विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IPL इतिहास में MS Dhoni की 5 बेस्‍ट पारियां, दुनिया को खलेगी 'थाला' जैसे फिनिशर की कमी

Published: Tue, 17 Nov 2026 07:07 PM (GMT+05:30)

आईपीएल में मंगलवार को एक युग का अंत हो गया। एमएस धोनी ने आईपीएल से संन्‍यास लिया और अब वो ...और पढ़ें

एमएस धोनी

एमएस धोनी

HighLights

  1. एमएस धोनी ने आईपीएल से लिया संन्‍यास

  2. आईपीएल 2027 के लिए सीएसके के मेंटर बने धोनी

  3. एमएस धोनी की आईपीएल इतिहास की पांच सर्वश्रेष्‍ठ पारियां

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। 17 नवंबर 2026 का दिन भारत सहित दुनियाभर के क्रिकेट फैंस के लिए बेहद भावुक बन गया। एमएस धोनी के आईपीएल से संन्‍यास की खबर सबके सामने आई। चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स की मालिक रूपा गुरुनाथ ने एक वीडियो के जरिये घोषणा की कि धोनी आईपीएल 2027 में फ्रेंचाइजी में मेंटर की भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे।

रूपा गुरुनाथ ने बताया कि शनिवार को एमएस धोनी से वीडियो कॉल पर उनकी बातचीत चल रही थी। रूपा ने कहा, 'एमएस धोनी से मेरी बातचीत क्रिकेट के बारे में हो रही थी। उनसे फ्रेंचाइजी में रिटेन और रिलीज किए जाने वाले खिलाड़‍ियों के बारे में बातचीत चल रही थी। तब धोनी ने कहा कि मेरा भी नाम रिलीज किए जाने वाले खिलाड़‍ियों की लिस्‍ट में शामिल कर देना।'

रूपा ने आगे कहा, 'यह बोलते ही धोनी ने वीडियो कॉल कट कर दिया। जब दोबारा कॉल किया तो मैंने कहा कि अगर आप संन्‍यास का फैसला लेते हैं तो इसे इंटरनेट भी नहीं संभाल पाएगा। मगर धोनी फैसला कर चुके थे कि नहीं खेलेंगे तो वो अपने फैसले से टस से मस नहीं हुए।' इस तरह धोनी की बिना विदाई मैच खेले ही सीएसके से बतौर खिलाड़ी विदाई हो गई और अब वो आगामी सीजन में मेंटर की भूमिका में नजर आएंगे।

यह बात सच है कि दुनिया को 'थाला' यानी एमएस धोनी जैसे मैच फिनिशर की कमी खलेगी। धोनी के आईपीएल संन्‍यास पर चलिए नजर डालते हैं कि उनकी 5 बेस्‍ट पारियां कौन-सी हैं।

1) 75* (46 गेंदें) बनाम आरआर, 2019

एमएस धोनी ने 2019 में राजस्‍थान रॉयल्‍स के खिलाफ केवल 46 गेंदों में नाबाद 75 रन की पारी खेली थी। उन्‍होंने अपनी पारी के दौरान चार चौके और इतने ही छक्‍के जमाए थे। धोनी ने 163 के स्‍ट्राइक रेट से यह रन बनाए थे। धोनी की पारी के दम पर सीएसके ने 20 ओवर में 175/5 का स्‍कोर बनाया। जवाब में आरआर की टीम 20 ओवर में 167/8 का स्‍कोर बना सकी। इस तरह सीएसके ने 8 रन से मैच जीता और धोनी जीत के हीरो रहे।

2) 70* (34 गेंदें) बनाम आरसीबी, 2018

चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स की टीम इस मुकाबले में 206 रन के विशाल लक्ष्‍य का पीछा कर रही थी। एमएस धोनी ने अंबाती रायुडू (82) के साथ मिलकर आरसीबी के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। धोनी ने बेहद आक्रामक रुख अपनाया और 34 गेंदों में 1 चौके व सात छक्‍के की मदद से नाबाद 70 रन बनाए। सीएसके ने 2 गेंदें शेष रहते मुकाबला जीता और धोनी अपनी बल्‍लेबाजी के कारण छा गए।

3) 70* (40 गेंदें) बनाम आरसीबी, 2011

सीएसके बनाम आरसीबी प्रतिद्वंद्विता किसी से छ‍िपी नहीं है। एमएस धोनी नंबर-3 पर बल्‍लेबाजी करने आए और 40 गेंदों में नाबाद 70 रन की धमाकेदार पारी खेली। धोनी की यह पारी इसलिए अहम है क्‍योंकि सीएसके ने महज 22 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। धोनी ने सीएसके को सम्‍मानजनक स्‍कोर तक पहुंचाया। उसे आरसीबी के हाथों 2 विकेट की शिकस्‍त सहनी पड़ी, लेकिन वाहवाही माही ने लूटी।

4) डीडी के खिलाफ 51 रन की पारी

आईपीएल 2018 में माही ने दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ शानदार 51 रन की पारी खेली। उन्होंने महज 22 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया था। उनके इस शानदार बल्लेबाजी के बदौलत चेन्नई ने उस मैच में 211 रन बनाए।

5) मैच फिनिश करने में माहिर माही

आईपीएल 2010 में धोनी ने किंग्स इलेवन पंजाब (पंजाब किंग्स) के खिलाफ 54 रन की शानदार पारी खेली। प्लेऑफ में क्वालीफाई करने के लिए चेन्नई को यह मैच जीतना बेहद जरुरी था। पंजाब ने पहली पारी में खेलते हुए चेन्नई को 193 रन का लक्ष्य दिया था। लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी सीएसकी की शुरुआत खराब रही। मुरली विजय और मैथ्यू हेडन जल्द आउट हुए, लेकिन एस बद्रीनाथ और सुरेश रैना पारी को संभाली। बद्रीनाथ के आउट होने के बाद 16वें में बल्लेबाजी करने धोनी आए। अंतिम ओवर में माही ने 16 रन बनाकर टीम को जीत का स्वाद चखाया।

यह भी पढ़ें- MS Dhoni IPL Salary: 2008 में 6 करोड़ से शुरुआत, संन्यास तक IPL सैलरी से कितना कमा चुके हैं 'कैप्टन कूल'

यह भी पढ़ें- एमएस धोनी ने लिया आईपीएल से संन्यास, CSK में संभालेंगे बड़ी जिम्मेदारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।