वैभव सूर्यवंशी टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में बनाएंगे 500 रन, दिग्गज क्रिकेटर ने की भविष्यवाणी
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स में यूएई के खिलाफ 52 गेंदों पर दोहरा शतक जड़कर सनसनी मचा दी है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने भविष्यवाणी की है कि वैभव टेस्ट क्रिकेट में एक पारी में 500 रन बनाएंगे।

वैभव सूर्यवंशी (फोटो: BCCI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से सनसनी मचा दी है। उन्होंने एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में यूएई के खिलाफ मात्र 52 गेंदों पर दोहरा शतक लगाया। अब वैभव को लेकर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने बड़ी भविष्यवाणी की है। पीटरसन का कहना है कि वैभव टेस्ट क्रिकेट एक ही पारी में 500 रन बनाएंगे।
सूर्यवंशी ने लिस्ट-ए क्रिकेट में 52 गेंदों पर दोहरा शतक लगाकर सोच की सभी सीमाओं को तोड़ दिया है। ऐसे में पीटरसन ने उनको लेकर बड़ा दावा किया है। पूर्व इंग्लिश कप्तान ने दावा किया है कि वैभव टेस्ट क्रिकेट में एक पारी में 500 रन बनाएंगे। गौरतलब हो कि टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में अब तक कोई भी बल्लेबाज ये कारनामा नहीं कर सका है। टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के पूर्व महान बल्लेबाज ब्रायन लारा के नाम पर दर्ज है।
वैभव सूर्यवंशी को लेकर केविन पीटरसन ने किया दावा
पूर्व इंग्लिश कप्तान ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "उम्मीद है कि वैभव अगले पांच साल में टेस्ट क्रिकेट में 500 रन बनाएगा।" उनकी ये टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब सूर्यवंशी ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स में 50 ओवर के मैच में 52 गेंदों पर दोहरा शतक जड़ दिया। उन्होंने यूएई के खिलाफ खेलते हुए 53 गेंदों पर 204 रनों की पारी खेली, जिसमें सात चौके और 28 छक्के शामिल रहे।
इस दौरान सूर्यवंशी ने लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने एक पारी में सबसे अधिक 23 छक्के लगाने के रिकॉर्ड को भी ध्वस्त कर दिया। वैभव ने अपनी पारी में 28 छक्के जड़े, जो लिस्ट-ए क्रिकेट में एक पारी में किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाया गया सबसे अधिक है।
वैभव ने पारी को लेकर खोला था राज
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में वैभव पहले दो मैचों में फ्लॉप रहे थे। वे बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे। पाकिस्तान-ए के खिलाफ भी उनका बल्ला नहीं चला था। ऐसे में यूएई के खिलाफ होने वाले मैच से पहले वैभव ने पूर्व दिग्गज भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह से आधे घंटे तक फोन पर बात की थी। इसके बाद 15 वर्षीय खिलाड़ी ने तहलका मचा दिया और दोहरा शतक जड़ दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।