एबी डिविलियर्स का नहीं कोई तोड़, 37 गेंदों पर शतक ठोक फिर जमाई धाक; ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के उड़ाए परखच्चे
एबी डिविलियर्स ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के खिलाफ सिर्फ 37 गेंदों पर तूफानी शतक जड़ा। उनकी ...और पढ़ें

एबी डिविलियर्स ने जमाया शतक

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एबी डिविलियर्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट को काफी पहले अलविदा कह दिया था, लेकिन आज भी उनकी बल्लेबाजी के चर्चे होते हैं। इस दिग्गज ने एक बार फिर अपनी धमाकेदार बैटिंग का नजारा पेश किया है। साउथ अफ्रीका के इस दिग्गज ने महज 37 गेंदों पर शतक ठोका है। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने ये काम किया है वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में।
इस लीग में साउथ अफ्रीका चैंपियंस का सामना ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस से था। इस मैच में डिविलियर्स ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी का जलवा एक बार फिर दिखाया और शतक ठोका। उनकी यह पारी साउथ अफ्रीका के लिए विजयी साबित हुई। ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट खोकर 209 रन बनाए थे। साउथ अफ्रीका ने 15.4 ओवरों में दो विकेट खोकर ही ये टारगेट हासिल कर लिया।
डिविलियर्स का तूफान
210 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम को यूं तो दूसरे ही ओवर में पहला झटका लग गया था। केन रिचर्डसन ने फाफ डु प्लेसी को महज पांच रनों के निजी स्कोर पर पवेलियन की राह दिखाई, लेकिन इसके बाद मैदान पर उतरे डिविलियर्स और इस बल्लेबाज ने आते ही अपने बल्ले से आग उगलनी शुरू कर दी। डिविलियर्स ने 37 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। उन्होंने कुल 40 गेंदें खेलीं और छह चौके, 11 छक्कों की मदद से नाबाद 111 रनों की पारी खेली। दूसरे सलामी बल्लेबाज रिचर्ड लेवी ने भी उनका बखूबी साथ दिया। दोनों ने मिलकर 127 रनों की साझेदारी की।
लेवी ने 29 गेंदों पर तीन चौके और पांच छक्कों की मदद से 62 रन बनाए। वह 139 के कुल स्कोर पर आउट हुए। इसके बाद जेपी ड्यूमिनी ने डिविलियर्स के साथ मिलकर टीम को जीत की दहलीज पार कराई।
शॉर्ट और वॉर्नर का कमाल
इससे पहले, ऑस्ट्रेलियाई चैंपियंस की तरफ से डी आर्सी शॉर्ट और कप्तान डेविड वॉर्नर ने तूफानी पारियां खेली और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया ने भी अपना पहला विकेट जल्दी खो दिया था। नौ रनों के निजी स्कोर पर उस्मान ख्वाजा पवेलियन लौट गए थे। फिर वॉर्नर और शॉर्ट ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 95 रन जोड़े। शॉर्ट ने 25 गेंदों पर सात चौके और पांच छक्कों की मदद से 66 रन बनाए। वॉर्नर ने 37 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 48 रन बनाए।
जो बर्न्स ने 25 गेंदों पर एक चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 38 रनों की पारी खेली। जोनाथन वेल्स ने 12 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 23 रन बनाए।
यह भी पढ़ें- तेंदुलकर नहीं विराट कोहली को बताया था महान! बयान पर बवाल बढ़ते ही एबी डी विलियर्स ने दी सफाई
