'स्टुपिड, स्टुपिड, स्टुपिड' से 'ब्रिलियंट' तक का सफर! टेस्ट के बॉस ऋषभ पंत ने शतक जड़कर गावस्कर से बजवाईं तालियां; रच दिया नया इतिहास
ऋषभ पंत ने वेलिंगटन में शानदार शतक जड़कर सुनील गावस्कर को भी अपना मुरीद बना लिया, जो कभी उनके शॉट को 'स्टुपिड' कहते थे। चोट से उबरकर लौटे पंत ने 128 रन बनाए और SENA देशों में शतक लगाने वाले पहले एशियाई विकेटकीपर बनकर नया इतिहास रचा।

ऋषभ पंत

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अभिषेक त्रिपाठी, वेलिंगटन। स्टुपिड, स्टुपिड, स्टुपिड... ना, ना, ना, ब्रिलियंट, ब्रिलियंट, ब्रिलियंट कहिये जनाब। 2024 में बॉक्सिंग डे टेस्ट में मेलबर्न क्रिकेट मैदान में खराब परिस्थितियों में पंत के और ज्यादा खराब शॉट मारने के बाद कमेंट्री कर रहे सुनील गावस्कर ने कहा था स्टुपिड, स्टुपिड, स्टुपिड लेकिन रविवार को वही गावस्कर उनके लिए वेलिंगटन में तालियां बजा रहे थे।
टेस्ट में पंत क्या चीज हैं इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि लगभग डेढ़ महीने पहले वह ईरानी कप में चोटिल हो गए थे। उसके बाद से उन्होंने कोई भी मैच नहीं खेला था लेकिन भारतीय टीम प्रबंधन ने उन्हें वेलिंगटन में बिना ए मैच खिलाए भी उतारने का फैसला किया क्योंकि उन्हें पता था कि यह देशी कट्टा अगर समय में चल गया तो तोप के गोले से ज्यादा असरदार साबित होगा और ऐसा हुआ भी।
ऋषभ पंत ने छक्के के साथ पूरा किया शतक
उन्होंने मार चौके, मार छक्के कीवी गेंदबाजों का भूत उतार दिया। उन्होंने लॉन्ग ऑफ के ऊपर छक्का मारकर अपने टेस्ट करियर का नौवां शतक पूरा किया। वह कई बार 90 से 99 के बीच छक्का मारने की कोशिश में आउट हुए हैं लेकिन जो बदल जाए वह पंत कहां। उन्होंने 153 गेंदों पर आक्रामक 128 रन बनाए।
वह सेना देशों यानी दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में शतक लगाने वाले एशिया के पहले विकेटकीपर और भारत के छठे बल्लेबाज बन गए। इससे पहले केएल राहुल इन देशों में टेस्ट शतक लगाने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज बने। सचिन तेंदुलकर, मोहम्मद अजहरुद्दीन, राहुल द्रविड़ और विराट कोहली यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
पंत का खास अंदाज में जश्न
पंत ने इंग्लैंड के ओवल स्टेडियम में 2018 में और बर्मिंघम में 2022 में एक-एक और 2025 में लीड्स में दो शतक लगाए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में 2019 में सिडनी में 2022 में दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में शतक लगाया है। अब उन्होंने वेलिंगटन में यह कारनामा कर दिया। रविवार की सुबह जब बेसिन रिजर्व में पंत ने शतक लगाया तो उन्होंने न ही समरसॉल्ट लगाया और न ही जोश में मुट्ठियां हवा में लहराईं। उन्होंने अपना हेलमेट उतारा, आंखें बंद कीं, अपने बल्ले को चूमा और चुपचाप आसमान की ओर देखने लगे। जब उन्होंने यह किया तो मुझे शनिवार की वह घटना आ गई।
शनिवार को दर्शक दीर्घा में मैं सुनील गावस्कर के साथ बैठा था। उस समय करीब 14-15 साल का लड़का आया। उसने गावस्कर से ऑटोग्राफ लिया और उनके साथ फोटो खिंचवाई। इसके बाद उसने प्यार से कहा, सर क्या अब आप फिर पंत को स्टुपिड, स्टुपिड, स्टुपिड कहेंगे। वहां गावस्कर और उनके साथ बैठे हम सभी लोग मुस्कुरा दिए। शायद उस बच्चे को पता था कि पंत रविवार को ऐसा कमाल करेंगे जिससे उनके सभी आलोचक तालियां बजाने को मजबूर हो जाएंगे।
