विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पल दो पल का शायर धोनी! फैंस के शोरगुल के बीच चुपके से हुए विदा

Published: Tue, 17 Nov 2026 05:30 PM (IST)

एमएस धोनी ने हमेशा की तरह चुपचाप आईपीएल को भी अलविदा कह दिया, जिस तरह उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ...और पढ़ें

एमएस धोनी ने आईपीएल से लिया संन्यास

एमएस धोनी ने आईपीएल से लिया संन्यास 

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एमएस धोनी ने फिर वही किया जो वह हमेशा से करते आए हैं। फिर वही शांति, फिर वही सन्नाटा और एक फैसला। उनके फैंस और आलोचक दोनों शोर मचाते रहे और धोनी चुपके से विदा हो गए। माही ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को भी अलविदा कह दिया। जिस शांति से उन्होंने छह साल पहले इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का एलान किया था उसी शांति से आईपीएल से भी संन्यास ले लिया।

धोनी हमेशा से ही यही करते आए हैं। बड़ी शांति से, एकदम चुपचाप, बिना किसी शोर शराबे के वह अपनी जिम्मेदारियों को दूसरी पीढ़ी को सौंप देते हैं। वह सब कुछ अचानक करते हैं फिर चाहे उनका भारत की टेस्ट कप्तानी छोड़ने का फैसला हो या वनडे और टी20 टीम की कप्तानी से इस्तीफा देना। हमेशा उन्होंने अचानक ही फैसला किया है और इस बार भी धोनी ने यही किया। उनके इंटरनेशनल क्रिकेट का एलान तो धोनी ने खुद किया था, आईपीएल से संन्यास का एलान उनकी फ्रेंचाइजी ने किया।

फैंस करते रहे इंतजार

2020 से हर आईपीएल सीजन से पहले, सीजन के दौरान और सीजन के बाद एक ही चर्चा होती थी कि क्या ये धोनी की आखिरी आईपीएल है? जब शोर अपने चरम पर होता तब धोनी अपने एकांत में खोए रहते। अपना जीवन जीते और कयासों के दौर को सिर्फ एक मूक दर्शक की तरह देखते रहते जैसे पार्क में बैठा एक बुजुर्ग छोटे बच्चों को देखता है। हर साल यही होता। उनके संन्यास की उम्मीद सबसे ज्यादा आईपीएल के खत्म होने के तुरंत बाद की होती थी या फिर चेन्नई के आखिरी मैच के बाद। इन दोनों मौकों पर फैंस बेसब्र रहते कि कहीं धोनी बाय-बाय न बोल दें, लेकिन धोनी तो धोनी है। जब सबको इंतजार रहता तब धोनी चुप रहते हैं।

वह काम तब करते हैं जब किसी को उम्मीद नहीं होती। आज किसी को उम्मीद नहीं थी कि धोनी संन्यास ले सकते हैं और धोनी ने इसी सबसे कम प्रत्याशित मौके को अपने करियर के सबसे बड़े फैसलों में से एक को लेने के लिए चुना। अब चारों तरफ सन्नाटा है, भावुक पल हैं। फैंस के पास बोलने को कुछ नहीं है सिवाए धोनी की यादों को अपनी आंखों के सामने देखने के। धोनी अब खिलाड़ी नहीं उनके नाम के आगे अब पूर्व लगेगा- पूर्व खिलाड़ी एमएस धोनी।

हकीकत से हैं वाकिफ

बहुत पहले एक कार्यक्रम में धोनी ने अपने पसंदीदा गानों में से एक गाया था। यह गाना था- 'मैं पल दो पल का शायर हूं।' इस गाने के बोल अगर ध्यान से सुने जाएं तो समझ आता है कि जीवन में कुछ भी, चाहे वो पद हो या इंसान, अमर नहीं है। वक्त के साथ सब बदलता है। इसी गाने की लाइने हैं- 'पल तो मेरी हस्ती है, पल दो पल मेरी कहानी है।'

देखा जाए तो यह गाना जीवन की हकीकत को बयां करता है और धोनी काफी पहले इस बात को समझ चुके थे कि जीवन में कुछ भी परमानेंट नहीं है और संभवतः इसी कारण वह बेहद शांत तरीके से अपने कामों को अंजाम देते हैं और चले जाते हैं, लेकिन धोनी को अंदाजा नहीं है कि उनके मैदान पर बिताए गए पल दो पल ने भारत और भारतीय फैंस को न जानें कितनी ऐसी यादें दी हैं जो अमर हैं। उन्हें कोई छीन नहीं सकता।

यह भी पढ़ें- MS Dhoni IPL Salary: 2008 में 6 करोड़ से शुरुआत, संन्यास तक IPL सैलरी से कितना कमा चुके हैं 'कैप्टन कूल'

यह भी पढ़ें- एमएस धोनी ने लिया आईपीएल से संन्यास, CSK में संभालेंगे बड़ी जिम्मेदारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।