MS Dhoni IPL Retirement: अधूरा रह गया वो आखिरी वादा! एमएस धोनी ने चेन्नई के फैंस को 'धोखा' देकर लिया आईपीएल से संन्यास
विश्व क्रिकेट के महान कप्तानों में शुमार एमएस धोनी ने आखिरकार आईपीएल से संन्यास का एलान कर दिया है। इसी के साथ धोनी ने एक वादा भी तोड़ दिया।
-1794913470821_m.webp)
एमएस धोनी ने लिया आईपीएल से संन्यास
HighLights
एमएस धोनी ने लिया आईपीएल से संन्यास
एमएस धोनी ने तोड़ दिया वादा
अब सीएसके के मेंटर बने धोनी
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। जिस बात की हर आईपीएल सीजन के पहले और बाद में अटकलें लगाई जाती थीं वो मंगलवार को आखिरकार सच हो गई। दुनिया के महान कप्तानों में शुमार और चेन्नई सुपर किंग्स की सफलता की नींव रख उसकी इमारत बनाने वाले एमएस धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास का एलान कर दिया है, लेकिन इसी के साथ धोनी ने अपना एक वादा भी तोड़ दिया।
चेन्नई सुपर किंग्स ने मंगलवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि धोनी ने आईपीएल को अलविदा कह दिया है। इसी के साथ फ्रेंचाइजी ने उन्हें अपना मेंटर नियुक्त करने की जानकारी भी दी। यानी वह अब चेन्नई के साथ बतौर खिलाड़ी नहीं बल्कि बतौर मेंटर दिखेंगे।
2022 में किया था वादा
इस पोस्ट के साथ धोनी का वो वादा भी टूट गया है जो उन्होंने साल 2022 में किया था। धोनी ने साल 2022 में मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में कहा था कि अगर वह चेन्नई में अपना आखिरी आईपीएल मैच नहीं खेलेंगे तो यह चेन्नई के दर्शकों के साथ गलत करना होगा। उनसे जब अगले सीजन में लौटने के बारे में पूछा गया था तो उन्होंने कहा था, "निश्चित तौर पर मैं अगले सीजन (2023) में खेलूंगा। चेन्नई को धन्यवाद न कहना, चेन्नई में न खेलते हुए अलविदा कहना गलत होगा। यह सीएसके फैंस के लिए अच्छा नहीं होगा।"
नहीं कर पाए वादा पूरा
इस बयान के बाद यह तय माना जा रहा था कि धोनी अपना आखिरी आईपीएल चेपॉक में खेलेंगे, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। धोनी ने अपना आखिरी आईपीएल मैच अहमदाबाद में 25 मई 2025 को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेला था। वह अपना किया हुआ वादा पूरा नहीं कर पाए और चेन्नई के फैंस को निराश करते हुए चले गए। हालांकि, मेंटर के तौर पर जब वह चेपॉक में नजर आएंगे तो फैंस के चेहरे पर खुशी के साथ-साथ गम भी होगा। खुशी धोनी को चेन्नई के डगआउट में देखने की तो गम उनको खेलता हुआ न देखने का।
चेन्नई में धोनी की फैन फॉलोइंग का कोई सानी नहीं है। बल्कि यह कहा जाए कि आईपीएल में कहीं भी मैच हो वहां धोनी की फैन फॉलोइंग का कोई सानी नहीं होता। धोनी जब राइजिंग पुणे सुपर जांयट में थे तब इंग्लैंड के बेन स्टोक्स भी उस टीम का हिस्सा थे और स्टोक्स ने उस समय कहा था कि मैदान चाहे जो भी हो वो धोनी का घर होता है। मेजबान टीम की भी इतनी फैन फॉलोइंग नहीं होती जितनी अकेले धोनी की होती है। यह बात हर आईपीएल सीजन के साथ सच साबित होती दिखी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।