विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND-W vs ZIM-W: बतौर भारतीय कप्तान अपनी पहली सीरीज जीतने उतरेंगी स्मृति मंधाना, रायुपर में होगा दूसरा मुकाबला

Published: Sat, 17 Oct 2026 11:43 PM (IST)

भारत और जिंबाब्वे महिला के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला रविवार को रायपुर में होगा, जहां उसकी नजर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने पर होगी।

भारत महिला बनाम जिंबाब्वे महिला

भारत महिला बनाम जिंबाब्वे महिला

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

दीपक शुक्ला,नईदुनिया प्रतिनिधि,रायपुर। जिंबाब्वे के खिलाफ पहले टी-20 मुकाबले में मुश्किल से जीत हासिल करने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम रविवार को दूसरे मुकाबले में उतरेगी तो उसकी सबसे बड़ी चुनौती शीर्ष क्रम को संभालने की होगी।

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों की नजर बेहतर शुरुआत पर रहेगी।

पहले मैच में महज 19 रन पर चार विकेट गंवाने वाली टीम इंडिया इस बार शुरुआती झटकों से बचकर बड़ा स्कोर खड़ा करने की कोशिश करेगी। तीन मैचों की सीरीज में भारत 1-0 से आगे है। अब अजेय बढ़त के इरादे से उतरेगी।

पहले मैच की गलतियों से सबक लेने की चुनौती

सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजी की शुरुआत बेहद खराब रही थी। कप्तान स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, अनुष्का शर्मा और पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सकीं।

जिंबाब्वे की आफ स्पिनर न्याशा ग्वांजुरा ने पावरप्ले में तीन विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी क्रम को झकझोर दिया था। शुरुआती चार विकेट जल्दी गिरने से टीम पर हार का खतरा मंडराने लगा था।

हालांकि, इसके बाद पदार्पण मुकाबला खेल रहीं निकी प्रसाद और अनुभवी आलराउंडर दीप्ति शर्मा ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच 82 रन की निर्णायक साझेदारी ने भारत को मुश्किल से निकाला और टीम ने छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत ने भारतीय टीम को राहत जरूर दी, लेकिन शीर्ष क्रम की नाकामी ने दूसरे मुकाबले से पहले चिंता भी बढ़ा दी है।

आक्रामक क्रिकेट की रणनीति नहीं बदलेगा भारत

पहले मैच में मिली मुश्किल के बावजूद भारतीय टीम आक्रामक क्रिकेट खेलने की अपनी रणनीति पर कायम रहना चाहती है। दीप्ति शर्मा ने मुकाबले के बाद कहा था कि टीम का इरादा सकारात्मक और आक्रामक अंदाज में खेलने का था।

क्रिकेट में कभी-कभी परिस्थितियां विपक्षी टीम के पक्ष में चली जाती हैं, लेकिन हर मैच और हर पारी से सीखने की जरूरत होती है। दीप्ति को उम्मीद है कि पहले मुकाबले में जो गलतियां हुईं, अगले मैच में नहीं होगी।

स्मृति और शेफाली से बड़ी पारी की उम्मीद

कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल रहीं स्मृति मंधाना भी दूसरे टी-20 में बल्ले से योगदान देना चाहेंगी। उनके साथ शेफाली वर्मा से तेज शुरुआत की उम्मीद होगी। अनुष्का शर्मा और हरमनप्रीत कौर के लिए भी पिछले मैच की नाकामी से उबरकर उपयोगी पारियां खेलना अहम होगा।

भारतीय शीर्ष क्रम यदि शुरुआती ओवरों में टिककर खेलता है तो मध्यक्रम को खुलकर बल्लेबाजी करने का अवसर मिलेगा। दूसरी ओर, निकी प्रसाद ने पदार्पण मुकाबले में दबाव के बीच जिस संयम का परिचय दिया, उससे टीम को काफी भरोसा मिला है।

जिंबाब्वे की स्पिन गेंदबाजी से सतर्क रहना होगा

पहले मुकाबले में जिंबाब्वे ने पांच विकेट पर 114 रन बनाए थे। सलामी बल्लेबाज केलिस न्दलोवु और शार्ने मायर्स ने टीम के लिए उपयोगी योगदान दिया था। भारतीय गेंदबाजों ने लक्ष्य को सीमित रखने में अच्छा काम किया, लेकिन बल्लेबाजी में शुरुआती लड़खड़ाहट ने मुकाबले को रोमांचक बना दिया।

जिंबाब्वे की टीम दूसरे मैच में भी न्याशा ग्वांजुरा से ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। पावरप्ले में उनकी स्पिन गेंदबाजी ने भारतीय बल्लेबाजों की कमजोरी उजागर की थी। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों को स्पिन के खिलाफ बेहतर फुटवर्क, सही शाट चयन और संयम दिखाना होगा।

यह भी पढ़ें- IND vs WI: भारतीय टीम को इंद्र देव की मिली मदद, 7 साल का सिलसिला टूटने से बचा; सीरीज 2-2 से बराबर

यह भी पढ़ें- जैक फ्रेजर मैक्गर्क का कत्लेआम, 14 गेंदों में ठोकी फिफ्टी; वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्ड तोड़ने से चूके