विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs NZ: अभ्यास मैच नहीं खेलने के बावजूद पंत पर भरोसा बरकरार, टेस्ट सीरीज से पहले टीम मैनेजमेंट का बड़ा फैसला

By Abhishek TripathiEdited By: Praveen Kumar Mishra
Published: Tue, 17 Nov 2026 05:00 AM (IST)

चोट से उबरने के बाद ऋषभ पंत न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में वापसी कर रहे हैं। टीम प्रबंधन ने ...और पढ़ें

ऋषभ पंत

ऋषभ पंत

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

अभिषेक त्रिपाठी, जागरण, वेलिंगटन। दुनिया के सबसे हवादार शहर में टिके रहना बहुत कठिन काम है। कभी-कभी यहां इतनी तेज हवाएं चलती हैं कि लोग हवा के साथ बहने लगते हैं। दुनिया के सबसे दक्षिणी संप्रभु देश न्यूजीलैंड की राजधानी में हवाई जहाज भी डगमगाने लगते हैं। सोमवार को यहां 120-125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के कारण कई हवाई जहाज लैंड तक नहीं कर पाए।

कमेंटेटर साइमन डुल भी जिस हवाई जहाज में बैठे थे वह भी डगमगाते-डगमगाते लैंड हुआ। 1962 में यहां हॉकिंस हिल्स में 248 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली थीं। इसी जगह स्थित बेसिन रिजर्व मैदान में भारतीय टीम के पैर कभी टिक नहीं पाए और उसे यहां खेले पांचों टेस्ट मैच में हार का सामना करना पड़ा है।

ऋषभ पंत होंगे मुख्य विकेटकीपर

भारतीय टीम यहां पर अपनी पहली जीत के लिए तरस रही है और ऐसे में वह गुरुवार से शुरू हो रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में कुछ बड़े फैसले ले सकती है। 3-2 से टी-20 और 3-1 से वनडे सीरीज जीतने वाली भारतीय टीम यहां पर ऋषभ पंत को मुख्य विकेटकीपर के तौर पर उतारने की तैयारी में है। 1-4 अक्टूबर तक श्रीनगर में हुए ईरानी कप के मैच में चोट लगने के बाद से पंत ने एक भी घरेलू या अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। वह भारत-ए का मैच भी नहीं खेल पाए थे लेकिन भारतीय टीम प्रबंधन उनको पहले टेस्ट में उतारना चाहता है। टीम प्रबंधन को उनकी आतिशी बल्लेबाजी पर पूरा भरोसा है।

सोमवार को यहां वर्षा हुई। मंगलवार, बुधवार और मैच के पहले दिन भी वर्षा की पूरी संभावना है। यहां की पिच पहले ही तेज गेंदबाजों को मदद करती है। ऐसे में मैच के पहले दिन बारिश की संभावना ने परिस्थितियों को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। पहले टेस्ट में तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की संभावना के बीच भारतीय टीम प्रबंधन ऐसे बल्लेबाज को एकादश में शामिल करना चाहेगा, जो मुश्किल हालातों में भी तेजी से रन बना सके और इस भूमिका के लिए उनका भरोसा टीम में वापसी कर रहे स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पर बरकरार है।

टीम मैनेजमेंट की पंत पहली पसंद

भले ही पंत ने लंबे समय से क्रिकेट नहीं खेला है, लेकिन सूत्रों की मानें तो टेस्ट सीरीज में विकेटकीपर की भूमिका के लिए पंत ही प्रबंधन की पहली पसंद हैं। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में खेलने के अनुभव के कारण वह भारतीय टीम के लिए अहम साबित हो सकते हैं। प्रबंधन ऐसे बल्लेबाज को उतारना चाहता है जो तेजी से 60-70 रनों की पारी खेल सके, जो इस परिस्थितियों में काफी अहम हो सकती है।

