विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs NZ: जुरैल की जुझारू पारी से मैच का 'ध्रुव' बदला, WTC फाइनल की दौड़ के लिए कड़ा इम्तिहान

By Abhishek TripathiEdited By: Praveen Kumar Mishra
Published: Sun, 29 Nov 2026 08:22 PM (IST)

ध्रुव जुरैल की जुझारू 88 रनों की पारी ने भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में वापसी दिलाई, जिससे टीम ने 116/6 से 246 रन बनाए। अब न्यूजीलैंड 243 रनों की बढ़त पर है, और यह मैच दोनों टीमों के लिए WTC फाइनल की दौड़ में महत्वपूर्ण है।

ध्रुव जुरैल

ध्रुव जुरैल

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

अभिषेक त्रिपाठी, क्राइस्टचर्च। दो दिन तक ऐसा लग रहा था कि न्यूजीलैंड आराम से दूसरा टेस्ट जीत लेगी लेकिन रविवार को भारतीय बल्लेबाज ध्रुव जुरैल (88) छुट्टी के मूड में नहीं थे। वह खुद तो रन बना ही रहे थे, साथ ही नौवें, 10वें और 11वें नंबर के बल्लेबाजों से कह रहे थे कि तुम कर सकते हो। जब दूसरी टीम के गेंदबाज आप लोगों के सामने रन बनाते हैं तो कैसा लगता है, वैसा ही आज आप लोगों को कीवी गेंदबाजों को महसूस कराना है।

यही कारण रहा कि भारत के आखिरी तीन विकेटों के लिए 129 रन जोड़े। छह विकेट पर 116 रनों से शुरुआत करने वाली भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के विरुद्ध दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में 246 रन बनाए। भारतीय गेंदबाजों ने इसके बाद न्यूजीलैंड को दूसरी पारी में 133 रन बनाने के लिए 46 ओवर तक संघर्ष कराया, जिसमें उन्होंने न्यूजीलैंड के शीर्ष तीन विकेट भी चटकाए।

न्यूजीलैंड ने बनाई 243 रनों की बढ़त

तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड के पास 243 रनों की बढ़त है। भारतीय टीम चौथे दिन न्यूजीलैंड के बचे सात विकेट जल्दी लेना चाहेगी जबकि पांचवें दिन बारिश की संभावना को देखते हुए मेजबान टीम के खेमे में यह कन्फ्यूजन होगा कि ज्यादा देर तक बल्लेबाजी करें या 350 का लक्ष्य देकर मैच जीतने की कोशिश करें। हालांकि ये रिस्क होगा क्योंकि क्राइस्टचर्च के हेगले मैदान में चौथी पारी में रन बनाना आसान हो जाता है।

न्यूजीलैंड के लिए जीत जरूरी

डब्ल्यूटीसी फाइनल की दौड़ में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका से आगे निकलने के लिए न्यूजीलैंड के लिए यह जीत जरूरी है जबकि भारत दौड़ में बने रहने के लिए हर हाल में जीत चाहिए। अगर भारत इस मैच को ड्रॉ कराता है तो वह डब्ल्यूटीसी फाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो जाएगा। हालांकि वह ऐसी भारतीय टीम बन जाएगी जो न्यूजीलैंड के किसी दौरे पर कोई भी सीरीज नहीं हारकर घर वापस जाएगी।

जुरैल का कमाल

जुरैल ने अपने छोटे से करियर में तीसरी बार नौवें, 10वें और 11वें नंबर के बल्लेबाजों के साथ मिलकर 50 या उससे ज्यादा रन जोड़े। यही कारण था कि सिर्फ 117 रन पर सात विकेट गिरने के बावजूद भारतीय टीम ने पहली पारी में वापसी की और न्यूजीलैंड को पहली पारी के आधार पर सिर्फ 110 रनों की बढ़त लेने दी। पहली पारी में पांच विकेट लेने वाले आकाश दीप ने 29 रनों का योगदान देते हुए जुरैल के साथ आठवें विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी की।

कीवी गेंदबाजों की दो घातक गेंदें उनके हेलमेट पर लगीं जिसके कारण वह बाद में आउट भी हुए। बाद में उनमें 'कन्कशन' (सिर की चोट से जुड़े लक्षण) के लक्षण दिखे, जिसके कारण उन्हें टेस्ट मैच से बाहर होना पड़ा। न्यूजीलैंड की दूसरी पारी में भारत को आकाश दीप की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को कन्कशन सब्स्टीट्यूट लेने को मजबूर होना पड़ा। अगर आकाश दीप के चोट नहीं लगी होती तो न्यूजीलैंड की हालत अब तक खराब हो गई होती।

