IND vs NZ: भारत के खिलाफ आखिरी दो वनडे के लिए न्यूजीलैंड ने बदली अपनी टीम, खतरनाक पेसर को स्क्वाड में किया शामिल
न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ आखिरी दो वनडे मैचों के लिए अपनी टीम में बदलाव किए हैं, जिसमें तेज गेंदबाज ब्रेट रैंडेल को पहली बार शामिल किया गया है।

ब्रेट रैंडेल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के खिलाफ आखिरी दो वनडे मैचों के लिए न्यूजीलैंड ने अपनी टीम में बदलाव किया है। उन्होंने तेज गेंदबाज ब्रेट रैंडेल को अपने साथ जोड़ा है। उन्हें पहली बार राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा पांचवें वनडे मैच के लिए जोश क्लार्कसन भी टीम के साथ जुड़ेंगे। इससे पहले वे कीवी टीम के लिए खेल चुके हैं और कई चोटों के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथा वनडे मैच शुक्रवार, 13 नवंबर को खेला जाएगा। सीरीज में टीम इंडिया 2-0 से आगे है। तीसरा मैच बारिश की वजह से रद हो गया था और अब चौथे मैच में अगर भारतीय टीम जीत दर्ज करती है, तो वे सीरीज अपने नाम कर लेंगे। दूसरी तरफ मिचेल सैंटनर की कप्तानी वाली टीम आखिरी दोनों मुकाबले जीतकर सीरीज को बराबरी पर समाप्त करना चाहेगी। इससे पहले उन्होंने टीम में बदलाव किए हैं।
ब्रेट रैंडेल न्यूजीलैंड की टीम में शामिल
ब्रेट रैंडेल को न्यूजीलैंड ने चौथे और पांचवें वनडे मैच के लिए अपनी टीम के साथ जोड़ा है। 31 वर्षीय गेंदबाज ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर टीम में जगह बनाई है। उन्होंने अब तक 55 लिस्ट ए मैच खेले हैं, जिसमें 100 विकेट अपने नाम किए हैं। इस दौरान उन्होंने चार बार 5 विकेट हॉल भी प्राप्त किए हैं। पेसर के भारत के खिलाफ इस सीरीज में डेब्यू करने की उम्मीद है।
जोश क्लार्कसन भी टीम में शामिल
कई चोटों से उबरने के बाद जोश क्लार्कसन टीम में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने अब तक कीवी टीम के लिए छह वनडे मैच खेले हैं। क्लार्कसन ने राष्ट्रीय टीम के लिए आखिरी मैच इसी साल अप्रैल में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था। न्यूजीलैंड ने अपने तेज गेंदबाजी में धार लाने के लिए उन्हें पांचवें वनडे के लिए टीम में शामिल किया है।
चौथे वनडे के लिए न्यूजीलैंड की टीम
मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिच हे (विकेटकीपर), मैट हेनरी, काइल जैमीसन, निक केली, ब्रेट रैंडेल, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), विल यंग।
पांचवें वनडे के लिए न्यूजीलैंड की टीम
मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जोश क्लार्कसन, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिच हे (विकेटकीपर), निक केली, ब्रेट रैंडेल, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर, विल यंग।
यह भी पढ़ें- 'जान बची तो लाखों पाए', जब बिशन सिंह बेदी ने विंडीज के 'खून-खराबे' के डर से डिक्लेयर कर दी थी पारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।