का पदक, दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का वनडे स्वेटर, महेंद्र सिंह धोनी की वनडे जर्सी और राहुल द्रविड़ की टेस्ट जर्सी भी प्रदर्शित की जाएगी।