विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

SMAT 2026: प्रियांश आर्या और दिग्वेश राठी ने उड़ाया गर्दा, दिल्ली ने तमिलनाडु को दी 116 रनों से करारी शिकस्त 

Published: Tue, 24 Nov 2026 01:52 PM (IST)

प्रियांश आर्या के 181 रनों की तूफानी पारी और दिग्वेश राठी की शानदार गेंदबाजी की बदौलत दिल्ली ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में तमिलनाडु को 116 रनों से हराया।

प्रियांश और दिग्वेश राठी ने बरपाया कहर

प्रियांश और दिग्वेश राठी ने बरपाया कहर 

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर दिल्ली ने मंगलवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में तमिलनाडु को 116 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया। दिल्ली ने इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट खोकर 275 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। तमिलनाडु की टीम इस स्कोर के सामने 18.3 ओवरों में 159 रनों पर ही ढेर हो गई।

तमिलनाडु की तरफ से कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं जमा सका। वहीं, दिल्ली की तरफ से प्रियांश ने अकेले के दम पर टीम को मजबूत स्कोर दिया। उनके अलावा दिल्ली का कोई और बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं बना सका। प्रियांश ने 68 गेंदों पर सात चौके और 19 छक्कों की मदद से 181 रन बनाए।

दिग्वेश राठी ने बरपाया कहर

प्रियांश ने जहां बल्ले से कहर बरपाया तो उसके बाद दिग्वेश राठी ने अपनी फिरकी का जादू चला टीम को जीत दिलाई। राठी ने 3.3 ओवरों में 37 रन देकर चार विकेट लिए। उनके अलावा सुयश शर्मा ने तीन विकेट अपने नाम किए। मयंक यादव को दो सफलताएं मिलीं। तमिलनाडु के लिए सबसे ज्यादा 31 रन तुषार रहेजा ने बनाए। शाहरुख खान ने 30 रनों का योगदान दिया। कप्तान साई किशोर के बल्ले से 21 रन निकले।

प्रियांश की रिकॉर्ड पारी

इससे पहले, पहली पारी खेलने उतरी दिल्ली को पहला झटका जल्दी लग गया था। यश ढुल आठ रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। हालांकि, प्रियांश ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी शुरू से जारी रखी, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें साथ नहीं मिला। प्रियांश ने एक के बाद एक कई रिकॉर्ड तोड़ डाले। उन्होंने 36 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया और अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। यह उनका सबसे तेज टी20 शतक है। इससे पहले उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आईपीएल में 39 गेंदों पर सेंचुरी मारी थी।

इसी के साथ वह टी20 में भारत के लिए सबसे ज्यादा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने केएल राहुल को पीछे छोड़ा जिन्होंने आईपीएव-2026 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 152 रनों की पारी खेली थी। वहीं, प्रियांश ने क्रिस गेल के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है और वह टी20 में सबसे बड़ा व्यक्तिकत स्कोर बनाने वाले दूसरे नंबर के बल्लेबाज बन गए हैं। गेल ने साल 2013 में आरसीबी से खेलते हुए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 175 रन बनाए थे। प्रियांश का स्कोर भारतीय जमीन पर टी20 में किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर भी है।

यह भी पढ़ें- SMAT 2026: प्रियांश आर्या ने मचाया उत्पात, 181 रन बना क्रिस गेल का टी20 रिकॉर्ड किया धवस्त; बन गए नंबर-2

यह भी पढ़ें- SMAT 2026: 13 साल की उम्र में छोड़ा घर, एक दशक का कड़ा 'तप'; जमशेद आलम ने 4 गेंदों में चार विकेट लेकर मचाया तहलका

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।