IND VS NZ: कोहली की कप्तानी में मिली थी हार, अब बदला लेने उतरेगी टीम इंडिया, क्राइस्टचर्च में कैसा है भारत का रिकॉर्ड ?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच शुक्रवार से खेला जाएगा। पहला टेस्ट ड्रॉ पर खत्म होने के बाद दोनों ही टीम की नजरें सीरीज जीतने पर होगी।

भारतीय टेस्ट टीम (P.C- BCCI X)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड की टीम शुक्रवार (27 नवंबर) से क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल मैदान पर दूसरे टेस्ट में आमने-सामने होगी। भारतीय टीम को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की रेस में बने रहने के लिए हर हाल में जीत की जरूरत है। टीम इंडिया दूसरे टेस्ट में जीत दर्ज कर ना सिर्फ सीरीज पर कब्जा करना चाहेगी, वहीं वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की उम्मीदें कायम रखना चाहेगी। हालांकि क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल मैदान पर टीम इंडिया का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है।
भारतीय टीम ने इस मैदान पर सिर्फ एक मुकाबला खेला है। उस मैच में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था।
कोहली की कप्तानी में मिली थी हार
विराट कोहली की कप्तानी में साल 2020 में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेला था। इस मैच में भारतीय टीम को सात विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम पहली पारी में 242 रन के स्कोर पर ऑल आउट हो गई थी। हालांकि इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने पलटवार किया और न्यूजीलैंड की पहली पारी को 235 रन पर समेट दिया। दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजी एक बार फिर बिखर गई और पूरी टीम सिर्फ 124 रन पर सिमट गई। 132 रन के टारगेट को न्यूजीलैंड ने आसानी ने तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। टेस्ट मैच सिर्फ तीन दिन में ही खत्म हो गया था।
वहीं न्यूजीलैंड ने इस मैदान पर अब तक कुल 15 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें टीम को नौ मैच में जीत हासिल हुई है। हेगली ओवल में न्यूजीलैंड को चार टेस्ट मैचों में हार का सामना करना पड़ा है, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ पर खत्म हुए हैं।
बदला लेने उतरी टीम इंडिया
भारतीय टीम जब दूसरे टेस्ट मैच में क्राइस्टचर्च में उतरेगी, तो उसकी नजरें पिछले दौरे पर मिली हार का बदला लेने की होगी। भारतीय टीम ने वेलिंगटन टेस्ट में शानदार खेल दिखाया था। भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शतक जड़ा था। यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल और कप्तान शुभमन गिल ने अर्धशतक लगाया था। भारतीय टीम ने पहली पारी में 720 रन बनाए थे, जो न्यूजीलैंड की धरती पर टेस्ट में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है। भारतीय टीम पहले मैच से मिले आत्मविश्वास के साथ दूसरे मैच में मैदान पर उतरेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।