पंत चोट से उबरने के बाद फिटनेस टेस्ट पास कर गुरुवार को भारतीय टेस्ट टीम से जुड़ चुके हैं। पंत को ईरानी कप में साइड स्ट्रेन की समस्या हुई थी। इसके बाद उन्हें न्यूजीलैंड दौरे से पहले भारत ए के मैच के लिए टीम में शामिल किया गया था, लेकिन फिटनेस और रिटर्न टू प्ले (आरटीपी) क्लीयरेंस नहीं मिलने के कारण वह मैदान पर नहीं उतर सके। इसके बाद पंत ने बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीईओ) में अभ्यास और मैच सिमुलेशन सत्र में हिस्सा लिया। फिटनेस आकलन पूरा करने के बाद उन्हें खेलने की मंजूरी मिली और वह 12 नवंबर को न्यूजीलैंड रवाना हो गए।

ऋषभ पंत ने शुरू किया अभ्यास

भारतीय टेस्ट टीम के सदस्यों ने 12 तारीख को यहां वैकल्पिक अभ्यास किया और 13, 14 को पूर्ण अभ्यास किया। वनडे टीम से रिलीज किए गए गुरनूर बराड़ और भारत से फिट होकर आए पंत ने शनिवार और सोमवार को अभ्यास किया। सोमवार को उन्होंने सबसे ज्यादा देर बल्लेबाजी की। टीम प्रबंधन का मानना है कि पंत की मौजूदगी भारतीय बल्लेबाजी को अलग आक्रामकता देती है। टेस्ट क्रिकेट में उनका अंदाज पारंपरिक बल्लेबाजी से अलग रहा है। वह तेजी से रन बनाने के साथ विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाने की क्षमता रखते हैं।

बारिश से प्रभावित या गेंदबाजों के अनुकूल परिस्थितियों में अगर भारतीय टीम को तेजी से रन बनाने की जरूरत पड़ती है, तो पंत उपयोगी साबित हो सकते हैं। वह कुछ ही ओवरों में मैच का रुख बदलने का माद्दा रखते हैं।

पंत को न्यूजीलैंड में खेलने का अनुभव

पंत के पक्ष में एक अहम बात यह भी है कि उन्हें न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट खेलने का अनुभव है। वह 2020 में भारतीय टीम के साथ न्यूजीलैंड दौरे पर गए थे। मौजूदा टीम में वह उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें वहां खेलने का अनुभव है। 29 वर्षीय पंत ने अब तक 52 टेस्ट मैचों में 3,725 रन बनाए हैं। उनके नाम आठ शतक और 21 अर्धशतक हैं तथा औसत 43 से अधिक का है।

पंत की आक्रामक शैली

पंत की आक्रामक बल्लेबाजी शैली की कई बार आलोचना भी हुई है, लेकिन उन्होंने अपने करियर में कई मौकों पर अहम पारियां खेलकर भारत को मुश्किल स्थितियों से निकाला है। ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में उनकी वापसी भारतीय टीम के लिए बड़ा विकल्प हो सकती है। ऐसे में पहले टेस्ट में भारतीय टीम केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरैल, नीतीश कुमार रेड्डी और रवींद्र जडेजा के साथ उतरेगी। रेड्डी और जडेजा ऑलराउंडर की भूमिका निभाएंगे। जसप्रीत बुमराह तेज गेंदबाजी की अगुआई करेंगे। आकाशदीप, प्रसिद्ध कृष्णा, अंशुल कंबोज और मोहम्मद सिराज में से कोई दो तेज गेंदबाज खेलेंगे।

यह भी पढ़ें- वनडे सीरीज में हार के बाद भारतीय तेज गेंदबाजों का न्यूजीलैंड में खौफ, हेड कोच ने बल्लेबाजों को दी चेतावनी

यह भी पढ़ें- SMAT 2026: सूर्यकुमार यादव का कहर जारी, गुजरात के खिलाफ चौकों-छक्कों की बरसात कर मुंबई को दिलाई जीत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।