विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी की इस खासियत के मुरीद हुए इंग्‍लैंड के पूर्व कप्‍तान कुक, बोले - 'उम्‍मीद है कि जल्‍द ही टेस्‍ट क्रिकेट में उसे...'

By DR. Omprakash AdhlakhaEdited By: Abhishek Nigam
Published: Sat, 28 Nov 2026 08:40 PM (IST)

इंग्‍लैंड के पूर्व कप्‍तान एलिस्‍टर कुक ने उम्‍मीद जताई कि वो भविष्‍य में वैभव सूर्यवंशी को टेस्‍ट क्रिकेट खेलते हुए भी देखेंगे। कुक ने कहा कि वैभव के शॉट चुनने की क्षमता उन्‍हें खास बनाती है। 

वैभव सूर्यवंशी

वैभव सूर्यवंशी

HighLights

  1. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान सर एलिस्टर कुक भी वैभव की छक्के लगाने की क्षमता के हैं मुरीद

  2. गेंद की रफ्तार और दिशा भांपकर पलभर में शॉट चुनने की क्षमता बनाती है वैभव को खास

डॉ. ओमप्रकाश अदलखा, जागरण पटौदी। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी दुनियाभर के दिग्गजों को प्रभावित कर रही है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान सर एलिस्टर कुक भी वैभव की छक्के लगाने की क्षमता के मुरीद हैं।

उन्होंने कहा कि वैभव जिस तरह बिना पहले से शॉट तय किए गेंद की रफ्तार और दिशा को भांपकर छक्का लगाते हैं, वैसी क्षमता उन्होंने पहले कभी नहीं देखी।

कुक शनिवार को गुरुग्राम स्थित क्वीन एलिजाबेथ स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ क्रिकेट खेला और उन्हें बल्लेबाजी की बारीकियां सिखाईं। विद्यार्थियों और अभिभावकों से संवाद के साथ मीडिया से बातचीत में उन्होंने वैभव की बल्लेबाजी के बदलते अंदाज पर भी अपनी राय रखी।

वैभव की बल्लेबाजी पर चर्चा करते हुए कुक ने कहा कि उनके दौर में बल्लेबाज छक्का लगाने के लिए पहले से शॉट तय करते थे। इसके लिए गेंद का एक निश्चित दिशा में आना जरूरी होता था। पिछले पांच वर्षों में बल्लेबाजी का अंदाज काफी बदल गया है।

अब बल्लेबाज 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आती गेंद पर भी उसी क्षण फैसला लेकर छक्का लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैभव सूर्यवंशी की सबसे बड़ी खासियत गेंद को देखकर तुरंत शॉट का चयन करना है।

उनकी बल्लेबाजी में जिस तरह की सहजता और आक्रामकता दिखाई देती है, वह उन्हें दूसरे बल्लेबाजों से अलग बनाती है। कुक ने उम्मीद जताई कि वैभव भविष्य में टेस्ट क्रिकेट में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में बनाएंगे 500 रन, दिग्‍गज क्रिकेटर ने की भविष्‍यवाणी

यह भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी ने युवराज सिंह को बताई समस्या, 30 मिनट की कॉल पर युवी ने दिया 'गुरूमंत्र'; फिर आया ऐतिहासिक दोहरा शतक-Video

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।