विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs NZ: गिल की गैरमौजूदगी में अय्यर के कंधों पर सीरीज फतह की जिम्मेदारी, तीन बदलाव के साथ मैदान पर उतरेगी टीम इंडिया

Published: Thu, 12 Nov 2026 05:00 AM (IST)

शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में श्रेयस अय्यर आखिरी दो वनडे में टीम की कमान संभालेंगे। इस दौरान उन पर टीम को सीरीज जिताने की जिम्मेदारी होगी।

श्रेयस अय्यर के कंधो पर जिम्मेदारी

श्रेयस अय्यर के कंधो पर जिम्मेदारी

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के विरुद्ध वनडे सीरीज में 2-0 की बढ़त बना चुकी भारतीय टीम अब बदले हुए संयोजन के साथ मैदान पर उतरेगी। हैमिल्टन में तीसरा वनडे बारिश की भेंट चढ़ने के बाद कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल और तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिए वेलिंगटन रवाना हो गए हैं।

इन प्लेयर्स के साथ बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक और गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल भी टेस्ट टीम से जुड़ने के लिए पहुंच गए हैं। ऐसे में शुक्रवार को माउंट माउंगानुई में होने वाले चौथे वनडे में कप्तानी की जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर के कंधों पर होगी।

श्रेयस अय्यर की होगी अग्निपरीक्षा

श्रेयस के लिए यह मुकाबला और 15 नवंबर को होने वाला पांचवां वनडे किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगा। एक ओर उन्हें टीम को सीरीज जिताने की चुनौती होगी, वहीं दूसरी ओर बल्ले से भी अपनी उपयोगिता साबित करनी होगी।

अय्यर के सामने सबसे बड़ी चुनौती न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों की शार्ट गेंदों से निपटने की होगी। इस सीरीज में उनकी यह कमजोरी एक बार फिर उजागर हुई है। दूसरे वनडे में काइल जैमीसन की एक तेज शार्ट गेंद उनके गले की तरफ उछली और वह उसे नियंत्रित नहीं कर सके।

गेंद उनके बल्ले से लगकर विकेटकीपर के हाथों में चली गई। हालांकि, यह गेंद इतनी मुश्किल थी कि किसी भी बल्लेबाज के लिए उस पर नियंत्रण रखना आसान नहीं होता, लेकिन इस दौरे पर अय्यर को लगातार ऐसी गेंदों से परेशान किया गया है।

पहले वनडे में भी शार्ट गेंदों पर उनके कई अनियंत्रित शाट देखने को मिले थे। इस सीरीज में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों की शार्ट या गुड लेंथ से छोटी 24 गेंदों पर उन्होंने 10 बार गलत शाट खेले हैं। जैमीसन के अलावा जैकब डफी और ब्लेयर टिकनर भी अपनी ऊंचाई और अतिरिक्त उछाल का इस्तेमाल कर भारतीय बल्लेबाजों को मुश्किल में डाल रहे हैं।

अब कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने के बाद अय्यर पर अतिरिक्त दबाव होगा। उन्हें न सिर्फ अपनी बल्लेबाजी में सुधार करना होगा, बल्कि मैदान पर सही फैसले लेकर टीम का नेतृत्व भी करना होगा। अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप को देखते हुए यह चुनौती और महत्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि वहां की पिचों पर भी अतिरिक्त उछाल मिल सकता है।

टीम संयोजन भी होगी बड़ी चुनौती

गिल और राहुल की अनुपस्थिति में भारतीय टीम प्रबंधन के सामने बल्लेबाजी क्रम तय करने की चुनौती होगी। रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत कौन करेगा, इस पर सबकी नजरें रहेंगी।

ईशान किशन को विकेटकीपर की जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। वह रोहित के साथ पारी की शुरुआत भी कर सकते हैं। वहीं, राहुल के पांचवें नंबर पर खेलने की स्थिति में उनकी जगह अक्षर पटेल या नीतीश कुमार रेड्डी को मौका दिया जा सकता है।

गेंदबाजी में भी बदलाव तय है। इस सीरीज में अपनी तेज गेंदबाजी से प्रभावित करने वाले अंशुल कंबोज टेस्ट टीम से जुड़ चुके हैं। उनकी जगह मोहम्मद सिराज को अंतिम एकादश में शामिल किया जा सकता है।

सिराज ने इस दौरे पर अब तक कोई वनडे नहीं खेला है। ऐसे में आखिरी दो मुकाबले उनके लिए भी लय हासिल करने का अच्छा अवसर होंगे। भारत सीरीज में अजेय बढ़त के साथ उतरेगा, लेकिन बदले हुए संयोजन और नए कप्तान के साथ जीत की लय बनाए रखना आसान नहीं होगा।

यह भी पढ़ें- इंग्लैंड के खिलाफ तीनों फॉर्मेट में होगी इंडिया ए की परीक्षा, BCCI ने किया स्क्वाड का एलान; श्रेयांका पाटिल को मिली टीम में जगह

यह भी पढ़ें- अर्शदीप सिंह का न्यूजीलैंड में प्यार का इजहार, समरीन कौर को स्पेशल अंदाज में किया प्रपोज

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।