विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोहित शर्मा और विराट कोहली की 2027 वर्ल्ड कप में जगह पक्की, अगरकर के जाने के बाद टीम प्रबंधन भी नहीं जलाना चाहता हाथ

By Abhishek TripathiEdited By: Praveen Kumar Mishra
Published: Fri, 20 Nov 2026 05:00 AM (IST)

न्यूजीलैंड सीरीज में खराब प्रदर्शन के बावजूद रोहित शर्मा और विराट कोहली का 2027 वनडे विश्व कप में खेलना तय है। बीसीसीआई अधिकारियों का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका में उनके अनुभव की जरूरत होगी।

रोहित शर्मा-विराट कोहली

रोहित शर्मा-विराट कोहली

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

अभिषेक त्रिपाठी, वेलिंगटन। भले ही न्यूजीलैंड में अनुभवी रोहित शर्मा और विराट कोहली का बल्ला आग नहीं उगल पाया हो लेकिन भारतीय क्रिकेट के हुक्मरानों का विश्वास उन पर बरकरार है। अगर रो-को खेलना चाहते हैं और उनको कोई फिटनेस की समस्या नहीं आती है तो वे अगले साल दो अक्टूबर से 21 नवंबर तक दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप में जरूर खेलेंगे।

अनुभवी रोहित शर्मा न्यूजीलैंड में खत्म हुई पांच मैचों की हालिया वनडे सीरीज में खेले गए चार मुकाबलों में सिर्फ 30 और विराट 86 रन बना पाए थे। रोहित दो बार शून्य पर आउट हुए थे। हालांकि विराट ने सीरीज में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाए थे लेकिन ये रन उनके कद के हिसाब से शोभा नहीं देते। इसके बाद यह सवाल उठने लगे थे कि क्या इस प्रदर्शन के बावजूद ये दोनों बल्लेबाज अगले साल तक खेलते रहेंगे?

रोहित शर्मा और विराट कोहली वर्ल्ड कप में आएंगे नजर

भारतीय क्रिकेट को चलाने वाले एक हुक्मरान ने इस पर मुहर लगा दी है। दैनिक जागरण से हुई बातचीत में उस पदाधिकारी ने कहा कि हमें दक्षिण अफ्रीका में रोहित और विराट की जरूरत होगी। उनके बिना हम वहां नहीं जीत पाएंगे। दक्षिण अफ्रीका में अनुभव काम आएगा। न्यूजीलैंड के विरुद्ध खत्म हुई सीरीज से पहले एक पदाधिकारी ने कहा था कि रोहित के प्रदर्शन को देखा जाएगा। अगर वह अच्छा करेंगे तो आगे जाएंगे। अगर एक-आध शतक मार देते हैं तो उन्हें कौन रोक पाएगा।

अगर अच्छा नहीं करेंगे तो फिर चयनकर्ता तय करेंगे क्या करना है। हालांकि अब यह स्टैंड बदल गया है। न्यूजीलैंड सीरीज में रोहित अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए लेकिन भारतीय क्रिकेट को चलाने वाले एक बड़े पदाधिकारी का पूर्व भारतीय कप्तान को लेकर सकारात्मक रुख बरकरार है। उन्होंने कहा कि ये दोनों लीजेंड हैं। उन्हें कब तक क्रिकेट खेलना है, ये वे तय करेंगे। जहां तक भारतीय टीम के विश्व कप अभियान की बात है तो मुझे लगता है कि 2027 में हमें उनकी जरूरत होगी।

रोहित-विराट का मामला टीम प्रबंधन के हाथ में नहीं

वह दक्षिण अफ्रीका की कठिन पिचों में काफी महत्वपूर्ण साबित होंगे। वहां उनका अनुभव हमारे बहुत काम आएगा। यही नहीं उपकप्तान श्रेयस अय्यर के अनुभव की भी उन्होंने जरूरत बताई। वहीं अगर टीम प्रबंधन की बात करें तो वह भी अजीत अगरकर के साथ हुए सुलूक के बाद इस मामले में हाथ नहीं जलाना चाहता। एक सूत्र ने कहा कि अब मामला टीम प्रबंधन या चयनकर्ताओं के हाथ में नहीं है। हमने जो बीसीसीआई को संदेश देना था, वह पहले दे दिया था।

बीसीसीआई से हमें जो संदेश मिलना था वह मिल चुका है। हमें नहीं लगता कि यह मामला अब चयनकर्ताओं या टीम प्रबंधन के हाथ में है। वहीं एक और सूत्र ने कहा कि भारत को अब विश्व कप से पहले इस साल दिसंबर में घर में श्रीलंका के विरुद्ध तीन, अगले साल जनवरी में घर में जिंबाब्वे के विरुद्ध तीन, जून-जुलाई में एशिया कप में न्यूनतम छह, दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध छह मैच खेलने हैं।