प्रसिद्ध कृष्णा से भारत को उम्मीद

आकाश दीप से काफी उम्मीदें थीं लेकिन चोट के कारण अब प्रसिद्ध के भरोसे बैठना होगा। दिन की शुरुआत सात रन से करने वाले जुरैल ने नौवें विकेट के लिए गुरनूर बराड़ के साथ 64 रनों की साझेदारी की। इसमें बराड़ का योगदान सिर्फ 10 रन का था, लेकिन उन्होंने 46 गेंदों तक डटकर सामना किया। इस दौरान उन्हें गले के ठीक नीचे एक जोरदार चोट भी लगी। पारी के 80 ओवर होने के बाद न्यूजीलैंड को जैसे ही नई गेंद मिली वैसे ही जेमीसन ने बराड़ को बेहतरीन गेंद पर बोल्ड कर दिया। बराड़ ने उस गेंद को छोड़ा लेकिन गेंद ने उनके डंडे को नहीं।

इसके बाद जुरैल ने बुमराह के साथ आखिरी विकेट के लिए 19 रनों की साझेदारी की। 14 बेहतरीन चौके मारने वाले जुरैल की पारी का अंत भी जेमीसन ने किया। जेमीसन ने साबित कर दिया कि नई गेंद से उनकी सीम मूवमेंट और अतिरिक्त उछाल के सामने सेट बल्लेबाज भी टिक नहीं सकते। उन्होंने अपनी टीम की तरफ से सबसे ज्यादा चार विकेट लिए।

बुमराह को मिला विकेट

296 गेंदों तक बिना विकेट लिए यहां गेंदबाजी कर रहे भारत के स्ट्राइक गेंदबाज बुमराह के लिए रविवार खुशियों वाला रहा। न्यूजीलैंड में अपने टेस्ट करियर में विकेटों का सबसे लंबा सूखा झेलने के बाद कीवी कप्तान टॉम लाथम को निपटा दिया। यह तीसरी बार था जब उन्होंने लाथम को आउट किया। वेलिंगटन में दूसरी पारी में लाथम ही उनका आखिरी विकेट था और उसके 296 गेंद बाद बुमराह को लाथम का ही विकेट मिला।

डेवोन कॉन्वे की शानदार बल्लेबाजी

चाय के समय तक न्यूजीलैंड ने नौ ओवर में एक विकेट पर 40 रन बना लिए थे। चाय के बाद बुमराह ने हेनरी निकोल्स का विकेट लिया। पहली पारी में कैच छोड़ने वाले केएल राहुल ने दूसरी पारी में भी एक कैच छोड़ा। क्षेत्ररक्षण इस भारतीय टीम की सबसे बड़ी समस्या बनकर उभरी है। हालांकि दूसरे छोर पर ओपनर डेवोन कॉन्वे टिककर बल्लेबाजी कर रहे थे। जब पिच पर गेंद थोड़ा स्विंग करे, उसमें सीम हो तो कॉन्वे अपना वह हिस्सा दिखाते हैं जो सामने वाली टीम के गेंदबाज देखना नहीं चाहते।

यशस्वी जायसवाल ने पकड़ा बेहतरीन कैच

उन्होंने शरीर पर कम से कम तीन बार गेंद लगने और घुटने के दर्द के बावजूद रन बनाने के तरीके खोज निकाले। 97 गेंदों पर 51 रन की अपनी पारी के दौरान वे काफी समय तक दर्द से जूझते रहे। ओवर रेट बेहतर करने के लिए टीम में रखे गए ऑफ स्पिनर ने बढ़िया गेंदबाजी की। उनकी थोड़ी वाइड और हवा में फेंकी गेंद पर जोर से प्रहार करने की कोशिश में कॉन्वे आउट हो गए।

पिछले साल कई कैच छोड़ने वाले यशस्वी जायसवाल ने इस मैच में अपना दूसरा शानदार कैच पकड़ा। उन्होंने बैकवर्ड प्वाइंट से पीछे की ओर दौड़ते हुए डाइव लगाई और अपने बाएं हाथ से गेंद को लपक लिया। जहां एक तरफ भारतीय क्षेत्ररक्षक कैच छोड़ रहे थे तो वहीं जैस्सू का यह कैच सुकून देने वाला रहा। दिन का खेल खत्म होने तक रचिन रवींद्र और मिचेल क्रीज पर डटे थे।

यह भी पढ़ें- साउथ एशिया ने जीता पहला 'टेस्ट ट्वेंटी' खिताब, विराट कोहली के भांजे ने गेंद से किया कमाल

यह भी पढ़ें- IND vs NZ: भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट मैच में चौथे और पांचवें दिन कैसा रहेगा पिच का मिजाज? टीम इंडिया के लिए जगी उम्मीद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।