विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs ZIM 2nd T20I: वैभव सूर्यवंशी से फिर धमाके की उम्‍मीद, सीरीज पर कब्जा करने उतरेगा भारत

Published: Fri, 24 Jul 2026 06:27 PM (IST)

भारत और जिम्‍बाब्‍वे के बीच हरारे स्‍पोर्ट्स क्‍लब पर दूसरा टी20 इंटरनेशनल मैच खेला जाएगा। टीम इंडिया की कोशिश जीत दर्ज करके सीरीज अपने नाम करने की होगी।

भारत सीरीज जीतने की कोशिश करेगा

भारत सीरीज जीतने की कोशिश करेगा

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

प्रेट्र, हरारे। कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में अपनी पहली जीत से वापसी की राह पर अग्रसर भारत शनिवार को होने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले में अपनी जीत की लय बरकरार रखने की कोशिश करते हुए जिंबाब्वे के विरुद्ध अजेय बढ़त हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध होगा।

आयरलैंड (0-2) और इंग्लैंड (0-4) से हारने के बाद तीन बार के टी-20 विश्व कप विजेता भारत ने गुरुवार को तीन मैच की सीरीज के पहले मैच में हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करते हुए जिंबाब्वे को सात विकेट से हराकर 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।

यह जीत अहम

युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की 19 गेंदों में खेली गई 50 रन की पारी और मयंक यादव (2/18) की तूफानी गेंदबाजी ने भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि जिंबाब्वे ने हाल में अपने घरेलू मैदानों पर अच्छा प्रदर्शन किया था।

भारत ने सूर्यवंशी के अर्धशतक, इशान किशन के 35 रन और कप्तान अय्यर की 28 रन की नाबाद पारी की बदौलत छह ओवर और सात विकेट शेष रहते हुए 126 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर दिया।

ओपनर्स से धमाके की उम्‍मीद

दो साल पहले हरारे स्पोर्ट्स क्लब में अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत करते हुए अपने दूसरे ही मैच में ही शतक बनाने वाले अभिषेक शर्मा पहले मैच में नहीं चल पाए थे और वह उसकी भरपाई करने के लिए प्रतिबद्ध होंगे। सूर्यवंशी ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अर्धशतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी होने का रिकॉर्ड बनाया।

इस युवा बल्लेबाज को इससे काफी राहत मिली होगी, क्योंकि इंग्लैंड दौरे पर उन्हें विशेष रूप से शॉर्ट पिच गेंदों से निशाना बनाया जा रहा था। हालांकि, भारतीय टीम प्रबंधन बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से ज्यादा युवा तेज गेंदबाजी आक्रमण के सामूहिक प्रयास से खुश होगा। वीवीएस लक्ष्मण इस सीरीज मुख्य कोच की भूमिका निभा रहे हैं।

गेंदबाजों ने किया अच्छा प्रदर्शन

भारत ने परिस्थितियों से अच्छी तरह से तालमेल बिठाया। तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने भी इस मैच में अच्छा प्रदर्शन किया और 29 रन देकर दो विकेट लिए। अशोक शर्मा ने भी अपनी गति से प्रभावित किया लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।

लेकिन सबसे बड़ी उपलब्धि दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मयंक की शीर्ष स्तरीय क्रिकेट में सफल वापसी थी, जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण के बाद चोटिल के कारण लगभग दो साल मैदान से बाहर रहे।

पहले मैच में मयंक की गति और नियंत्रण दोनों ही बेहतरीन थे, जिसमें जिंबाब्वे के प्रमुख बल्लेबाज ब्रायन बेनेट को बाहर की तरफ स्विंग लेने वाली गेंद पर आउट करना महत्वपूर्ण था।

इस प्रकार हैं टीम

भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, शिवम दुबे, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, अशोक शर्मा, प्रिंस यादव, रवि बिश्नोई, मयंक यादव, यश ठाकुर।

जिम्बाब्वे: सिकंदर रजा (कप्तान), बेन करन, इनोसेंट काला, तादिवानाशे मारुमनी, डायोन मायर्स, तफदजवा त्सिगा (विकेटकीपर), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, ब्रैड इवांस, वेस्ले मधेवेरे, तनाका चिवांगा, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ब्लेसिंग मुजराबानी, रिचर्ड नगारवा, न्यूमैन न्यामहूरी।

यह भी पढ़ें- IND vs ZIM 2nd T20I Live Streaming: क्रिकेट फैंस ध्यान दें! सोनी-स्‍टार पर नहीं आएगा दूसरा T20I, नोट करें नया ठिकाना

यह भी पढ़ें- IND vs ZIM Playing 11: वैभव सूर्यवंशी दूसरे टी20 में भी मचाएंगे धमाल, इन 11 प्‍लेयर्स के साथ उतर सकते हैं श्रेयस अय्यर