भुवनेश्वर कुमार के जबरा फैन हैं हांगकांग के गेंदबाज आयुष शुक्ला, कही दिल छू लेने वाली बात
भारतीय मूल के तेज गेंदबाज आयुष शुक्ला ने कहा कि अलग-अलग देशों में खेलने से उन्होंने काफी कुछ सीखा है। अब उनकी मानसिकता में सबसे बड़ा बदलाव जिम्मेदारी लेने का आया है।

आयुष शुक्ला (P.C- X)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
खेल संवाददाता, नई दिल्ली। हांगकांग के भारतीय मूल के तेज गेंदबाज आयुष शुक्ला ने भारतीय क्रिकेट के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को अपना आदर्श बताया है। आयुष का कहना है कि भुवनेश्वर की तरह गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की क्षमता उन्हें काफी प्रभावित करती है। वह खुद भी नई गेंद से शुरुआती ओवरों में विकेट निकालकर विपक्षी टीम पर दबाव बनाना चाहते हैं।
सोनी स्पोर्ट्स की ओर से आयोजित बातचीत में आयुष ने दैनिक जागरण को बताया कि उन्हें 2022 में भारतीय गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार से बातचीत करने का मौका भी मिला था और उस अनुभव से उन्हें काफी कुछ सीखने को मिला।
राइजिंग स्टार्स एशिया कप में हांगकांग की गेंदबाजी इकाई के अहम सदस्य बन चुके आयुष ने कहा कि जब वह करीब पांच साल पहले राष्ट्रीय टीम में आए थे, तब उनके पास अनुभव की कमी थी। 18 साल की उम्र में टीम से जुड़ने और 19 साल में डेब्यू करने के बाद उन्होंने अलग-अलग देशों में खेलने से काफी कुछ सीखा है। अब उनकी मानसिकता में सबसे बड़ा बदलाव जिम्मेदारी लेने का आया है। पहले वह दबाव में रहते थे, लेकिन अब आत्मविश्वास के साथ विकेट लेने और मैच का रुख बदलने की कोशिश करते हैं।
नई गेंद को स्विंग कराना मेरी ताकत: आयुष
आयुष ने अपनी सबसे बड़ी ताकत स्विंग को बताया। उन्होंने कहा, टी-20 हो या 50 ओवर का क्रिकेट, नई गेंद को स्विंग कराना मेरी ताकत है। मैं पावरप्ले में कम से कम एक विकेट जरूर लेना चाहता हूं।" उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर कुमार भी ऐसे ही गेंदबाज रहे हैं, जो शुरुआती ओवरों में स्विंग के दम पर बल्लेबाजों को परेशान करते थे। यही वजह है कि वह उन्हें अपना आदर्श मानते हैं। आयुष ने कहा कि भारत ए और अन्य टेस्ट खेलने वाले देशों की टीमों के खिलाफ खेलना युवा गेंदबाजों के लिए शानदार अनुभव है। उन्होंने हांगकांग में जूनियर क्रिकेट के लिए मौजूद मजबूत ढांचे की भी तारीफ की। उनका मानना है कि टी-20 विश्व कप में टीमों की संख्या बढ़ने और एसोसिएट देशों को अधिक मौके मिलने से हांगकांग के लिए भी विश्व कप खेलने की उम्मीद मजबूत हुई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।