विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs NZ: कैच ड्रॉप, खराब शॉट और उम्मीदें ध्वस्त; भारतीय खिलाड़ियों के लचर प्रदर्शन से बिखरता WTC फाइनल का सपना

By Abhishek TripathiEdited By: Priyanshu Tiwari
Published: Sun, 29 Nov 2026 12:44 AM (IST)

भारतीय खिलाड़ियों के खराब प्रदर्शन की वजह से टीम इंडिया के डबल्यूटीसी फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगता दिखाई दे रहा है।

भारतीय खिलाड़ियों का खराब प्रदर्शन (फोटो-BCCI)

भारतीय खिलाड़ियों का खराब प्रदर्शन (फोटो-BCCI)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण, क्राइस्टचर्च। जब हेगले ओवल में भारतीय गेंदबाज अपना जौहर दिखा रहे थे तो 22 गज की पट्टी पर कुछ बाउंस नजर आ रहा था लेकिन जब न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने गेंद पटकना शुरू किया तो ऐसा लगा कि यहां तबाही आ जाएगी।

भारतीय बल्लेबाजों ने कभी रुककर तो कभी ऊटपटांग शॉट मारकर इस सतह पर अपना बचाव करने की कोशिश की लेकिन दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम पर फालोऑन का खतरा मंडराने लगा है।

पहले फील्डिंग बाद में बल्लेबाजी खराब

भारतीय क्षेत्ररक्षकों ने पहले कैच छोड़ छोड़कर न्यूजीलैंड की पारी को 356 रन पर पहुंचने में मदद की उसके बाद हमारे बल्लेबाजों ने कई खराब शॉट खेलकर 116 रन पर छह विकेट गंवा दिए।

भारतीय टीम को फालोआन बचाने के लिए 41 रन और बनाने हैं। क्रीज पर ध्रुव जुरैल के साथ गेंदबाज आकाश दीप हैं।

आखिरी चार विकेट का कमाल

न्यूजीलैंड ने शनिवार को पांच विकेट पर 246 रन से आगे खेलना शुरू किया। एक रन जुड़ते ही ग्लेन फिलिप्स आउट हुए तो लगा कि भारतीय गेंदबाज न्यूजीलैंड की पारी को जल्दी समेट देंगे लेकिन हर विपक्षी निचले क्रम को हमने अपने विरुद्ध रन बनाने का लाइसेंस दे रखा है।

यहां भी न्यूजीलैंड ने आखिरी चार विकेट के लिए 109 रन जोड़ डाले। पिच पर तेज उछाल और सीम का अच्छा मूवमेंट मिल रहा था। अंशुल कंबोज ने फिलिप्स को एक ऐसी गेंद पर आउट किया। इसे खेलना नामुमकिन था।

फिलिप्स अपने शुक्रवार के स्कोर में एक भी रन नहीं जोड़ सके। हालांकि टाम ब्लंडेल ने सातवें, आठवें और नौवें विकेट के लिए क्रमशः 44, 33 और 42 रन की साझेदारी की। भारत ने मैट हेनरी के तीन कैच छोड़े। इस बीच आकाश दीप पांच विकेट लेकर भारत की तरफ से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे।

वहीं भारतीय गेंदबाजी के धुरंधर जसप्रीत बुमराह दो नई गेंदों के इस्तेमाल के बावजूद कोई विकेट नहीं ले पाए। वह इस दौरे में पिछले 45.4 ओवर में कोई विकेट नहीं ले पाए हैं।

विकेट को लेकर यह उनके टेस्ट करियर का दूसरा सबसे लंबा सूखा है। हालांकि इस दौरान कई बार बल्लेबाजों को आउट करने के मौके बने लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। इस मैच में दोनों टीमों से अब तक कुल नौ गेंदबाजों ने गेंदबाजी की है जिसमें सिर्फ बुमराह ही ऐसे हैं जिन्हें कोई विकेट नहीं मिला।

भारत का हाल खराब

एक तरफ न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 116.3 ओवर बल्लेबाजी की तो वहीं भारत ने 46 ओवर में ही छह विकेट गंवा दिए हैं। पारी के पहले ही ओवर में मैट हेनरी ने एक शानदार गेंद पर यशस्वी जायसवाल का ऑफ स्टंप उखाड़ दिया।

हेनरी ने जायसवाल को शॉट लगाने को मजबूर करने के लिए पांच गेंदें लीं। राउंड द विकेट से छठी गेंद फेंक रहे हेनरी ने एंगल के विपरीत सीम कराकर ऑफ स्टंप उखाड़ दिया। इस गेंद पर जायसवाल का बचना नामुमकिन था।

इसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने कीवी गेंदबाजों से बचने के लिए आक्रामकता दिखाने की कोशिश की जो लापरवाही में तब्दील हो गई। भारतीय बल्लेबाजों ने लापरवाही भरे शॉट खेलकर न्यूजीलैंड को विकेट तोहफे में दे दिए। एक तरफ भारत की ओर से सिर्फ आकाश दीप ही खतरनाक लग रहे थे तो दूसरी ओर न्यूजीलैंड के लिए हेनरी, काइल जैमीसन, जैकब डफी और नाथन स्मिथ जादुई स्पैल करने को आमादा थे।

एक चौका और एक छक्का मारकर खुश लग रहे पडिक्कल जेमिसन की उछालभरी गेंद पर ड्राइव लगाने गए। वह हादसे का शिकार हुए और पवेलियन की तरफ निकल पड़े।

गेंद की मूवमेंट से बचने के लिए कप्तान शुभमन गिल क्रीज से आगे खड़े थे और गेंद छूटते ही उसे खेलने की कोशिश कर रहे थे। कुछ देर तो उन्हें सफलता मिली लेकिन जेमिसन ने उन्हें दूसरी स्लिप पर पकड़वाया। पडीक्कल और गिल के शाट वाहियात थे।

पंत नहीं सुधरेंगे

मेलबर्न और गुवाहाटी के बाद क्राइस्टचर्च में भी विकेटकीपर पंत नहीं सुधरे। जब उनकी और केएल राहुल की साझेदारी बन रही थी, जब भारत को एक अदद साझेदारी की जरूरत थी तब भारत के स्कोरबोर्ड में सिर्फ 96 रन जुड़े थे तब पंत फिर आगे निकलकर शॉट मारने की कोशिश में लपके गए।

शनिवार को क्रीज पर उतरते ही उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर ऐसा किया लेकिन चूक गए। इस पारी में उन्होंने चार बार ऐसा किया। इसमें दो में चूके, एक में छक्का लगा और आखिरी बार कैच आउट हो गए। पिछले मैच में एक पारी में 201 रन देने वाले डफी ने उनको आउट किया।

2018 में टेस्ट पदार्पण करने वाले पंत तेज गेंदबाजों के विरुद्ध आगे बढ़कर खेलते हुए आउट होने वाले खिलाड़ियों में सबसे ऊपर हैं। वह सात बार ऐसा करके आउट हुए हैं। 2021 में साउथेंप्टन में डब्ल्यूटीसी फाइनल में, 2022 में जोहानिसबर्ग में और पिछले साल गुवाहाटी में वह ऐसे ही आउट हुए थे।

ऐसा कई बार हुआ है जब पंत के टिके रहने की जरूरत थी तब वह गैरजिम्मेदार तरीके से आउट हुए। इसको लेकर उनकी कई बार आलोचना हो चुकी है लेकिन वह मानते नहीं।

राहुल भी कम नहीं

राहुल भी खराब शॉट ही खेलकर आउट हुए। 79 गेंदें आराम से खेलने वाले राहुल को पता नहीं क्या हुआ कि वह डफी की अगली गेंद पर आक्रामक चौका मारने के चक्कर में आउट हो गए। इस शॉट की कतई जरूरत नहीं थी।

इसके बाद जुरेल और वाशिंगटन ने आराम से खेलना शुरू किया। हालांकि यहां के उछाल से तालमेल बैठाने में जुरैल को बहुत दिक्कत हुई। फिर भी 104 रन पर पांच विकेट गिरने के बाद उन्होंने वाशिंगटन के साथ 15.1 ओवर तक बल्लेबाजी की।

इस दौरान सिर्फ 12 रन जुड़े। जब दिन की आखिरी गेंद थी तो सुंदर घबरा गए। उनके आउट होते ही दिन का खेल खत्म हो गया। भारत अभी भी 240 रन पीछे है और उसके पास चार विकेट बचे हैं।

भारत के लिए अब डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहुंचना लगभग नामुमकिन है लेकिन अगर वह यह टेस्ट बचा लेता है तो भारतीय टीम न्यूजीलैंड से कोई भी सीरीज बिना हारे स्वदेश लौटेगी। भारत ने यहां टी-20 और वनडे सीरीज जीती है। भारतीय टीम पहला टेस्ट भी ड्रॉ कराने में सफल रही थी।

यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी की इस खासियत के मुरीद हुए इंग्‍लैंड के पूर्व कप्‍तान कुक, बोले - 'उम्‍मीद है कि जल्‍द ही टेस्‍ट क्रिकेट में उसे...'

यह भी पढ़ें- Mushfiqur Rahim ने अपना आखिरी अंतरराष्‍ट्रीय मैच खेलने का समय कर लिया तय, बदल जाएगा बांग्‍लादेश का टेस्‍ट इतिहास

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।