'हर किसी को खुश नहीं कर सकते', मोहम्मद सिराज को बाहर करने पर सेलेक्टर्स के बचाव में उतरे कपिल देव
मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्ट की प्लेइंग-11 में जगह नहीं दी गई। प्लेइंग-11 में चार तेज गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, अंशुल कम्बोज को शामिल किया गया है।

कपिल देव (P.C- PTI X)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संक्षेप में पढ़ें
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिलने पर हंगामा मचा है। सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री सहित कई पूर्व क्रिकेटर्स ने इस फैसले पर हैरानी जताई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने मोहम्मद सिराज को बाहर करने में भेदभाव का आरोप लगाया, जिसे लेकर राजनीति भी हो रही है। भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव ने भी इसे लेकर अपनी राय दी है।
भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव से जब सिराज को प्लेइंग-11 से बाहर करने का सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि इस सवाल का जवाब चयनकर्ताओं से पूछिए। मैं कौन होता हूं ? देखिए, हम जैसे लोगों को इस पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास यह जिम्मेदारी है, उन्हें ही जवाब देना चाहिए, मुझे लगता है कि वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं, हम हर किसी को खुश नहीं कर सकते।
टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है, यह ज्यादा जरूरी है : कपिल देव
कपिल देव ने कहा, आप किसी सिस्टम की आलोचना नहीं कर सकते, क्योंकि सिस्टम को बनाया ही ऐसे गया है, भारतीय क्रिकेट अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, यह ज्यादा जरूरी है। भारत के पूर्व कप्तान ने कहा कि मुझे लगता है कि चयनकर्ता, मैनेजर और कप्तान को ही खिलाड़ियों को चुनना होता है, हमारी पसंद-नापसंद मायने नहीं रखती, बल्कि यह मायने रखता है कि संगठन किस तरह की योजना बना रहा है।
नाम की वजह से टीम से बाहर, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने लगाया आरोप
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने मोहम्मद सिराज के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा था कि उनके नाम की वजह से उन्हें टीम से बाहर रखा गया। इमरान मसूद ने कहा था कि अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें टीम में जगह नहीं दी गई, उनका नाम 'सिराज' है, और शायद इसीलिए उन्हें जगह नहीं मिली, अगर अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी आप उन्हें नहीं चुन रहे हैं, तो यह साफ तौर पर भेदभाव है। हालांकि इसके बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इसे लेकर बयान दिया. उन्होंने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि हमारे देश में मौके योग्यता के आधार पर दिए जाते हैं, इसमें किसी के धर्म या जाति का कोई लेना-देना नहीं है। अगर किसी को ऐसा लगता है, तो यह सही नहीं है।