अगर रोहित की जगह यशस्वी जायसवाल को विश्व कप में खिलाना भी है तो उसका निर्णय अब तक हो जाना चाहिए था। जैसे-जैसे समय जा रहा है, वैसे-वैसे नए खिलाड़ी के सीधे ओपनर के तौर पर उतरने की संभावना कम होती जा रही है।

अगरकर को जाना पड़ा

जुलाई में लॉर्ड्स में तीसरे वनडे से पहले चयनकर्ताओं ने रोहित से कहा था कि वे 2027 विश्व कप के लिए उनसे आगे की सोच रहे हैं और लॉर्ड्स वाला मैच उनके करियर का आखिरी मुकाबला हो सकता है। रोहित को संन्यास की घोषणा करने का विकल्प भी दिया गया था। कुछ लोगों का कहना है कि रोहित ने इस पर सहमति जता दी थी लेकिन कुछ का कहना है कि पूर्व भारतीय कप्तान ने ऐसा कुछ नहीं कहा था।

इसके बाद बोर्ड तक यह बात पहुंचाई गई और उसके पदाधिकारी अगरकर के विरुद्ध हो गए थे। अगरकर भारतीय टीम के भविष्य और देश को वनडे विश्व कप ट्रॉफी दिलाने के लिए रोहित को बाहर करना चाहते थे लेकिन उस दिन से उनको ही मुख्य चयनकर्ता पद से बाहर करने की तैयारी की जाने लगी।

BCCI की मीटिंग में नहीं पहुंचे थे अगरकर

जब बीसीसीआई ने इंग्लैंड-आयरलैंड में मिली हार व भारतीय टीम के भविष्य को लेकर मुंबई में तीन सितंबर को बैठक बुलाई और उसमें अगरकर के अलावा सब कोई पहुंचा तो बोर्ड के पदाधिकारियों का पारा और बढ़ गया। वनडे-टेस्ट कप्तान शुभमन गिल, वनडे उपकप्तान और टी-20 कप्तान श्रेयस अय्यर, मुख्य कोच गौतम गंभीर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण ने बीसीसीआई पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी।

अगरकर को बुलाया गया था लेकिन वह पहले से तय किसी निजी कार्यक्रम में जाने के कारण उस बैठक में नहीं गए। इसी महीने 13 से 17 सितंबर तक दिल्ली में भारत ने अफगानिस्तान के साथ टी-20 सीरीज खेली। उसमें एक मैच में अगरकर अपने दो चयनकर्ताओं के साथ मौजूद थे। उस मैच में बीसीसीआई के कुछ पदाधिकारी भी मौजूद थे लेकिन कई घंटे तक उनमें आपस में बातचीत नहीं हुई। आखिर में जाते समय सिर्फ अभिवादन हुआ। उस दिन ही तय हो गया था कि अगरकर का कार्यकाल आगे नहीं बढ़ेगा।

देवजीत सैकिया ने लिया था रोहित का पक्ष

निश्चित तौर पर सितंबर तक रोहित को खिलाने के मामले में अगरकर, गंभीर और बाकी चयनकर्ता एक सोच रखते थे जबकि बीसीसीआई के पदाधिकारी दूसरी तरफ सोच रहे थे। यही कारण था जब इंग्लैंड सीरीज के दौरान रोहित के भविष्य पर खबरें आईं थीं तो बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने सामने आकर पूर्व भारतीय कप्तान के पक्ष में बयान दिया था।

भले ही इस मामले में चयनकर्ताओं, टीम प्रबंधन और बीसीसीआई की राय अलग-अलग रही हो लेकिन सबका एक ही उद्देश्य था कि हमारी टीम 2027 विश्व कप जीते। कुछ इसे रोहित-विराट के बगैर जीतते देख रहे थे, कुछ इसे रोहित-विराट के साथ जीतते देखना चाहते हैं।

यह भी पढ़ें- Asia Cup Rising Stars में भारत-नेपाल मैच को कैसे देखें लाइव? एक्शन में दिखेंगे वैभव-अभिषेक; 13 साल का सूखा खत्म करने उतरेगी टीम इंडिया

यह भी पढ़ें- BCCI ने हांगकांग सिक्सेस 2026 की पूरी कमाई 3 दिव्यांग क्रिकेट संस्थाओं को की दान, सचिव देवजीत सैकिया ने बताई खास वजह

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।