कठिन रहा न्यूजीलैंड का रास्ता
श्रीनगर में अक्टूबर की शुरुआत में ईरानी कप के दौरान शेष भारत एकादश की कप्तानी करते हुए पंत की पसलियों के पास की मांसपेशियों में खिंचाव हुआ। इस चोट के कारण उन्हें न्यूजीलैंड के भारत-ए दौरे से बाहर होना पड़ा। उनके दो टेस्ट मैचों की सीरीज में खेलने पर भी संशय खड़ा हुआ। जब उनके साथी न्यूजीलैंड के माहौल में ढल रहे थे तब वह बेंगलुरु में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में मेहनत कर रहे थे।
उन्होंने अपनी कोर स्ट्रेंथ और शरीर के लचीलेपन को फिर से बेहतर बनाने पर ध्यान दिया। उन्होंने 160 ओवर से ज्यादा विकेटकीपिंग के साथ बैटिंग ड्रिल की ताकि यह साबित हो सके कि वह पांच दिनों के टेस्ट क्रिकेट की कठिन चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। सीरीज शुरू होने से कुछ दिन पहले ही उन्हें खेलने की मंजूरी मिली और पंत वेलिंगटन पहुंचे। उन्होंने वेलिंगटन में टेस्ट टीम के साथ जमकर नेट अभ्यास किया।
कमाल की बल्लेबाजी
इसका फायदा उन्हें मिला भी। रुड़की में पैदा हुए और दिल्ली में गुरुद्वारे में रहकर क्रिकेट खेलने वाले पंत आज जिस जगह पहुंचे हैं वह किसी सपने से कम नहीं है। बेफिक्र अदा और आकर्षक बल्लेबाज वाला बाएं हाथ का यह बल्लेबाज सिर्फ एक अंदाज जानता है और वह है गेंद देखो और उस पर प्रहार करो। आईपीएल और सफेद गेंद के क्रिकेट का उतार-चढ़ाव भरा प्रदर्शन उनकी आलोचना का केंद्र है लेकिन यह विकेटकीपर टेस्ट का बॉस है।
टेस्ट के बॉस ऋषभ पंत
पिछले 16 टेस्ट मैचों की पारियों में उनके स्कोर 134, 111, 25, 65, 74, 9, 54, 27, 2, 7, 13, 81, 39, 66, 63 और 128 हैं। इन 16 पारियों में उन्होंने तीन शतक और छह अर्धशतक लगाए हैं। मैनचेस्टर में टूटे हुए पैर के साथ बनाए गए उनके 54 रनों की तुलना किसी से नहीं की जा सकती। उनका पार्किंग लॉट में पहुंचा छक्का भी कमाल का होता है और गिरते हुए पुल शॉट मारना भी धमाल होता है। कई बार बेवकूफाना शॉट मारकर वह आउट होते हैं लेकिन यही तो ऋषभ पंत है। पंत को आप पसंद कर सकते हो, नापसंद कर सकते हो लेकिन अनदेखा नहीं कर सकते हो।
ऋषभ पंत ने बनाए कई रिकॉर्ड्स
9 टेस्ट शतक पंत ने लगा लिए हैं। विकेटकीपरों में एडम गिलक्रिस्ट (17) और एंडी फ्लावर (12) ने उनसे ज्यादा बार ये कारनामा किया है। पंत के नौ में से सात शतक विदेशी मैदानों पर आए हैं। विकेटकीपरों में इस मामले में वह केवल गिलक्रिस्ट (10) से पीछे हैं।
108 छक्के पंत ने टेस्ट में लगाए हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैकुलम (107) को पीछे छोड़ दिया है। पंत से आगे बस सिर्फ इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स (138) हैं।
4 बार पंत ने छक्का लगाकर शतक पूरा किया है। वेलिंगटन से पहले उन्होंने तीन बार ऐसा इंग्लैंड के विरुद्ध किया था। 2018 में ओवल में, 2021 में अहमदाबाद में और 2025 में हेडिंग्ले में उन्होंने ऐसा किया था। केन बैरिंगटन ने भी चार बार छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया। इस सूची में केवल सचिन तेंदुलकर (छह बार) ही उनसे आगे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।