विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs WI, 3rd T20 Playing-11: बुरी हार के बाद भारत बदलेगा टीम, इस ऑलराउंडर की जगह दिल्ली के गेंदबाज की होगी एंट्री!

Published: Sat, 10 Oct 2026 02:22 PM (IST)

भारतीय टीम तीसरे मुकाबले में बदलाव के साथ उतर सकती है। पिछला मैच भारत बुरी तरह हार गया था।

भारतीय टीम

भारतीय टीम

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क,नई दिल्ली। भारतीय गेंदबाजों की वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने दूसरे टी20 में जमकर कुटाई की। भारत 250 रन डिफेंड करने में नाकामयाब रहा, जिसके बाद अब तीसरे मुकाबले में प्लेइंग-11 में बदलाव देखने को मिल सकता है। दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की सीरीज का तीसरा मैच रविवार, 11 अक्तूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा।

भारतीय टीम इस मुकाबले में एक अतिरिक्त मुख्य गेंदबाज खिला सकती है। पिछले दो मुकाबलों में भारत ने तीन ऑलराउंडर्स खिलाएं हैं। हालांकि, टीम के बल्लेबाजों ने बल्ले से दोनों ही मैचों में कमाल किया, जिसकी वजह से हरफनमौला खिलाड़ियों की बल्लेबाजी में कोई खास जरुरत नहीं पड़ी।

इसके अलावा, भारत को बड़ा स्कोर डिफेंड करते वक्त एक मुख्य गेंदबाज की कमी महसूस हुई। ऐसे में टीम इंडिया शिवम दुबे की जगह आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज को प्लेइंग-11 में शामिल कर सकती है।

शिवम दुबे की जगह प्रिंस यादव को मिल सकता है मौका

वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी20 में शिवम दुबे की जगह दिल्ली के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को खिलाया जा सकता है। प्रिंस ने आईपीएल के दौरान बीच और अंतिम के ओवरों में अपनी शानदार गेंदबाजी से सभी को प्रभावित भी किया था। प्रिंस भारत के लिए छह टी20 मैच खेल चुके हैं. इस दौरान उन्होंने 9 विकेट चटकाए हैं।

बात करें दुबे की तो, एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में उन्होंने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया था. मगर वेस्टइंडीज के खिलाफ दोनों ही मैचों में वो कुछ खास नहीं कर पाए हैं। दूसरे मैच में उनको नंबर-चार पर बल्लेबाजी करने का मौका मिला था. मगर वो 10 गेंदों में सिर्फ सात रन बनाकर ही पवेलियन लौट गए.

इसके बाद गेंदबाजी में उन्होंने दो ओवर में 30 रन लुटा दिए। यही वजह है कि उनकी जगह प्रिंस को लाया जा सकता है। इसके अलावा होल्कर स्टेडियम भी हाई स्कोरिंग मुकाबलों के लिए जाना जाता है। ऐसे में अगर भारत को फिर से डिफेंड करना पड़ता है तो, उसे एक अतिरिक्त गेंदबाज होने से फायदा मिलेगा।

बल्लेबाजी क्रम में भारत नहीं करेगा बदलाव

भारतीय टीम बल्लेबाजी क्रम में शायद ही कोई बदलाव करे, क्योंकि टीम के लगभग सभी बल्लेबाज शानदार फॉर्म में हैं। संजू सैमसन ने पिछले मैच में शानदार अर्धशतक ठोका। इसके अलावा, अभिषेक शर्मा ने भी छोटी, मगर तेज तर्रार पारी खेली। हालांकि, टीम उनसे तीसरे मैच में बड़ी पारी की उम्मीद करेगी।

कप्तान श्रेयस अय्यर ने दोनों ही मैचों में शानदार प्रदर्शन किया. पहले मुकाबले में उन्होंने शतक ठोका, जबकि दूसरे मैच में उनके बल्ले से 40 रनों की तेज तर्रार पारी आई। ईशान किशन इस साल जबरदस्त फॉर्म में हैं। तिलक वर्मा ने भी पिछले मुकाबलो में वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। ऐसे में भारत का बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करना मुश्किल है।

गौरतलब है कि पांच मैचों की सीरीज इस समय 1-1 की बराबरी पर है. रविवार को दोनों टीमों की नजर मुकाबले को जीतकर सीरीज में बढ़त हासिल करने पर होगी। फैंस को एक बार फिर होल्कर स्टेडियम में हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है।

भारत की संभावित प्लेइंग-11

अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, मयंक यादव, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह।

यह भी पढ़ें- भारत-वेस्टइंडीज मैच के बाद इंदौर के लिए रवाना हुईं दोनों टीम, रांची एयरपोर्ट पर दिखा क्रिकेट फैंस का उत्साह

यह भी पढ़ें- एबी डिविलियर्स का नहीं कोई तोड़, 37 गेंदों पर शतक ठोक फिर जमाई धाक; ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के उड़ाए परखच्चे