IND VS NZ: मोहम्मद सिराज दूसरे टेस्ट से भी होंगे बाहर! गुरनूर का हो सकता है डेब्यू, मोर्ने मॉर्कल ने दिए संकेत
भारत के बॉलिंग कोच ने कहा, सिलेक्शन हमारे हाथ में नहीं है, अभी हम बस इतना कर सकते हैं कि जो खिलाड़ी खेल रहे हैं, उन्हें अपना पूरा सपोर्ट दें, क्योंकि उनका भी भारत के लिए खेलने का सपना है।

मोहम्मद सिराज (P.C- X)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड की टीम शुक्रवार से दूसरे टेस्ट मैच में आमने-सामने होगी। पहले टेस्ट मैच में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली थी, जिसे लेकर खूब हंगामा मचा था। दूसरे टेस्ट मैच भी मोहम्मद सिराज को बाहर बैठना पड़ सकता है। भारत के बॉलिंग कोच मोर्ने मॉर्कल ने इसके संकेत दिए हैं।
दूसरे टेस्ट से एक दिन पहले भारत के बॉलिंग कोच ने कहा कि प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह वापस पाने के लिए इस सीनियर तेज गेंदबाज को अभी और मेहनत करने की जरूरत है।
सिलेक्शन हमारे हाथ में नहीं है: मोर्ने मॉर्कल
मोर्ने मॉर्कल ने सिराज को 'वर्ल्ड-क्लास' गेंदबाज बताया और कहा कि इस तेज गेंदबाज को टीम में वापसी का सबसे सही रास्ता खोजने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि टीम चुनना हमेशा एक मुश्किल फैसला होता है, यह आसान नहीं है, हमारे लिए सबसे जरूरी बात यह है कि हम उनसे लगातार बातचीत करते रहें। मोर्कल ने कहा कि सिलेक्शन हमारे हाथ में नहीं है, अभी हम बस इतना कर सकते हैं कि जो खिलाड़ी खेल रहे हैं, उन्हें अपना पूरा सपोर्ट दें,ऐसा करना ही सही है, क्योंकि उनका भी भारत के लिए खेलने का सपना है।
भारतीय बॉलिंग कोच ने कहा कि हां, बात बस इतनी है कि वह अपने खेल को समझें, यह देखें कि अभी वह किस स्थिति में हैं और टीम में वापसी के लिए उनके लिए सबसे अच्छा रास्ता क्या हो सकता है। उन्होंने आगे कहा, यह सब कड़ी मेहनत करने और अपनी जिम्मेदारी निभाने के बारे में है। मोर्केल ने सिराज के बाहर होने की पुष्टि नहीं की, मगर उनके बयानों ने यह संकेत दिया कि इस तेज गेंदबाज को अपनी वापसी के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।
क्या गुरनूर बराड़ करेंगे डेब्यू ?
दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम में केवल एक बदलाव हो सकता है। लंबे कद के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को मौका मिल सकता है। गुरनूर तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की जगह ले सकते हैं, जिनका पहला टेस्ट काफी मुश्किल रहा था। इस मैदान की परिस्थितियां आमतौर पर सीम गेंदबाजी के लिए मददगार मानी जाती हैं। गुरनूर की लंबाई और गेंद को उछाल देने की क्षमता उन्हें हेगली ओवल में एक अच्छा विकल्प बनाती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।