वैभव सूर्यवंशी ने युवराज सिंह को बताई समस्या, 30 मिनट की कॉल पर युवी ने दिया 'गुरूमंत्र'; फिर आया ऐतिहासिक दोहरा शतक-Video
वैभव सूर्यवंशी ने दोहरा शतक लगाने के बाद खुलासा किया है कि उन्होंने मैच से पहले युवराज सिंह से लगभग आधे घंटे तक बात की थी। इसके बाद वैभव ने मैदान पर तबाही मचा दी।
-1795586245716_m.webp)
वैभव सूर्यवंशी को युवराज ने दिया था गुरुमंत्र

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वैभव सूर्यवंशी ने मंगलवार को एसीसी मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में तहलका मचा दिया। उन्होंने सिर्फ 52 गेंदों में ही दोहरा शतक ठोक दिया। वो 53 गेंदों में 204 रन बनाकर आउट हुए। वैभव ने अपनी पारी में सात चौके और 28 छक्के लगाए।
वैभव का इस मैच से पहले प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। मगर यूएई के खिलाफ उन्होंने पिछले दो मैचों की भी कसर पूरी कर दी। वैभव की इस पारी के पीछे पूर्व भारतीय खिलाड़ी युवराज सिंह का बहुत बड़ा हाथ रहा। वैभव ने मैच के बाद खुलासा किया कि उन्होंने मुकाबले से पहले युवराज से आधे घंटे तक बात की थी।
वैभव ने की थी युवराज से बात
बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वैभव ने बताया कि लगातार खराब प्रदर्शन के बाद उन्होंने युवराज से बात की। वैभव ने अपनी समस्याओं के बारे में युवराज को बताया, जिसके बाद पूर्व खिलाड़ी ने 30 मिनट की बातचीत में सूर्यवंशी को बहुत कुछ चीजें समझाईं।
वैभव ने बताया, 'कल मैंने चार लोगों से बात की थी। उसमें से एक मेरे पापा थे। दूसरे मेरे बचपन के कोच मनीष ओझा और तीसरा मेरा दोस्त प्रथम था। चौथे शख्स युवराज सिंह थे। मैंने उनसे लगभग आधे घंटे तक बात की। मैं बहुत परेशान था तो उन्होंने मुझे बैटिंग को लेकर बहुत कुछ बताया और मुझे बैटिंग के कुछ पहलुओं के बारे में समझने में मदद की।'
वैभव ने आगे बताया, 'मैंने खुलकर उन्हें बताया कि बैटिंग करते वक्त मुझे क्या समस्या आ रही थी। उन्होंने मुझे 30 मिनट की बातचीत में धैर्यपूर्वक सारी बातें समझाईं। उन्होंने मुझसे यह भी कहा कि अगर तुम बेसबाल खेलते तो तुम्हारा स्कोर अलग ही होता। इसके अलावा, उन्होंने टेक्निकल बातें भी बताई, जिससे मुझे आज मैच में बहुत मदद मिली।'
View this post on Instagram
सलाह के बाद सुधार लाकर खेली ऐतिहासिक पारी
सूर्यवंशी ने बताया कि युवराज हमेशा से उनके आइडल रहे हैं। ऐसे में युवराज ने उन्हें, जो भी बताया, वैभव ने उसे ध्यान से सुना और अपनी गलतियों को सुधारकर ऐतिहासिक पारी खेली।
सूर्यवंशी ने बताया, 'मैने युवराज सिंह से बात की, जो हमेशा से मेरे आइडल रहे हैं। आप जब अपने आइडल से बात करते हैं तो आप बहुत ध्यान से उनकी हर बात सुनते हैं। मैंने उनकी सलाह को ध्यान से सुना और उन्होंने कुछ बारीक चीजें मुझे बताई। बाद में मैंने अपनी बल्लेबाजी का वीडियो देखा और महसूस किया कि मैं गलती कर रहा था। इसलिए आज मैंने अपनी बल्लेबाजी में ठीक किया, जो युवराज ने एक-दो सलाह दिया उसे भी लागू किया।'
बता दैं कि वैभव की दमदार पारी की वजह से इंडिया ए ने 250 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 14.2 ओवर में ही हासिल कर लिया। भारत ने इस जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बना ली, जहां उसका सामना श्रीलंका ए के साथ होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।