टीम इंडिया से बाहर चल रहे मोहम्मद शमी को बंगाल की टीम में भी नहीं मिली जगह, छोटे भाई को मिला मौका
भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे मोहम्मद शमी को रणजी ट्रॉफी के दूसरे राउंड में सर्विसेस के खिलाफ बंगाल की प्लेइंग-11 में भी जगह नहीं मिली है।

बंगाल की प्लेइंग-11 से बाहर मोहम्मद शमी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। न्यूजीलैंड दौरे के लिए जब भारतीय क्रिकेट टीम का एलान हुआ तो उसमें एक नाम पर सभी की नजरें थीं। वो नाम था मोहम्मद शमी का। शमी एक बार फिर टीम में नहीं चुने गए। शमी लगातार घरेलू मैच खेलकर अपनी दावेदारी ठोक रहे थे, लेकिन रविवार से शुरू हुए रणजी ट्रॉफी के दूसरे राउंड में उनका नाम बंगाल की प्लेइंग-11 में भी नहीं था।
बंगाल का सामना दिल्ली के पालम मैदान पर खेले जा रहे मैच में सर्विसेस से है। इस मैच में जब बंगाल की प्लेइंग-11 सामने आई तो शमी का नाम नहीं था। टीम में उनकी जगह उनके छोटे भाई मोहम्मद कैफ का नाम था।
नहीं पता वजह
अब शमी को बंगाल की प्लेइंग-11 में क्यों शामिल नहीं किया गया है इसके बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। बहुत संभावना है कि उनको किसी तरह की चोट लग गई हो और वह बाहर हो गए हों। या फिर उन्होंने खुद इस मैच में आराम करने का फैसला किया हो। शमी रणजी ट्रॉफी के माध्यम से टीम इंडिया में अपनी दावेदारी ठोक रहे थे। लंबे समय से वह वापसी की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सेलेक्शन कमेटी उनकी सुन नहीं रही है। ऐसे में शमी जाहिर तौर पर निराश होंगे।
चैंपियंस ट्ऱॉफी के बाद से हैं बाहर
शमी चैंपियंस ट्ऱॉफी-2025 के बाद से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। इस दौरान वह चोटिल भी हुए थे, लेकिन उन्होंने वापसी भी कर ली थी। इसके बाद भी दाएं हाथ के इस गेंदबाज को मौका नहीं मिल रहा है। कई दिग्गज खिलाड़ियों ने शमी की टीम इंडिया में वापसी का समर्थन किया है और कहा है कि टेस्ट, वनडे में इस गेंदबाज को टीम में होना चाहिए। अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए भी शमी की वापसी की मांग कई बार उठी है, लेकिन संभवतः सेलेक्टर्स उनसे आगे निकल चुके हैं।
